Loading...

मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री, 4 दिन में कवर करेगा पूरा राज्य, अब तक 22 राज्यों में पहुंचा मानसून

मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री, 4 दिन में कवर करेगा पूरा राज्य, अब तक 22 राज्यों में पहुंचा मानसून

Follow us

Share

नई दिल्ली/जयपुर। देश में सुस्त पड़े मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 15 दिन से छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर अटका मानसून बुधवार को मध्य प्रदेश और गुजरात में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम ने मानसून को आगे बढ़ने में मदद की है। इससे पहले मानसून मंगलवार को मुंबई पहुंचा था। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून अगले 4 दिन में पूरे राज्य को कवर कर सकता है। इसी के साथ मानसून ने अब देश के 22 राज्यों को कवर कर दिया है। 5 जुलाई तक बाकी राज्यों को कवर कर सकता है।

BMC ने जारी किए बारिश के आंकड़े

मानसून की दस्तक के साथ ही मुंबई में मंगलवार रात हुई भारी बारिश ने शहर के कई हिस्सों में मुश्किलें खड़ी कर दीं। मूसलाधार बारिश की वजह से निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जिससे लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा रहा है। बीएमसी के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि अंधेरी सबवे में पानी इतना ज्यादा भर गया कि उसे गाड़ियों की आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। बीएमसी ने बारिश के आंकड़े भी जारी किए हैं। 23 जून को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक शहर में औसत 56 मिमी बारिश हुई। इस दौरान पूर्वी उपनगरों में 23 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 33 मिमी बारिश दर्ज की गई। रात 10 बजे से 11 बजे के बीच का एक घंटा बहुत भारी रहा। इस एक घंटे में पश्चिमी उपनगरों के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। कांदिवली के चारकोप सेक्टर 1 म्युनिसिपल स्कूल में 32 मिमी बारिश हुई। मालाड के एमएचबी म्युनिसिपल स्कूल में 28 मिमी और गजधरबंध स्टॉर्म वाटर पंपिंग स्टेशन पर 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जुहू डिस्पेंसरी में 22 मिमी और सांताक्रूज के नारियलवाड़ी स्कूल में 21 मिमी बारिश हुई।

देश के 7 राज्यों में प्री-मानसून बारिश जारी

इधर, देश के 7 राज्यों राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून बारिश जारी है। एमपी के 17 जिलों में मंगलवार को प्री-मानसून बारिश हुई। वहीं बिहार में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई।

Advertisement

एमपी में अगले 24 घंटों में यहां बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण पश्चिम मानसून तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में आगे बढ़ गया है। बुधवार को मध्य प्रदेश और गुजरात में एंट्री हुई। मानसून आगमन के रूट की बात करें तो बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी के रास्ते पहुंचा है। मानसून की एंट्री के साथ ही मौसम विभाग ने तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी कर दिया है, ताकि किसी भी तरह के नुकसान को रोका जा सके। 24 जून की बात करें तो हरदा, बैतूल, खंडवा के ओंकारेश्वर, छिदंवड़ा के दौरान जैसी जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

यूपी में 2 दिन बाद पहुंचेगा मानसून

उत्तप्रदेश में आमतौर पर मानसून 20 जून तक आता है। यानी इस बार 8 दिन लेट है। मानसून 15 दिनों से महराजगंज के पास रुका है। बुधवार सुबह मथुरा में आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई। आगरा में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं पिछले 24 घंटे की बात करें तो नोएडा, मेरठ, आगरा, हापुड़, झांसी, ललितपुर और बागपत में धूलभरी आंधी के बाद तेज बारिश हुई। इससे पहले, मंगलवार देर रात वाराणसी, आजमगढ़ और जालौन में तेज बारिश हुई। शाम को आगरा में आंधी से सड़क किनारे खड़ी कारों पर पोल गिर गया। दो कारों का पिछला हिस्सा पिचक गया।

राजस्थान में प्री-मानसून का दौर जारी

राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार सुबह से ही जयपुर सहित आसपास के एरिया में सुबह से रुक-रुककर बरसात हो रही है। मौसम बदलने से तापमान में भी गिरावट हुई है। वहीं, मंगलवार को बीकानेर, कोटा संभाग के एरिया में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। चूरू के कुछ इलाकों में तेज तूफानी बारिश के साथ छोटे-छोटे ओले गिरे। प्री-मानसून का ये दौर अगले तीन दिन जारी रह सकता है। राजस्थान में 1 से 21 जून तक सामान्य से 41 फीसदी ज्यादा बारिश हुई। इस दौरान सामान्य बारिश 28एमएम होती है, जबकि इस सीजन में अब तक 39.3एमएम औसत बारिश हो चुकी है। यूपी के 6 शहरों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। हालांकि, पूर्वी यूपी में तेज धूप है और उमस हो रही है।

7 राज्यों में गर्मी का प्रकोप

राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और गुजरात के कई शहरों में बुधवार को पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा उत्तर प्रदेश के बांदा में 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बिहार के बौधगया में 40.8 डिग्री सेल्सियस, राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस, झारखंड के डाल्टनगंज में 41.2 डिग्री सेल्सियस, गुजरात के राजकोट में 40.5 डिग्री सेल्सियस और एमपी के खजुराहो 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।