पौड़ी में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी इको वैन, चालक समेत 8 लोगों की मौत

जयपुर

Uttarakhand Accident News : पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल ब्लॉक के अंतर्गत रिखणीखाल-सतपुली मार्ग पर भंगलवाण गांव के पास एक इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में वाहन चालक समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।

स्वयं सहायता समूह की बैठक से लौट रही थीं महिलाएं

जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई महिलाएं भंगलवाण गांव के स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। वे सिद्धखाल में समूह की बैठक और बैंक से जुड़े काम निपटाने के बाद इको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को थाना रिखणीखाल को दुर्घटना की सूचना मिली थी। बताया गया कि रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के पास एक इको वैन खाई में गिर गई है। वाहन में चालक सहित कुल 13 लोग सवार बताए गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान

सूचना मिलने के बाद रिखणीखाल पुलिस, राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य और एएसपी मनोज ठाकुर भी मौके पर पहुंचे।

काफी मशक्कत के बाद चार घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। वहीं, वाहन चालक समेत सात लोगों के शव घटनास्थल से बरामद किए गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान एक घायल महिला ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।

हादसे में जान गंवाने वालों में कांति देवी, रेखा देवी, अनिल देबराड़ा (चालक), सुमित्रा देवी, सुनीता देवी, धनेश्वरी देवी, सरोजनी देवी और रजनी देवी शामिल हैं। घायलों में शशी देवी, शकुंतला देवी, जगदीश सिंह और सत्यवती देवी के नाम सामने आए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, एयरलिफ्ट के निर्देश

पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र में हुए इस हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को कहा। पौड़ी से नवनियुक्त एसएसपी देवेंद्र पींछा भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।