Loading...

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार, टारगेट किलिंग से पहले धराए शूटर

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार, टारगेट किलिंग से पहले धराए शूटर

Follow us

Share

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये तीनों किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। रोहिणी जिले के स्पेशल स्टाफ को इसकी जानकारी मिली थी जिसके बाद इन्हें ट्रैक किया जा रहा था। रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ की समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी घटना टल गई।

बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे शूटर

पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि गैंग से जुड़े कुछ बदमाश दिल्ली में सक्रिय हैं और उन्हें विदेश में बैठे नेटवर्क से निर्देश मिल रहे हैं। इसके बाद स्पेशल स्टाफ ने इन लोगों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए शूटर टारगेट किलिंग की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार, इनका काम किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाकर हमला करना था। ये आरोपी पहले भी दिल्ली में कई आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं और उन पर फायरिंग जैसी वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनका अगला निशाना कौन था, इन्हें हथियार कहां से मिलने वाले थे और इनके साथ इस साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही विदेश में बैठे उन लोगों की भी जांच की जा रही है जो इनसे संपर्क में थे।

अमेरिका में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ चला ऑपरेशन

इस बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ विदेश में भी कार्रवाई तेज हो गई है। अमेरिका में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ ऑपरेशन चलाया गया है। अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ एफबीआई ने 7 जुलाई से ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ (Operation Hard Ball) चलाया है। इस ऑपरेशन के तहत कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। एक्शन को ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ नाम दिया गया है। ऑपरेशन के तहत लॉरेंस बिश्नोई गैंग, उसके सहयोगियों गोल्डी बराड़ और जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

गोल्डी बराड़ पर भी शिकंजा कसने की तैयारी

एफबीआई ने गोल्डी बराड़ पर भी बड़ा एक्शन लिया है। एफबीआई ने उस पर 50 हजार डॉलर का इनाम घोषित किया है। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 50,000 डॉलर (करीब 43 लाख रुपये) तक के इनाम की घोषणा की है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम अपराध की दुनिया में दूर तक सुनाई देता है। ऐसे में इन लोगों के गैंग के मेंबर्स को पकड़कर ये साफ मैसेज दिया गया है कि अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे।

Advertisement

कौन है लॉरेंस?

लॉरेंस बिश्नोई का नाम लंबे समय से हत्या, रंगदारी, हत्या के प्रयास और संगठित अपराध जैसे कई मामलों में सामने आता रहा है। लॉरेंस इस समय जेल में ही बंद है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि वह जेल से ही जुर्म का साम्राज्य चला रहा है। उसके गैंग में तमाम शूटर्स हैं। फिलहाल पुलिस अपने काम में लगी हुई है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।