Loading...

SC/ST कर्मचारियों का प्रदर्शन, जयपुर में रेलवे प्रशासन पर भेदभाव के आरोप लगाए, मांगें नहीं मानीं तो भूख हड़ताल की चेतावनी

Follow us

Share

जयपुर। ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे एम्प्लाइज एसोसिएशन (उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर मंडल) के बैनर तले सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय पर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया। एसोसिएशन की विभिन्न शाखाओं से पहुंचे सैकड़ों कर्मचारियों ने रेलवे स्टेशन से रैली निकालकर डीआरएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। अपनी लंबित मांगों के समाधान की मांग उठाई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि रेलवे प्रशासन अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहा है। कई बार शिकायतें और ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

25 मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी

एसोसिएशन के मंडल सचिव विनोद कुमार मीणा ने बताया कि 10 जून को 25 मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन का नोटिस दिया गया था, लेकिन प्रशासन ने उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि मांगों के समाधान की बजाय कर्मचारियों और पदाधिकारियों को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। कई बार डीआरएम और जीएम स्तर पर मांगें उठाने के बावजूद अधिकांश मामलों का निस्तारण नहीं हुआ।

वाणिज्य विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जोनल सचिव बीएल बैरवा ने आरोप लगाया कि वाणिज्य विभाग में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि एससी/एसटी वर्ग के कर्मचारियों को निशाना बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है, जबकि शिकायतों के बावजूद संबंधित अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने समीर शर्मा और सुनीता जांगिड़ से जुड़े मामलों का भी उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

पदोन्नति और रोस्टर नियमों की अनदेखी का आरोप

मंडल अध्यक्ष राम बाबू लाल गौतम ने कहा कि लोको पायलट गुड्स समेत कई पदों पर पदोन्नति के दौरान एससी/एसटी कर्मचारियों के रोस्टर नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षित पद खाली होने के बावजूद पात्र कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति नहीं दी जा रही। साथ ही कर्मचारियों को घर के नजदीक पोस्टिंग और अन्य सुविधाओं से भी वंचित रखा जा रहा है।

Advertisement

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन धरना, प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होगा। प्रदर्शन में एसोसिएशन के जोनल और मंडल स्तर के कई पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।