Loading...

पाकिस्तान पहुंच गई एयर इंडिया फ्लाइट! दिल्ली से अमृतसर जा रही उड़ान रास्ता भटकी; PAK ने चेतावनी देकर लौटाया

पाकिस्तान पहुंच गई एयर इंडिया फ्लाइट! दिल्ली से अमृतसर जा रही उड़ान रास्ता भटकी; PAK ने चेतावनी देकर लौटाया

Follow us

Share

Air India Flight Enter Pakistan Airspace : नई दिल्ली। एयर इंडिया की एक फ्लाइट से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान तकनीकी खराबी के कारण अपने तय मार्ग से भटक गई और गलती से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई। स्थिति का पता चलने पर पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक कंट्रोल अथॉरिटी ने विमान को चेतावनी दी, जिसके बाद पायलट ने तुरंत विमान का रुख बदला और उसे वापस भारतीय हवाई क्षेत्र में ले आया।

दिल्ली से अमृतसर के लिए रवाना हुआ था विमान

जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया का एयरबस AI-321 विमान सोमवार रात दिल्ली से अमृतसर के लिए रवाना हुआ था। विमान ने रात 9 बजकर 18 मिनट पर उड़ान भरी, जो अपने निर्धारित समय से करीब तीन मिनट देरी से थी। विमान को रात 10 बजकर 30 मिनट पर अमृतसर पहुंचना था, लेकिन उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने के कारण यह अपने निर्धारित मार्ग से भटक गया। इसके बाद विमान कुछ समय बाद पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गया। इस दौरान पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक कंट्रोल अथॉरिटी ने विमान को चेतावनी दी। इसके बाद पायलट को स्थिति की जानकारी मिली और उन्होंने तुरंत विमान को वापस भारतीय सीमा की ओर मोड़ दिया।

पायलट ने विमान को लिया  यू-टर्न

पायलट ने विमान को यू-टर्न देकर भारत के एयरस्पेस में वापस लाने में सफलता हासिल की। हालांकि, इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय लग गया। जब तक विमान अमृतसर पहुंचा, तब तक एयरपोर्ट पर हवाई यातायात काफी बढ़ चुका था। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, उस समय अमृतसर एयरपोर्ट का रनवे अन्य विमानों की आवाजाही के कारण व्यस्त था। ऐसे में एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने संबंधित विमान को तुरंत उतरने की अनुमति नहीं दी। बाद में विमान को दिल्ली वापस लौटने के निर्देश दिए गए। इसके बाद विमान दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा और वहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। यहां तकनीकी जांच और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद विमान को दोबारा अमृतसर के लिए रवाना किया गया। आखिरकार सोमवार और मंगलवार की दरमियानी 4 घंटे की देरी से रात करीब 2 बजकर 20 मिनट पर विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। इस तरह यात्रियों को लगभग चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।

Advertisement

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने मामले में दी ये जानकारी

रवने पर ट्रैफिक के चलते फ्लाइट को हवा में इंतजार करवाना आम बात: इस मामले में अमृतसर एयरपोर्ट अथॉरिटी के एक अधिकारी ने बताया कि किसी भी विमान की लैंडिंग से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से अंतिम अनुमति दी जाती है। कई बार रनवे की उपलब्धता, एयर ट्रैफिक या अन्य तकनीकी कारणों से विमान को कुछ समय तक हवा में ही होल्डिंग पैटर्न में इंतजार करना पड़ता है। यह आम बात है।

विमान को दिल्ली ले जाने को कहा गया: अधिकारी के अनुसार, संबंधित विमान के मामले में लैंडिंग में देरी होने पर एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ गया था, जिससे इस विमान के लैंड होने की जगह नहीं थी। बाद में सूचना मिली कि तकनीकी कारणों के चलते विमान भटक गया था। इसके बाद उसे वापस दिल्ली ले जाने को कहा गया।

असुविधा के बावजूद स्थिति सामान्य रही: अधिकारी ने बताया कि विमान बाद में सुरक्षित रूप से वापस चला गया था। हालांकि, यात्रियों को कुछ देरी का सामना करना पड़ा, लेकिन एयरपोर्ट प्रशासन के पास किसी बड़े हंगामे या दुर्व्यवहार की कोई जानकारी नहीं है। यात्रियों को हुई असुविधा के बावजूद स्थिति सामान्य रही।

12 जून को पाकिस्तान पायलट ने की थी ऐसी गलती

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब किसी विमान ने गलती से पड़ोसी देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया हो। इससे पहले 12 जून को पाकिस्तान की निजी एयरलाइन फ्लाइट फ्लाई जिन्ना-9P514 भी खराब मौसम के कारण भारतीय एयरस्पेस में प्रवेश कर गई थी। हालांकि, उस समय भी स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया था।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।