Loading...

कोलकाता में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन गोदाम ढहने से 5 की मौत, 50 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका, सेना भी बचाव में जुटी

कोलकाता में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन गोदाम ढहने से 5 की मौत, 50 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका, सेना भी बचाव में जुटी

Follow us

Share

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण कोलकाता में बड़ा हादसा हो गया। तारातला इलाके में ट्रांसपोर्ट डिपो के पास बुधवार दोपहर 1.30 बजे तीन मंजिला निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक गिर गया। घटना में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे में 50 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका है। अधिकारियों के मुताबिक अभी 10 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के वक्त गोदाम में कंक्रीट ढलाई का काम चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, रेस्क्यू में कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज और सेना भी जुटी है। मलबे और लोहे की रॉड को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई है। गैस कटर से लोहे की छड़ों को काटा जा रहा है। मलबे में दबे मजदूरों-कर्मचारियों की चीखें भी सुनाई दे रही हैं, उनके जल्द से जल्द रेस्क्यू के प्रयास जारी हैं। जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।

10 लोगों को निकाला गया बाहर

कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इन सभी को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा दोपहर करीब 12 बजे ब्रेस ब्रिज के पास हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि जब इमारत गिरी, तो मलबे के नीचे से लोगों के चीखने-चिल्लाने और मदद मांगने की आवाजें आ रही थीं। बचाव दल के सदस्य फंसे हुए लोगों को निकलने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त गोदाम की छत की ढलाई (कास्टिंग) का काम चल रहा था। इमारत की पहली और दूसरी मंजिल का ढांचा तैयार हो चुका था और ग्राउंड फ्लोर पर निर्माण कार्य जारी था। इस दौरान अचानक पूरी इमारत भरभरा कर गिर गई, जिससे लोहे के भारी बीम और कंक्रीट का बड़ा ढेर लग गया और वहां काम कर रहे मजदूर नीचे दब गए।

युद्ध स्तर पर बचाव कार्य

राहत और बचाव का काम बहुत तेजी से चल रहा है। कोलकाता पुलिस, आपदा प्रबंधन समूह (DMG), नागरिक सुरक्षा और दमकल विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं। सेना के अधिकारी भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं। लोहे के बीम और कंक्रीट को काटने के लिए गैस कटर और वर्टिकल ड्रिलिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। भारी मलबे को हटाने के लिए क्रेन और बड़ी मशीनें लगाई गई हैं।

Advertisement

घटिया सामग्री और अवैध निर्माण के आरोप

दमकल विभाग के एक अधिकारी ने आरोप लगाया कि गोदाम के निर्माण में घटिया दर्जे की सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं, स्थानीय लोगों ने शिकायत की है कि इस इलाके में पिछले काफी समय से बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण कार्य चल रहे हैं।

मंत्री-अधिकारी मौके पर पहुंचे, मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

हादसे की गंभीरता को देखते हुए शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल, कोलकाता नगर निगम आयुक्त स्मिता पांडे और मंत्री इंद्रनील खान घटनास्थल पर पहुंचे हैं। भाजपा नेता राकेश सिंह भी वहां मौजूद थे। मंत्री इंद्रनील खान ने कहा कि अभी हमारी पहली प्राथमिकता अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना है। हादसे के कारणों और किसी भी तरह की अनियमितता की जांच बाद में की जाएगी। राज्य सचिवालय ने इस घटना को लेकर कंट्रोल रूम नंबर जारी किए हैं। लोग जानकारी के लिए 1070, 8697981070, 033-22143526 और 033-22535185 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।