Loading...

बीना देवी हत्याकांड का खुलासा, चांदी के कड़ों के लिए भतीजा बना खलनायक, ताई को उतारा मौत के घाट

Follow us

Share

Jaipur Woman Murdered For Bangles : चाकसू/जयपुर। राजधानी जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में 5 दिन पहले हुई महिला की निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जयपुर दक्षिण पुलिस ने मृतका के सगे भतीजे समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चांदी के कड़े और अन्य आभूषण लूटने की नीयत से आरोपी ने अपनी ताई की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को पत्थर से बांधकर 60 फीट गहरे पानी से भरे कुएं में फेंक दिया।

डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि 18 जून 2026 को बराला गांव से गुजर रही ढूंढ नदी क्षेत्र स्थित एक कुएं में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान बल्लूपुरा निवासी बीना देवी बैरवा (54) के रूप में की। महिला 11 जून से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका के दोनों पैर कटे हुए थे और पैरों में पहने चांदी के कड़े गायब थे।

पत्थर बांधकर कुएं में डाली लाश

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शव को साड़ी और भारी पत्थर से बांधकर कुएं में डाल दिया था। ताकि उसकी पहचान और साक्ष्य दोनों मिटाए जा सकें। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजय सिंह और डीसीपी साउथ राजर्षि राज के निर्देशन में साइबर सेल, जिला विशेष टीम और शिवदासपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने करीब 200 लोगों से पूछताछ कर तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान मृतका का सगा भतीजा सूरज बैरवा (24) संदेह के घेरे में आया।

कर्ज चुकाने के लिए आरोपी ने की हत्या

तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर उसने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार सूरज बैरवा पर करीब ढाई लाख रुपये का कर्ज था। उसे जानकारी थी कि उसकी ताई बीना देवी के पास चांदी और सोने के आभूषण हैं। 11 जून को बीना देवी ने आरोपी से पदमपुरा दवाई लेने चलने की बात कही थी। आरोपी उन्हें बहाने से ढूंढ नदी क्षेत्र में हरि घास खोदने के लिए ले गया, जहां उसने पीछे से फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

Advertisement

इसके बाद आरोपी ने पैरों से चांदी के कड़े निकालने का प्रयास किया। जब वह सफल नहीं हुआ तो आरी की मदद से दोनों पैर काट दिए। आरोपी ने कानों के सोने के टॉप्स और नाक की बाली भी लूट ली। वारदात के बाद शव को नदी क्षेत्र में दबा दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि उसी रात आरोपी ने अपने साथी विनोद बैरवा (24) को बुलाया। दोनों ने मिलकर शव को साड़ी और पत्थर से बांधा तथा पास के कुएं में फेंक दिया।

घटना के बाद आरोपी परिजनों के साथ महिला की तलाश का नाटक भी करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरज बैरवा और उसके सहयोगी विनोद बैरवा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए चांदी के कड़े, मृतका का मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।