पहाड़ों पर जमने लगी बर्फ, राजस्थान में रातें ठंडी, जानें MP-UP के मौसम का हाल

नई दिल्ली

Weather Update In India : नई दिल्ली/जयपुर। देशभर में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।

पहाड़ी राज्यों में तापमान माइनस में पहुंच गया है, जबकि मैदानी इलाकों में शीतलहर और घने कोहरे से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ में तापमान -10 डिग्री सेल्सियस और केदारनाथ में -8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में पारा गिरकर -2 डिग्री तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भोपाल समेत कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश में सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जबकि 30 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। राजस्थान में भी सुबह और शाम तेज सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 30 नवंबर तक शीतलहर का असर रहने की संभावना है।

पहाड़ों पर जमने लगी बर्फ, बद्रीनाथ में -10 डिग्री तापमान

उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बद्रीनाथ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान -10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं केदारनाथ में पारा -8 डिग्री तक पहुंच गया। पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जाने के कारण जलस्रोतों और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ जमने लगी है। कश्मीर घाटी में भी सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। श्रीनगर में गुरुवार रात न्यूनतम तापमान -2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी के अधिकांश इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ठंड को देखते हुए जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने स्कूलों में फरवरी तक विंटर वेकेशन घोषित कर दी है। इससे बच्चों को कड़ाके की सर्दी में स्कूल जाने से राहत मिलेगी।

MP में करौंदी सबसे ठंडा, भोपाल में शीतलहर

मध्य प्रदेश में उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण ठंड लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी जिले के करौंदी में सबसे कम 6.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दमोह में 6.6 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर और शाजापुर के गिरवर में 8.3 डिग्री, रीवा में 8.4 डिग्री और भोपाल में 8.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। नौगांव में 9.2 और जबलपुर में 9.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में लगातार चार दिनों से शीतलहर का असर है। शुक्रवार को पांचवें दिन भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग ने दमोह, कटनी और शाजापुर में भी ठंडी हवाएं चलने की संभावना जताई है।डिंडौरी में शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर करीब 15 मीटर रह गई। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। मौसम केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में ठंड का असर बना रह सकता है। रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में सीजन की सबसे ठंडी रात, 30 शहरों में कोहरा

उत्तर प्रदेश में भी सर्दी ने तेजी पकड़ ली है। शुक्रवार को प्रदेश में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। इटावा और कानपुर में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के 10 से ज्यादा जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। शनिवार सुबह लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गाजीपुर और बदायूं समेत करीब 30 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। ग्रामीण इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई। कई जगहों पर 50 मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो गया। गाजीपुर में ठंड से बचने के लिए लोग अलाव तापते नजर आए।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह और रात के समय लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में अब कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा। अगले एक सप्ताह में ठंडी पछुआ हवाओं के कारण तापमान में 5 से 6 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। दिन का तापमान भी 20 डिग्री से नीचे जाने की संभावना है।

राजस्थान में सुबह-शाम सर्दी, दिन में धूप से राहत

राजस्थान में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम तेज ठंड पड़ रही है, लेकिन दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। शुक्रवार को बाड़मेर, जैसलमेर समेत प्रदेश के सात शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बाड़मेर में सबसे ज्यादा 32.3 डिग्री तापमान रहा। श्रीगंगानगर में 31.4, चित्तौड़गढ़ में 31.2, जोधपुर में 31, पिलानी में 30.7, जैसलमेर में 30.4 और चूरू में 30.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। हालांकि रात के समय ठंड का असर बना हुआ है। फतेहपुर, सीकर, टोंक और अलवर समेत 10 से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वी हवाओं के कारण उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाएं कमजोर हुई हैं। इसी वजह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि रात में हल्की ठंडी हवाएं चलने से सर्दी बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में 30 नवंबर तक कुछ इलाकों में शीतलहर का असर रह सकता है। अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने और दिन में धूप निकलने की संभावना है।

दो दिन इन राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 और 30 नवंबर को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में घना कोहरा छाने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में भी सुबह और रात के समय कोहरे का असर बढ़ सकता है। वहीं पहाड़ी राज्यों में तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।