Loading...

प्राइवेट पार्ट दिखाने, छेड़छाड़ से लेकर दुष्कर्म तक; डिलीवरी एजेंट्स से जुड़े कई मामले आए सामने

Top News Trending Now क्राइम देश

प्राइवेट पार्ट दिखाने, छेड़छाड़ से लेकर दुष्कर्म तक; डिलीवरी एजेंट्स से जुड़े कई मामले आए सामने

Follow us

Share

नई दिल्ली। ऑनलाइन शॉपिंग और होम डिलीवरी सेवाएं आज लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी हैं। शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों और गांवों में भी लोग घर बैठे सामान मंगवा रहे हैं। लाखों डिलीवरी एजेंट रोजाना लोगों तक सामान पहुंचाने का काम करते हैं। इनमें ज्यादातर लोग पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी निभाते हैं, लेकिन कुछ मामलों में डिलीवरी एजेंट्स पर महिलाओं के साथ बदसलूकी, छेड़छाड़ और गंभीर अपराधों के आरोप सामने आए हैं। हाल ही में बेंगलुरु में सामने आए एक मामले ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यहां एक महिला ने आरोप लगाया कि एक डिलीवरी एजेंट ने उसके घर में जबरन घुसने की कोशिश की और उसके साथ अश्लील हरकत की।

बेंगलुरु में डिलीवरी एजेंट पर अश्लील हरकत का आरोप

बेंगलुरु के मराठाहल्ली इलाके में एक महिला ने आरोप लगाया कि फ्लिपकार्ट का एक डिलीवरी एजेंट बार-बार मना करने के बावजूद जबरन उसके घर में घुस गया। महिला के अनुसार, उसने टॉयलेट इस्तेमाल करने की बात कही और बाहर निकलते समय अश्लील हरकत करते हुए अपना प्राइवेट पार्ट दिखाया। घटना के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी की पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामत के रूप में की है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 79 और 329(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के बाद फ्लिपकार्ट ने बयान जारी किया

वहीं इस पूरी घटना के सामने आने के बाद फ्लिपकार्ट के प्रवक्ता ने बयान जारी किया है। जिसमें कहा गया है- हम इस घटना से बहुत परेशान हैं और पूरा सपोर्ट दे रहे हैं। कस्टमर की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। जैसे ही यह मामला हमारे सामने आया, हमने तुरंत सामने इसमें शामिल डिलीवरी पार्टनर का काम खत्म कर दिया। एक FIR दर्ज की गई है। हम जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।

Advertisement

दिल्ली में महिला ने लगाया गलत तरीके से छूने का आरोप

अक्टूबर 2025 में दिल्ली में एक महिला ने ब्लिंकिट के डिलीवरी एजेंट पर गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया था। महिला ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कंपनी पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। बाद में ब्लिंकिट ने आरोपी डिलीवरी एजेंट का कॉन्ट्रैक्ट समाप्त कर दिया। हालांकि, महिला ने इस मामले में पुलिस में एफआईआर दर्ज नहीं कराई थी।

मुंबई में छेड़छाड़ का मामला

अक्टूबर 2025 में मुंबई में भी ब्लिंकिट के एक डिलीवरी एजेंट पर महिला ग्राहक से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद कंपनी ने एजेंट के खिलाफ कार्रवाई की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

बेंगलुरु में विदेशी मॉडल से बदसलूकी

इसी दौरान बेंगलुरु के आरटी नगर इलाके में एक 21 वर्षीय ब्राजीलियाई मॉडल ने आरोप लगाया कि खाना पहुंचाने आए एक डिलीवरी एजेंट ने उसके साथ गलत व्यवहार और शारीरिक छेड़छाड़ की। शुरुआत में डर की वजह से उसने शिकायत नहीं की, लेकिन बाद में मामला दर्ज होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुणे में डिलीवरी एजेंट बनकर दुष्कर्म का आरोप

3 जुलाई 2025 को पुणे के कोंढवा इलाके में एक व्यक्ति कथित तौर पर कूरियर डिलीवरी एजेंट बनकर एक फ्लैट में घुस गया। पुलिस के अनुसार, उस समय 22 वर्षीय युवती घर में अकेली थी। आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

इन घटनाओं ने एक बार फिर इस बात पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि कंपनियों को डिलीवरी एजेंट्स की पहचान, पुलिस वेरिफिकेशन और ट्रेनिंग जैसी व्यवस्थाओं को और मजबूत करना चाहिए। हालांकि ऐसे मामले बड़ी संख्या में काम करने वाले डिलीवरी एजेंटों का प्रतिनिधित्व नहीं करते, लेकिन समय-समय पर सामने आने वाली घटनाएं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत जरूर बताती हैं। इसी तरह कैब सेवाओं से जुड़े कुछ मामलों में भी महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिससे अकेले रहने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।