Loading...

डूंगरपुर में नहाते समय 6 डूबे, 4 भाई-बहनों की मौत…मामा के घर आई भांजी भी हादसे का शिकार

डूंगरपुर में नहाते समय 6 डूबे, 4 भाई-बहनों की मौत…मामा के घर आई भांजी भी हादसे का शिकार

Follow us

Share

डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर में बड़ा हादसा हो गया। धम्बोला थाना क्षेत्र के लिखी बड़ी गांव में वात्रक तालाब में नहाने गए 6 बच्चों में से चार की डूबने से मौत हो गई। जबकि दो बच्चों को ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया। मृतकों में तीन सगे भाई-बहन और उनकी फुफेरी बहन शामिल हैं। मृतकों में से एक लड़की गुजरात के पालनुपर की रहने वाली है। जबकि, तीन बड़ी गांव के ही निवासी हैं। तीनों की मौत के बाद परिवार में अब केवल माता-पिता बचे हैं। यह घटना रविवार सुबह 10 बजे की है।

नहाते समय तालाब की गहराई में चले गए बच्चे

धम्बोला थाना पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी गांव निवासी बाबूसिंह डामोर के बच्चे हिना (24), प्रतीक (20) और इशिता (15) अपने रिश्तेदारों के साथ वात्रक तालाब में नहाने पहुंचे थे। उनके साथ गुजरात के पालनपुर निवासी उनकी फुफेरी बहन रौनक (20) भी मौजूद थी। नहाने के दौरान सभी बच्चे अचानक तालाब के गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे।

ग्रामीणों ने दो बच्चों को बचाया

बच्चों को बचाने के लिए मौके पर मौजूद ग्रामीण तुरंत तालाब में कूद पड़े और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से राजवीर और जयसिंह नाम के दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सीमलवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि, हिना, प्रतीक, इशिता और रौनक को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

मां-बाप ही बचे

इस हादसे ने बाबूसिंह डामोर के परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा ही थे, जिनकी इस दुर्घटना में मौत हो गई। अब परिवार में केवल माता-पिता ही बचे हैं। बड़ी बेटी हिना गांव के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी। बेटा प्रतीक ने हाल ही में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और कॉलेज के प्रथम वर्ष में प्रवेश की तैयारी कर रहा था। सबसे छोटी बेटी इशिता 11वीं कक्षा की छात्रा थी।

Advertisement

छुट्टी बिताने आई थी ननिहाल

वहीं, रौनक चार दिन पहले ही अपने मामा के घर छुट्टियां बिताने पालनपुर से बड़ी गांव आई थी। किसी ने भी नहीं सोचा था कि उसकी यह यात्रा आखिरी साबित होगी। घटना की सूचना मिलते ही रौनक के परिजन पालनपुर से बड़ी गांव के लिए रवाना हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।