Loading...

देश में मानसून का कहर, पहाड़ों से मैदानी इलाकों तक आफत की बारिश, कई राज्यों में अलर्ट

देश में मानसून का कहर, पहाड़ों से मैदानी इलाकों तक आफत की बारिश, कई राज्यों में अलर्ट

Follow us

Share

नई दिल्ली/जयपुर। देश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने कई राज्यों में भारी तबाही मचाई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, केरल, त्रिपुरा और महाराष्ट्र में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आईएमडी (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत करीब 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का खतरा बताया गया है। कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

10 राज्यों में कमजोर रहेगा मानसून

वहीं मध्यप्रदेश, राजस्थान सहित देश के 10 राज्यों में अगले 5 दिन मानसून कमजोर रहेगा। इन राज्यों में बारिश की कम संभावना है। इसकी वजह है देश के पश्चिमी हिस्से से बादलों का गायब हो जाना। मौसम विभाग ने बताया कि IMD की नई सैटेलाइट तस्वीरों में बादल पूर्वी राज्यों उत्तराखंड, यूपी, बिहार, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा की तरफ चले गए हैं। जिसके चलते इन राज्यों में भारी बारिश हो रही है।

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मानसून के चलते पश्चिमी यूपी में नदियां उफना गई हैं। कई जगहों पर पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। शुक्रवार रात कोलखनऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या समेत 10 शहरों में तेज बारिश हुई, जो शनिवार सुबह तक जारी रही। यूपी के हापुड़ में भारी बारिश की वजह से अंडरपास में पानी भर गया। थार कार डूब गई। बिजनौर में गंगा और उसकी सहायक मालन नदी उफान पर है। बारिश के चलते कई पुल डूब गए। प्रदेश में 3 दिन में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 4 मौतें गाजियाबाद में हुई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर पीड़ितों को तुरंत मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया है।

एमपी में तीन दिन कम बारिश के आसार

मध्य प्रदेश में अगले 3 दिन तक हल्की बारिश का दौर रहेगा। कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौजूदा सिस्टम कमजोर हो रहा है। जिसके चलते आगामी तीन दिन रिमझिम बारिश होगी। वहीं 14 जुलाई को कुछ जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। शनिवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर-ग्वालियर समेत सभी 55 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। यहां आंधी की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान के ऊपर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। इसका असर अगले सप्ताह देखने को मिलेगा।

Advertisement

राजस्थान में कमजोर हुआ मानसून

राजस्थान में मानसून की रफ्तार अब कमजोर हो गई है। मौसम विभाग के आगामी दिनों में प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने शनिवार को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, डीग, भरतपुर और धौलपुर जिलों में बारिश की उम्मीद जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। बीते 24 घंटे में अलवर श्रीगंगानगर, चूरू में सबसे ज्यादा बारिश हुई। अब 15 जुलाई से मानसून के फिर से तेजी पकड़ने की उम्मीद है। राजस्थान के 24 जिले ऐसे हैं, जहां सामान्य या कम बारिश हुई है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।