वंदे भारत ट्रेन के वड़े में निकला जंग लगा बोल्ट, IRCTC ने मांगी माफी, लोगों ने कहा- ‘बोल्ट वड़ा’

जयपुर

Vande Bharat Train Food Quality :  नई दिल्ली। वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री को नाश्ते में दिए गए वड़े के अंदर जंग लगा लोहे का बोल्ट मिला। यात्री ने इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कर रेलवे और आईआरसीटीसी से शिकायत की। मामला सामने आने के बाद आईआरसीटीसी ने असुविधा के लिए माफी मांगी और संबंधित कैटरिंग ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी दी।

वंदे भारत के नाश्ते में मिला जंग लगा बोल्ट

यह घटना बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की बताई जा रही है। ट्रेन में यात्रा कर रहे समर्थ कोडियल को नाश्ते में परोसे गए वड़े के साथ एक बड़ा और जंग लगा धातु का बोल्ट मिला। यात्री ने वड़े और बोल्ट की तस्वीरें एक्स पर पोस्ट करते हुए खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।

तस्वीरों में प्लेट में रखा आधा खाया हुआ वड़ा और उसके पास एक मोटा, जंग लगा बोल्ट दिखाई दे रहा है। यात्री ने अपनी पोस्ट में भारतीय रेलवे और आईआरसीटीसी को टैग किया, ताकि शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सके। घटना की तस्वीरें सामने आने के बाद ट्रेन में यात्रियों को दिए जाने वाले भोजन की साफ-सफाई और गुणवत्ता को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

IRCTC ने मांगी माफी, ठेकेदार पर कार्रवाई

शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आईआरसीटीसी ने यात्री को जवाब दिया। संस्था ने हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए बताया कि संबंधित कैटरिंग ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

आईआरसीटीसी ने यह भी कहा कि रसोई कर्मचारियों को भोजन तैयार करते समय तय मानक संचालन प्रक्रिया यानी SOP का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही स्थानीय अधिकारियों को संबंधित बेस किचन का विस्तार से निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से खाना बनाने से पहले वहां इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच करने के लिए भी कहा गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ‘बोल्ट वड़ा’

इस घटना के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी के साथ मजाकिया प्रतिक्रियाएं भी दीं। कई लोगों ने वड़े में मिले बोल्ट को ‘बोल्ट वड़ा’ नाम दे दिया।

Raveen K Pai नाम के यूजर ने व्यंग्य करते हुए लिखा कि रेलवे यात्रियों के शरीर में आयरन की मात्रा बढ़ाने में मदद कर रहा है। वहीं Adv. Manan Agrawal ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए इसे आयरन से भरपूर खाना बताया।

एक अन्य यूजर ने इसे IRCTC का नया आइटम ‘वंदे भारत का बोल्ट वड़ा’ कहा। Uthkand Capital नाम के यूजर ने भी मजाकिया टिप्पणी करते हुए लिखा कि यात्री ने खाने में ज्यादा आयरन मांगा था और पेंट्री कार ने 99 प्रतिशत आयरन वाला खाना दे दिया।

 

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।