Loading...

‘युद्ध के समय नहीं आने दिया ऊर्जा संकट’, पीएम मोदी ने रिफाइनरी लोकार्पण पर गिनाईं ये उपलब्धियां

‘युद्ध के समय नहीं आने दिया ऊर्जा संकट’, पीएम मोदी ने रिफाइनरी लोकार्पण पर गिनाईं ये उपलब्धियां

Follow us

Share

PM Modi in Rajasthan: बालोतरा। राजस्थान में आज यानी शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। यह दिन प्रदेश के लिए विकास की नई सौगातें लेकर आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान दौरे के दौरान जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल और करीब 79,459 करोड़ रुपए की लागत से पचपदरा में देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का लोकार्पण किया। इसके साथ ही रिफाइनरी से जुड़े पेट्रोकेमिकल जोन के विकास की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है। इस रिफाइनरी से निकलने वाले उप-उत्पादों (बाय-प्रोडक्ट्स) पर आधारित प्लास्टिक उद्योग स्थापित किए जाएंगे। वहीं जोधपुर में बना नया एयरपोर्ट टर्मिनल ‘उड़ान’ परियोजना के तहत लगभग 480 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इससे मारवाड़ की समृद्ध विरासत और आधुनिक बुनियादी ढांचे के इस अनूठे संगम में देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।

पचपदरा रिफाइनरी से जुड़ी खास बातें

करीब 79,459 करोड़ रुपए की लागत से विकसित पचपदरा रिफाइनरी देश की सबसे बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं में शामिल है। इसके निर्माण के लिए 1.5 करोड़ घन मीटर मिट्टी की खुदाई की गई, जो लगभग 15 हजार ओलंपिक आकार के स्विमिंग पूलों को भरने के बराबर है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यह खुदाई मिस्र के गीजा पिरामिड के निर्माण में हुई खुदाई से लगभग छह गुना अधिक है। चलिए यहां बता रहे हैं आज के कार्यक्रम से जुड़ी पीएम मोदी के भाषण की पांच बड़ी बातें।

‘राजस्थान की धरती के कण-कण ने हमें सीख दी’

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजस्थान की धरती के कण-कण ने हमें स्वाभिमान की सीख दी है। यह रिफाइनरी यहां हजारों लोगों के लिए रोजगार का माध्यम बनेगी। आज का दिन इस बात का साक्षी है कि भाजपा की सरकारें केवल परियोजनाओं का शिलान्यास करके उन्हें अधूरा नहीं छोड़तीं, बल्कि उन्हें समय पर पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत करती हैं। दो माह पहले यहां हुई दुर्घटना के बावजूद इतनी जल्दी परियोजना का कार्य पूरा होना बड़ी उपलब्धि है। नया भारत अपने संकल्पों से न पीछे हटता है और न ही अपनी विकास यात्रा की रफ्तार कम करता है। आज राजस्थान विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

Advertisement

‘छोटे-छोटे क्षेत्रों को भी हवाई सेवाओं से जोड़ा जाएगा’

प्रधानमंत्री ने कहा कि जोधपुर का नया एयरपोर्ट टर्मिनल सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। यह टर्मिनल मारवाड़ के विकास को नई गति देगा। उन्होंने बताया कि आज जोधपुर से ही नई उड़ान योजना की शुरुआत की गई है, जिसके तहत दूर-दराज के छोटे-छोटे क्षेत्रों को भी हवाई सेवाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही शेखावाटी क्षेत्र के जल संकट के समाधान के लिए भी व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज राजस्थान के 54 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए हैं।

‘युद्ध के बीच नहीं प्रभावित होने दी घरेलू गैस की कामतें’

पश्चिमी एशिया में हुए युद्ध का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस युद्ध ने 21वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट पैदा हो गया था। लेकिन 21वीं सदी के नए भारत का संकल्प इस संकट पर भारी पड़ा। हमने हर स्तर पर सही और समयबद्ध फैसले लिए, संकट का सटीक आकलन किया और प्रभावी रणनीति तैयार की। उन्होंने कहा कि इन संवेदनशील निर्णयों का महत्व आने वाला इतिहास अवश्य दर्ज करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपनी जरूरत की लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी का आयात करता है, जिसका बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से आता है। युद्ध और तनाव के कारण आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया था। ऐसे समय में राजस्थान की धरती से मिली संघर्ष की प्रेरणा के साथ सरकार ने देश में ही एलपीजी उत्पादन बढ़ाने का निर्णय लिया।

उन्होंने बताया कि सिर्फ सात दिनों में 54 हजार मीट्रिक टन अतिरिक्त एलपीजी का उत्पादन बढ़ाया गया। साथ ही एलपीजी पर अतिरिक्त दबाव कम करने के लिए बड़ी संख्या में पीएनजी कनेक्शन दिए गए। लगभग 11 लाख नए पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं पर बोझ न पड़े। प्रधानमंत्री ने कहा कि युद्ध के कारण जो हालात पैदा हुए, उसके कारण घरेलू गैस के दाम 2 हजार रुपए तक जा सकते थे। सरकार ने इसको लेकर बेहतर मैनजमेंट किया। इसी का परिणाम है, सिलेंडर 950 रुपए के करीब मिल रहा है।

‘युद्ध के समय भारत की डिप्लोमेसी का जलवा दिखा’

पीएम मोदी ने कहा कि अप्रैल से जून के बीच पेट्रोल-डीजल से ही कंपनियों को 75 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ। ये इतना बड़ा था कि एक नई रिफाइनरी बन जाए। ये घाटा सरकारी खजाने से भरा गया। युद्ध के समय भारत की दूसरे देशों से दोस्ती बहुत काम आई। पहले जहां 25-26 देशों से ईंधन खरीदते थे, वह 40 देशों तक पहुंच गया। युद्ध के समय भारत की डिप्लोमेसी का जलवा दिखा। दूसरे देशों के साथ हमारे अच्छे संबंध इस संकट की घड़ी में बहुत काम आए।

‘बिना किसी विवाद, संघर्ष और लड़ाई के नर्मदा का पानी दिया’

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों ने राजस्थान के जल संकट को दूर करने के लिए ठोस काम नहीं किया। भाजपा क्षेत्रवाद और बंटवारे की सियासत नहीं करती। भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना पर चलती है। हमने जब गुजरात में पानी पहुंचाने की योजनाओं पर काम किया था। राजस्थान को पानी देने की बात आई थी। देश के हर कोने में कई राज्यों में पानी को लेकर लड़ाई चल रही थी। राजस्थान के लोगों को लग रहा था गुजरात नर्मदा का पानी देगा या नहीं। उस समय मैं गुजरात का सीएम था, यहां बहन वसुंधरा सीएम थीं। हम दोनों ने मिलकर बिना किसी विवाद, संघर्ष और लड़ाई के गुजरात से राजस्थान को नर्मदा का पानी साझा किया। राजस्थान के कई गांवों तक नर्मदा का पानी पहुंच रहा है।

‘हमने किसानों को 300 रुपए में यूरिया दी’

पीएम मोदी ने कहा कि यूक्रेन युद्ध के कारण खाद का गंभीर संकट पैदा हो गया था। एक बोरी यूरिया की कीमत 3,000 रुपए से भी ऊपर पहुंच गई थी। इसके बावजूद हमने देश के किसानों को यूरिया मात्र 300 रुपये में उपलब्ध कराया। इसके लिए सरकार ने खजाने से लाखों करोड़ रुपये की सब्सिडी दी। आयात के रास्ते भी बंद थे। दुनिया के कई देशों में डीजल- पेट्रोल की कीमतों में 40 से 50 प्रतिशत तक का इजाफा हो गया। कई देशों में तो डीजल-पेट्रोल कोटे में मिलने लग गया। लेकिन भारत में एक दिन भी ऐसे हालात नहीं हुए। अफहाएं बहुत फैलाई गई।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।