Loading...

प्लान A फेल हुआ, प्लान B में मार डाला, सिया ने मंगेतर केतन की हत्या के लिए रची थी साजिश, एक गलती ने खुली हत्या की साजिश

प्लान A फेल हुआ, प्लान B में मार डाला, सिया ने मंगेतर केतन की हत्या के लिए रची थी साजिश, एक गलती ने खुली हत्या की साजिश

Follow us

Share

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोहगढ़ फोर्ट पर हुई केतन विशाल अग्रवाल (26) की मौत के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। इस बीच एक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा का विषय बन गया है। सिया गोयल (20) ने मंगेतर की सोशल मीडिया अकाउंट पर केतन अग्रवाल के साथ कई रोमांटिक पोस्ट किए थे। कभी प्रपोजल की तस्वीरें, कभी फूल देकर प्यार जताने वाले पल, तो कभी डांस और गले मिलने के वीडियो शेयर किए। दरअसल, 19 जून को सिया का जन्मदिन था। इससे एक दिन पहले सिया ने प्री-बर्थडे सरप्राइज के बहाने से केतन को लोहगढ़ किले बुलाया। सिया ने अपने जन्मदिन से पहले काउंटडाउन की स्टोरी पोस्ट की, जिसमें दोनों एक रोमांटिक गाने पर डांस करते नजर आ रहे थे। सोशल मीडिया पर यह रिश्ता किसी परफेक्ट लव स्टोरी जैसा दिख रहा था। लेकिन एक महीने बाद, सिया ने अपने जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले केतन की हत्या कर दी।

25 नवंबर को होनी थी शादी

केतन पुणे जिले के गहुंजे के रहने वाले थे। वे परिवार की रियल एस्टेट कंपनी सक्सेस ग्रुप में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर थे। उन्होंने आंत्रप्रेन्योरशिप में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री ली थी, जबकि सिया ने एक निजी कॉलेज से कॉमर्स की पढ़ाई की थी। सिया गोयल पुणे के एक बड़े मसाला कारोबारी की बेटी है। परिवार ने बताया कि चार महीने पहले 11 फरवरी, 2026 को केतन और उसकी होने वाली पत्नी सिया को देखने का समारोह हुआ। इसके बाद 19 फरवरी को रोका हुआ था और दोनों की शादी 25 नवंबर को होने वाली थी। शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। यह शादी जयपुर में होने वाली थी। इस शादी को लककर मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड प्लेन की व्यवस्था भी की गई थी। शादी पर परिवार करीब 17 करोड़ रुपए खर्च करने वाला था।

साेशल मीडिया पर पोस्ट की कई स्टोरी

दोनों की नवंबर 2026 में होने वाली भव्य शादी की तैयारियां भी सोशल मीडिया पोस्ट का हिस्सा थीं। फरवरी में सगाई के बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर एक केक की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था- मेरे दिल को उसका घर मिले एक महीना पूरा हुआ। उसने और केतन को टैग भी किया था। वहीं मई में सिया ने केतन के फूल देने वाली तस्वीर पोस्ट कर लिखा- उसने ‘पसंद है तुम्हें’ वाली बात को बहुत सीरियसली से ले लिया। बैकग्राउंड में ‘पसंद है तुम्हें’ गाना बज रहा था। एक अन्य स्टोरी में उसने केतन की तस्वीर को ‘देट स्माइल’ कैप्शन के साथ शेयर किया था।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, शादी से पहले केतन और सिया बाली (इंडोनेशिया) घूमने जाने वाले थे। इसके लिए सभी बुकिंग भी हो चुकी थी, लेकिन इसी बीच केतन का पासपोर्ट रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। आखिरी समय में ट्रिप कैंसिल हो गई थी। वहीं केतन ने सिया के जन्मदिन को खास बनाने के लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में करीब 40 कमरे बुक कराए थे। इतना ही नहीं, लोहागढ़ किले पर प्री-वेडिंग फोटोशूट की भी योजना बनाई जा रही थी। सिया और उसका बॉयफ्रेंड चेतन, बाली (इंडोनेशिया) में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट से पहले ही केतन को रास्ते से हटाना चाहते थे।

केतन की हत्या का फेल हुआ प्लान A

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया ने कि सिया और केतन तीन बार लोहागढ़ किले गए थे। हत्या वाले दिन से चार दिन पहले 14 जून को सिया केतन को लेकर लोहागढ़ गई थी। केतन को मारने का सिया की साजिश का प्लान A था। इसी दौरान सिया ने सबसे पहले केतन की हत्या करने की कोशिश की। सिया ने किले से खाई की तरफ केतन को धक्का दिया। हालांकि केतन ने एक झाड़ी को पकड़ लिया और उनकी जान बच गई। जब सिया का राज खुलने वाला था तो वो ‘सांप है, सांप है’ चिल्लाने लगी। सिया ने केतन को गले लगा लिया। केतन को भी लगा कि शायद वहां सांप था, इससे बचाने के लिए सिया ने धक्का दिया।

प्लान B हुआ सफल, कर दिया मंगेतर का मर्डर

सिया और केतन 18 जून को ट्रेकिंग के लिए लोहगढ़ किला गए थे। वहां केतन की करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरकर मौत हुई थी। सिया ने पुलिस को बताया था कि केतन का पैर फिसल गया था। पुलिस ने भी पहले हादसा मानकर केस दर्ज किया था। जांच के दौरान पता चला कि सिया और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (22) ने मिलकर केतन को लोहगढ़ किले से धक्का दिया था।

पुलिस को ऐसे मिला सुराग

पुलिस के मुताबिक, जून की गर्मी में हूडी पहनकर लोहगढ़ किले पर घूम रहा एक युवक हत्या के केस को सुलझाने में सबसे अहम सुराग बना। युवक किले पर केतन और सिया का पीछा कर रहा था। बाद में उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई। पुलिस ने सिया के फोन रिकॉर्ड, सोशल मीडिया चैट जांचे तो चेतन और सिया के बीच 1 जनवरी से 18 जून तक 2004 कॉल्स हुए। 238 घंटे की बातचीत हुई थी।

33 डिग्री तापमान में हूडी पहना था आरोपी बॉयफ्रेंड

जांच टीम के एक अधिकारी ने बताया कि किले के टिकट काउंटर पर लगे CCTV कैमरों की जांच के दौरान हमें केतन और सिया साथ चलते दिखाई दिए। फुटेज को ध्यान से देखने पर पुलिस ने पाया कि दोनों से कुछ दूरी पर एक युवक भी चल रहा था। उसने शॉर्ट्स और हूडी पहन रखी थी। युवक ने हूडी को इतना नीचे खींच रखा था कि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। इसके ऊपर उसने हेडसेट भी लगा रखा था। एक दूसरी फुटेज में हमने देखा कि सिया अचानक पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय हूडी पहना युवक झट से बैठ जाता है। बाद में पुलिस ने उस दिन के तापमान की जांच की तो पता चला कि 18 जून को उस समय 33 डिग्री सेल्सियस तापमान था। ऐसे में सवाल उठा कि इतनी गर्मी में कोई हूडी क्यों पहनेगा। अधिकारी ने बताया कि परिवार शोक में था, इसलिए शुरुआत में ज्यादा पूछताछ नहीं की गई।

यह खबर भी पढ़ें – 17 करोड़ की शादी रचाने वाला दूल्हा बना हत्या का शिकार, मंगेतर और उसके प्रेमी ने रची मौत की साजिश…पुलिस जांच में खुली परतें

CCTV फुटेज से किया चेतन की तस्वीरों का मिलान

पुलिस के मुताबिक, चेतन की तस्वीरों और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की गई। जब उनकी तुलना CCTV फुटेज में दिख रहे हूडी वाले युवक से की गई तो शक और मजबूत हो गया। फिर पुलिस ने चेतन चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में चेतन से जब पूछा गया कि सिया और तुमने भागकर शादी क्यों नहीं की। इस पर उसने बताया कि सिया सगाई तोड़कर भागने के पक्ष में नहीं थी। उसे लगता था कि इससे उसके परिवार की बदनामी होगी। इसके बाद पुलिस ने सिया और चेतन दोनों को गिरफ्तार कर हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।