पंचायत समिति प्रधान पद पर बत्ती कुमारी ने घूंघट में कर दिया खेला! हर कोई रह गया हैरान

डीग

Deeg News : डीग। राजस्थान के डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

यहां एक ही महिला ने भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में तीन अलग-अलग नामांकन पत्र दाखिल कर दिए। हैरानी की बात यह रही कि भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों की ओर से उन्हें चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिया गया। आखिर में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद बत्ती कुमारी गुर्जर भाजपा के चुनाव चिह्न पर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि महिला ने तीनों बार अलग-अलग पहनावे में नामांकन दाखिल किया। शुक्रवार को नामांकन के दौरान बत्ती कुमारी तीन बार उपखंड अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय पहुंचीं। हर बार उनका पहनावा और पहचान अलग दिखाई दी।

तीन बार पहुंचीं, हर बार बदला पहनावा

जानकारी के अनुसार, बत्ती कुमारी जब कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचीं तो उन्होंने साड़ी पहन रखी थी और घूंघट कर रखा था। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने के लिए वह सलवार-सूट पहनकर पहुंचीं। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करते समय उन्होंने अलग रंग का सलवार-सूट पहना और सिर पर दुपट्टा रखा। इस तरह तीनों बार अलग-अलग पहनावे के कारण उनकी पहचान सामने नहीं आ सकी। बताया जा रहा है कि तीनों नामांकन पत्रों में उन्होंने अलग-अलग हस्ताक्षर भी किए थे। एक नामांकन में मायके का पता दर्ज कराया गया, जबकि अन्य दो नामांकन पत्रों में ससुराल का पता लिखा गया था।

जांच से पहले वापस लिए दो नामांकन

नामांकन दाखिल करने के बाद बत्ती कुमारी ने बड़ी सावधानी से पूरा घटनाक्रम आगे बढ़ाया। नाम वापसी के दौरान वह निर्वाचन अधिकारी के सामने पहुंचीं और सबसे पहले कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दाखिल अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दाखिल नामांकन भी वापस ले लिया। इस तरह भाजपा प्रत्याशी के रूप में दाखिल उनका एकमात्र नामांकन मैदान में बचा रहा। अंत में वह भाजपा के चुनाव चिह्न पर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं। खास बात यह है कि यह सब नामांकन पत्रों की जांच से पहले ही हो गया।

दोनों दलों के नेताओं को नहीं लगी भनक

बताया जा रहा है कि बत्ती कुमारी भाजपा प्रत्याशी के रूप में प्रदेश के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंची थीं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में वह पूर्व विधायक वाजिब अली के साथ एसडीओ कार्यालय पहुंचीं। इस पूरे मामले में दोनों दलों के नेताओं को भी यह जानकारी नहीं हो सकी कि अलग-अलग नामांकन दाखिल करने वाली महिला एक ही है। निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में तैनात कर्मचारी भी दूसरे क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। ऐसे में वे भी महिला की पहचान नहीं कर सके।

एसडीओ ने जांच कराने की बात कही

मामला सामने आने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया और नामांकन की जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं। डीग जिले के एसडीओ ने इस पूरे प्रकरण पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए जांच कराने की बात कही है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में नामांकन प्रक्रिया और पहचान से जुड़े तथ्यों को लेकर क्या सामने आता है। वहीं, राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। गृह राज्यमंत्री बेढ़म ने पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीति में सबकुछ संभव है।

बृजनगर पंचायत समिति का यह मामला अब राजस्थान की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। एक ही महिला के तीन अलग-अलग नामांकन, अलग-अलग पहचान और अंत में भाजपा के टिकट पर निर्विरोध निर्वाचन ने पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।