Loading...

भारत की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार खत्म! रेल मंत्री ने बताया कब शुरू होगी पहली हाई-स्पीड ट्रेन

भारत की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार खत्म! रेल मंत्री ने बताया कब शुरू होगी पहली हाई-स्पीड ट्रेन

Follow us

Share

अहमदाबाद। भारत का बहुप्रतीक्षित बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट अब तेजी से अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि देश की पहली बुलेट ट्रेन सेवा अगस्त 2027 तक शुरू कर दी जाएगी। यह ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के पहले सेक्शन पर चलेगी। रेल मंत्री के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और बाकी काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद के ऐतिहासिक कालूपुर रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना और मेट्रो प्रोजेक्ट की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य की समीक्षा की और परियोजना की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी।

चरणों में शुरू होगा पूरा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर

रेल मंत्री ने बताया कि बुलेट ट्रेन परियोजना को एक साथ नहीं, बल्कि अलग-अलग चरणों में शुरू किया जाएगा। सबसे पहले 2027 में सूरत से बिलिमोरा के बीच हाई-स्पीड ट्रेन सेवा शुरू होगी। इसके बाद वापी से सूरत का सेक्शन तैयार किया जाएगा। फिर वापी से अहमदाबाद के बीच ट्रेन चलाने की योजना है। इसके बाद अहमदाबाद से ठाणे और आखिर में अहमदाबाद से मुंबई तक का हिस्सा पूरा किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि 2029 तक पूरा मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर सभी चरणों में चालू हो जाए। रेल मंत्री ने बताया कि गुजरात के हिस्से में लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है।

Advertisement

100 फीट ऊंचे पुल पर दौड़ेगी बुलेट ट्रेन

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि शहर के अंदर बुलेट ट्रेन का निर्माण सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा है। कई स्थानों पर मौजूदा रेलवे लाइनों, फ्लाईओवर और अन्य ढांचों के ऊपर से ट्रैक गुजरेंगे। कुछ जगहों पर डबल क्रॉसिंग जैसी जटिल इंजीनियरिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद शहर में बुलेट ट्रेन का पुल औसतन 100 फीट की ऊंचाई पर बनाया गया है। पुल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और अब उस पर हाई-स्पीड ट्रैक बिछाने का काम शुरू किया जाएगा।

एक ही परिसर में मिलेंगी चार परिवहन सुविधाएं

अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन की सबसे बड़ी खासियत इसका मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन होगा। यहां बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन, भारतीय रेलवे स्टेशन और बुलेट ट्रेन स्टेशन को एक ही परिसर में जोड़ा जाएगा। रेल मंत्री ने बताया कि यात्रियों को एक परिवहन सेवा से दूसरी सेवा तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। यदि कोई यात्री मेट्रो से आएगा तो वह सीधे बुलेट ट्रेन या रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकेगा। इसी तरह रेलवे स्टेशन से उतरकर आसानी से बुलेट ट्रेन तक जाया जा सकेगा। स्टेशन का डिजाइन भी खास तरीके से तैयार किया गया है। अहमदाबाद की पतंगबाजी की परंपरा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन की वास्तुकला में पतंग की थीम को शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा बुलेट ट्रेन की प्लानिंग बहुत अच्छी तरह से की गई है। ग्राउंड फ्लोर पर मेट्रो होगी। मेट्रो से आने वाले यात्री पहली मंजिल पर मौजूद रेलवे स्टेशन तक जा सकते हैं, जबकि दूसरी मंजिल बुलेट ट्रेन स्टेशन से जुड़ती है। इसी तरह बुलेट ट्रेन से उतरने के बाद सीधे भारतीय रेलवे के स्टेशन पर भी पहुंच सकेंगे और ग्राउंड फ्लोर पर मेट्रो स्टेशन तक पहुंच पाएंगे।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की खासियत

मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर भारत का पहला डेडिकेटेड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर है। इस कॉरिडोर में 12 स्टेशन होंगे, यह लगभग 508 किलोमीटर लंबा है। बुलेट ट्रेन से मुंबई से अहमदाबाद का सफर महज 1 घंटा 58 मिनट में पूरा हो जाएगा। ट्रेनों को 320 किमी/घंटा की ऑपरेशनल स्पीड और 350 किमी/घंटा की डिजाइन स्पीड पर चलने के लिए बनाया गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत भारत में पहली बार J-स्लैब बैलास्टलेस ट्रैक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा।

इस कॉरिडोर में 2×25 kV ट्रैक्शन सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए 20 हजार से ज्यादा ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन मास्ट लगाए जाएंगे। इसमें 12 ट्रैक्शन सबस्टेशन, दो डिपो ट्रैक्शन सबस्टेशन और 16 डिस्ट्रीब्यूशन सबस्टेशन भी होंगे।

बुलेट ट्रेन के इन कॉरिडोर पर भी शुरू होगा काम

केंद्र सरकार ने अपनी लंबी अवधि की विस्तार योजनाओं के तहत लगभग 4,000 किलोमीटर लंबे सात और हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की पहचान की है, जिन पर लगभग 16 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इनमें

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन : 1 घंटा 58 मिनट (काम जारी)
मुंबई-पुणे बुलेट ट्रेन : 48 मिनट।
बेंगलुरु-चेन्नई बुलेट ट्रेन : 73 मिनट।
बेंगलुरु-हैदराबाद बुलेट ट्रेन : 2 घंटा 10 मिनट।
पुणे-हैदराबाद बुलेट ट्रेन : 2 घंटे 8 मिनट।
दिल्ली-लखनऊ बुलेट ट्रेन : 2 घंटे।
दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन : सवा 3 घंटे।
दिल्ली-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन : 6 घंटे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।