बयाना पंचायत समिति में गुड़िया कुमारी निर्विरोध बनीं उपप्रधान

जयपुर

Bayana News : बयाना। बयाना पंचायत समिति में उपप्रधान पद पर गुड़िया कुमारी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। शनिवार को सुबह 11 बजे तक उपप्रधान पद के लिए केवल एक ही नामांकन दाखिल होने के चलते उनकी निर्विरोध जीत तय हो गई।

इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने पर दोपहर में उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा गया। उनके समर्थकों ने स्वागत कर खुशी जाहिर की।

गौरतलब है कि गुड़िया कुमारी पंचायत समिति के वार्ड नंबर 6 बिड़यारी से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर आई थीं। हालांकि उपप्रधान पद के चुनाव में भाजपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया। भाजपा के समर्थन से उन्होंने उपप्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया और निर्विरोध निर्वाचित हुईं। बताया जा रहा है कि गुड़िया कुमारी कांग्रेस के पूर्व विधायक अमर सिंह जाटव की बेटी हैं।

निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद गुड़िया कुमारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करवाना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। प्रधान के साथ मिलकर गांवों में सड़क, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने के बाद उन्होंने भाजपा का दामन इसलिए थामा, ताकि राजस्थान में भाजपा की सरकार होने के चलते क्षेत्र की जनता को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का अधिक लाभ मिल सके। वहीं कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जीतकर आने के बाद भाजपा के समर्थन से उपप्रधान बनने को लेकर क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं भी बनी हुई हैं।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।