Loading...

‘सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं’: वांगचुक की पत्नी की हाईकोर्ट में याचिका; सोनम का नया संदेश, क्या फिर बढ़ेगा आंदोलन?

‘सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं’: वांगचुक की पत्नी की हाईकोर्ट में याचिका; सोनम का नया संदेश, क्या फिर बढ़ेगा आंदोलन?

Follow us

Share

नई दिल्ली। पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने सफदरजंग अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की पत्नी ने उन्हें प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट करने की मांग की है। पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। आंग्मो का कहना है कि उन्हें सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं है। यह एक गैरकानूनी डिटेंशन जैसा बन गया है। बता दें कि दिल्ली पुलिस शनिवार सुबह वांगचुक को जंतर-मंतर से उठाकर सफदरजंग अस्पताल ले गई थी। अस्पताल में भी वांगचुक की भूख हड़ताल जारी है। रविवार को उनकी भूख हड़ताल का 22वां दिन है। उन्होंने ड्रिप, ओआरएस और दवा लेने से इनकार कर दिया है।

गीतांजलि ने दावा किया कि अस्पताल ने उन्हें बताया था कि सोनम वांगचुक का पोटेशियम स्तर घटकर 2.9 रह गया है और इसे चिंताजनक व जानलेवा स्थिति बताया गया। हालांकि, अस्पताल द्वारा जारी सार्वजनिक हेल्थ बुलेटिन में वास्तविक आंकड़ा साझा नहीं किया गया और केवल इतना कहा गया कि पोटेशियम का स्तर कम हो रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक स्वतंत्र प्रयोगशाला की जांच में पोटेशियम स्तर 3.5 पाया गया, जो सामान्य सीमा के भीतर है।

वार्ड के बाहर लगभग 30 पुलिसकर्मी तैनात

गीतांजलि ने आरोप लगाया कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद अस्पताल प्रशासन सोनम वांगचुक को डिस्चार्ज करने या उनकी पसंद के किसी निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की अनुमति नहीं दे रहा है। उनके अनुसार, वार्ड के बाहर लगभग 30 पुलिसकर्मी और पूरे अस्पताल परिसर में 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिससे उनकी आवाजाही सीमित हो गई है। उन्होंने इसे चिकित्सकीय देखभाल नहीं, बल्कि ‘अवैध हिरासत’ बताया।

Advertisement

CJP का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी

उधर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है। CJP फाउंडर अभिजीत दीपके भी भूख हड़ताल कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने 20 जुलाई को संसद तक मार्च निकालने की बात कही है। सोनम वांगचुक की तरफ से उनके सोशल मीडिया पर लिखा गया कि 20 जुलाई को आजादी का दूसरा आंदोलन है। पेपर लीक जैसे अन्याय से आजादी और मेरी अवैध हिरासत जैसे डर से आजादी।

वांगचुक ने पत्नी के जरिए भेजा खास मैसेज

सोनम वांगचुक की ओर से उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो के माध्यम से एक हस्तलिखित संदेश जारी किया गया है। इस संदेश में उन्होंने 20 जुलाई को होने वाले कार्यक्रम को ‘आजादी का दूसरा आंदोलन’ बताते हुए लोगों से संसद मार्च में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। हस्तलिखित संदेश में सोनम वांगचुक ने लिखा है, ‘आजादी का दूसरा आन्दोलन, जय मुक्त भारत, अन्याय मुक्त भारत।’ इसके साथ उन्होंने अंग्रेजी में Freedom from injustice (Like paper leaks)’ और ‘Freedom from Fear (my illegal detention); यानी अन्याय (जैसे पेपर लीक) से आजादी’ और ‘डर से आजादी (मेरी कथित अवैध हिरासत)’ का उल्लेख किया है। संदेश में आगे सोनम वांगचुक ने 20 जुलाई को संसद मार्च को सफल बनाने की अपील की है। संदेश के अंत में उन्होंने लिखा, यह संदेश उनकी पत्नी गीतांजलि के माध्यम से सफदरजंग में अपनी ‘कथित अवैध हिरासत’ से भेजा गया है।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने के बाद सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, सोनम डॉक्टरों के निगरानी में हैं। और अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ अपडेट के अनुसार उनके वाइटल पैरामीटर स्थिर हैं, हालांकि उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

जेएनयूटीए ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (जेएनयूटीए) ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और अभिभावकों पर पुलिस द्वारा की गई कथित बर्बर कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। जेएनयूटीए ने इसे लोकतांत्रिक असहमति पर एक शर्मनाक और तानाशाही हमला करार दिया है। जेएनयूटीए का मानना है कि यह कार्रवाई उन नागरिकों के खिलाफ राज्य की शक्ति का दुरुपयोग है, जिन्होंने युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने वाली नीतियों के लिए जिम्मेदार सत्ता से सवाल पूछने का साहस किया। संगठन के अनुसार, सरकार ने इस कृत्य से अपनी राजनीतिक और नैतिक विश्वसनीयता को उजागर किया है। यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार अब युवाओं की गंभीर चिंताओं को हल करने योग्य संकट के बजाय दबाए जाने वाले जनसंपर्क संकट के रूप में देख रही है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय शिक्षक संगठन भी सोनम वांगचुक के समर्थन में आया। 20 जुलाई को होने वाले मार्च का समर्थन भी किया है।

सफदरजंग अस्पताल ने जारी किया हेल्थ अपडेट

सोनम वांगचुक का सफदरजंग अस्पताल में इलाज जारी है। अस्पताल के अनुसार, सोनम वांगचुक को आवश्यक चिकित्सकीय उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेतक (वाइटल पैरामीटर) स्थिर हैं। हालांकि, रक्त जांच से जुड़े कुछ मानक अभी भी सामान्य से थोड़ा प्रभावित हैं। अस्पताल का कहना है कि लंबे समय से जारी भूख हड़ताल के कारण शरीर पर पड़े शारीरिक और प्रणालीगत प्रभावों को देखते हुए उन्हें विशेषज्ञों की बहु-विषयक टीम की निगरानी में लगातार चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।