Loading...

150 करोड़ की संपत्ति, शराब और गुस्से में पिता की हत्या, बेटे ने 6 गोलियां मारकर उतारा मौत के घाट

150 करोड़ की संपत्ति, शराब और गुस्से में पिता की हत्या, बेटे ने 6 गोलियां मारकर उतारा मौत के घाट

Follow us

Share

गाजियाबाद। राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 150 करोड़ की प्रॉपर्टी के विवाद में बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने पिस्टल से पिता के चेहरे, सीने और पेट में 6 गोलियां मारीं। आरोपी शराब का आदि है। वारदात के समय आरोपी शराब पीकर घर आया था। देर रात शराब पीकर घर आने पर पिता ने उसे डांट दिया। इसके बाद आरोपी ने बुधवार रात करीब 12 बजे वारदात को अंजाम दिया। गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था। आरोपी की तलाश में पुलिस की 4 टीमें लगाई गई हैं। यह घटना गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र की है।

जमीन विवाद बना हत्या का कारण

जानकारी के अनुसार, हरिओम चौधरी (52) बुदाना गांव के रहने वाले थे। वह संपन्न किसान थे। मोदीनगर में उनके नाम पर 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड पर जीवन अस्पताल के सामने एक मार्केट है। उनकी कुल संपत्ति करीब 150 करोड़ रुपए बताई जा रही है। परिवार में पत्नी मीनाक्षी, बड़ा बेटा निखिल और छोटा बेटा नीशू हैं। दोनों बेटों की शादी नहीं हुई है। बड़ा बेटा निखिल 12 वीं तक पढ़ा है और शराब का आदी है। इसी वजह से पिता से उसका अक्सर विवाद होता था। उन्होंने निखिल को मार्केट में दुकानें और 25 बीघा जमीन दे रखी थी, लेकिन वह बाकी संपत्ति भी अपने नाम कराना चाहता था। निखिल प्रॉपर्टी अपने नाम कराने के लिए पिता हरिओम चौधरी पर लगातार दबाव बना रहा था। हरिओम इसके लिए तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि बेटा जमीन बेचकर शराब पी जाएगा। रात को भी जब पिता ने डांटा तो विवाद बढ़ा और निखिल ने पिता की हत्या कर दी।

पहले हाथापाई की, फिर गोली मार दी

एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि बुधवार रात हरिओम चौधरी ने पत्नी और छोटे बेटे के साथ खाना खाया। उस समय बड़ा बेटा निखिल घर पर नहीं था। वह देर रात शराब पीकर घर पहुंचा। पिता ने शराब पीकर आने पर उसे डांट दिया। इस पर निखिल ने अवैध पिस्टल निकाल ली और पिता से गाली-गलौज करने लगा। दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। शोर सुनकर हरिओम की पत्नी मीनाक्षी और छोटा बेटा नीशू भी वहां पहुंच गए। इसी दौरान हाथापाई हुई और निखिल ने पिता पर ताबड़तोड़ 6 गोलियां चला दीं। गोली लगते ही हरिओम फर्श पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

हत्यारोपी निखिल नेहरा का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2018 में अपने छोटे भाई निशु पर भी हमला कर चुका है। उस हमले में निशु गंभीर रूप से घायल हुआ था। पुलिस अब निखिल के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। पुलिस टीमें उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयासरत हैं।

Advertisement

एसीपी बोले- आरोपी जल्द पकड़ा जाएगा

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया परिजनों ने जमीन विवाद की बात बताई है। हरिओम की पत्नी मीनाक्षी ने मोदीनगर में बेटे के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। केस दर्ज कर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।