दरगाह के सामने दीपस्तंभ पर जलाया दीप, CRPF ने संभाली पहाड़ी की सुरक्षा, मंदिर ट्रस्टी हटाए

तमिलनाडु

Madurai Deepam Controversy : मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर चल रहा विवाद अब अंतिम मोड़ पर पहुंच गया।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तमिलनाडु के मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर बने दीपस्तंभ पर आज शाम 5 बजे दीप जलाया गया। इस दौरान श्रद्धालु भगवान मुरुगा की जय-जयकार करते रहे। वेत्रिवेल मुरुगानुक्कु अरोहारा के मंत्रों के बीच दीप जलाया गया। इस दौरान सिर्फ 50 लोगों को पहाड़ी पर जाने की इजाजत मिली। इस दौरान पहाड़ी की तलहटी से लेकर ऊपर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के सैकड़ों जवान तैनात हैं। दीपस्तंभ के चारों ओर बांस की बैरिकेडिंग की गई और पूरे क्षेत्र पर नजर रखने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इस समारोह को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में उत्साह है। ग्रामीणों ने फूल बरसाकर CRPF जवानों का स्वागत किया। सुप्रीम कोर्ट ने इस बार आम श्रद्धालुओं को भी समारोह में शामिल होने की अनुमति दी है। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था और दरगाह से निर्धारित दूरी बनाए रखने की शर्तों का पालन करना होगा।

क्या है दीपस्तंभ पर दीप जलाने का विवाद?

तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित अरुलमिगु सुब्रमणिया स्वामी मंदिर और सिकंदर बदूशा दरगाह के बीच लंबे समय से दीप जलाने की जगह को लेकर विवाद चल रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तमिल परंपरा के अनुसार कार्तिगई दीपम उत्सव मनाया जाता है। इस दौरान पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ दीपथून पर पारंपरिक रूप से दीप जलाने की मांग की जाती रही है। दीपथून से करीब 15 मीटर की दूरी पर सिकंदर बदूशा दरगाह स्थित है। इसी नजदीकी के कारण दीप जलाने की जगह को लेकर विवाद गहराता गया। हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं की मांग है कि दीपथून पर पारंपरिक तरीके से दीप जलाया जाए। वहीं, इस स्थान को लेकर दूसरे पक्ष की आपत्तियों के चलते मामला अदालत तक पहुंच गया।

सुप्रीम कोर्ट ने दोबारा दीप जलाने का आदेश दिया

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान 24 नवंबर को दीपथून पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी थी। इसके लिए मंदिर प्रशासन की अधिकृत टीम गठित करने और जिला कलेक्टर को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) तथा पुलिस के साथ आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया था। शुरुआत में आम लोगों के प्रवेश और प्रदर्शन पर रोक भी लगाई गई थी। हालांकि, 24 नवंबर को विवादित दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाने के बजाय उचि पिल्लैयार मंदिर के पास बने पुराने दीपा मंडपम में दीप जलाया गया। दीपथून पर केवल इलेक्ट्रिक लाइट जलती दिखाई दी। इससे श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों में नाराजगी फैल गई। भाजपा और विभिन्न हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की खबरें भी सामने आईं। कुछ पुलिस वाहनों के शीशे टूटने और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की घटनाएं हुईं।

इसके बाद 27 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में मामले की दोबारा सुनवाई हुई। अदालत ने आदेश का पालन नहीं होने पर तमिलनाडु सरकार और प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने शनिवार को दीपथून पर दीप जलाने का नया आदेश दिया। अदालत ने यह भी कहा कि 24 नवंबर को पारंपरिक मंडपम में जलाई गई लौ से दीप जलाया जाए। हालांकि, सुनवाई के दौरान बताया गया कि वह लौ बुझ चुकी है। इसके बाद दीपस्तंभ पर नई लौ से दीप जलाने का निर्देश दिया गया।

मंदिर ट्रस्ट बोर्ड निलंबित, दो पूर्व जजों को जिम्मेदारी

सुप्रीम कोर्ट ने आदेश का पालन नहीं होने पर सख्त रुख अपनाते हुए मंदिर ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर दिया। मंदिर का प्रशासन मद्रास हाईकोर्ट के दो पूर्व न्यायाधीशों जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को सौंपने का निर्देश दिया गया है। अदालत ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), मदुरै के कलेक्टर, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक और मंदिर विभाग के अधिकारियों को अवमानना नोटिस भी जारी किए हैं। मुख्य सचिव को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अधिकारियों के बीच हुई बातचीत, कॉल, संदेश और ईमेल का विवरण भी मांगा गया है। अदालत ने प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि अधिकारियों ने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम किया। कलेक्टर की रिपोर्ट पर भी कोर्ट ने नाराजगी जताई। मामले की अगली सुनवाई 12 दिसंबर को होगी।

सुरक्षा CRPF के हवाले, दरगाह जाने वालों को नहीं रोका जाएगा

दीप जलाने के कार्यक्रम को देखते हुए पहाड़ी और मंदिर परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी CRPF को दी गई है। पहाड़ी के नीचे से ऊपर तक CRPF की नौ यूनिट तैनात किए जाने की जानकारी दी गई है। दीपस्तंभ के चारों ओर बांस की बैरिकेडिंग की गई है, ताकि निर्धारित व्यवस्था के तहत ही श्रद्धालु वहां पहुंच सकें। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि दरगाह में इबादत करने वाले लोगों को रोका नहीं जाएगा। साथ ही दीप जलाते समय दरगाह से सभी दिशाओं में कम से कम 50 मीटर की दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। अदालत ने आम श्रद्धालुओं को भी समारोह में शामिल होने की अनुमति दी है।

जानें 7 दिनों तक कैसे बढ़ा विवाद?

20 नवंबर: सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपथून पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी।

21 नवंबर: तमिलनाडु सरकार ने आदेश पर पुनर्विचार याचिका दाखिल की। सरकार ने दलील दी कि दीपथून धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि अंग्रेजों के समय का सर्वेक्षण स्तंभ है।

24 नवंबर: दीपथून पर पारंपरिक दीप नहीं जलाया गया। इसके बजाय दूसरे स्थान पर दीप जलाया गया और स्तंभ पर इलेक्ट्रिक लाइट दिखाई दी। इसके बाद विरोध प्रदर्शन हुए।

25 नवंबर: तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दीप नहीं जलने के लिए माफी मांगी। सरकार ने इसके लिए मंदिर ट्रस्ट बोर्ड की अनुमति नहीं मिलने की बात कही।

27 नवंबर: सुप्रीम कोर्ट ने प्रशासन को फटकार लगाई, ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित किया और 28 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने का आदेश दिया।

1862 और 1912 में भी उठ चुका है मामला

तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर दीपथून में दीप जलाने का विवाद नया नहीं है। पुराने अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, 1862 और 1912 में भी इस स्तंभ पर दीप जलाने की कोशिश की गई थी, लेकिन उस समय अधिकारियों ने इसकी अनुमति नहीं दी थी। इस विवाद की एक वजह पहाड़ी के मालिकाना हक और धार्मिक अधिकारों से जुड़ा पुराना मामला भी है। वर्ष 1923 में एक सब-कोर्ट ने पहाड़ी का मालिकाना हक मंदिर को दिया था। हालांकि, दरगाह की जगह, वहां तक जाने वाली सीढ़ियों और नेल्लीथोपे क्षेत्र पर मुस्लिम समुदाय के अधिकार को भी मान्यता दी गई थी।

वर्ष 1926 में मद्रास हाईकोर्ट ने इस फैसले को पलट दिया। इसके बाद 1931 में लंदन की प्रिवी काउंसिल ने मंदिर की अपील पर 1923 के फैसले को बहाल कर दिया। इसमें पहाड़ी पर मंदिर के अधिकार को मान्यता दी गई, जबकि दरगाह और वहां तक पहुंचने के रास्ते के अधिकार सुरक्षित रखे गए।

वर्ष 1996 में मद्रास हाईकोर्ट ने मंदिर प्रशासन को पारंपरिक स्थान के अलावा पहाड़ी पर किसी दूसरी जगह दीप जलाने पर विचार करने की अनुमति दी थी। इसके लिए धार्मिक विभाग की मंजूरी और दरगाह से तय दूरी बनाए रखने जैसी शर्तें रखी गई थीं।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।