Loading...

नींद की गोलियां खिलाईं, सांप से कटवाया… 20 लाख रुपए के लिए प्रेमी संग पत्नी ने किया पति का कत्ल

नींद की गोलियां खिलाईं, सांप से कटवाया… 20 लाख रुपए के लिए प्रेमी संग पत्नी ने किया पति का कत्ल

Follow us

Share

Snake Bite Murder Mystery In Meerut : मेरठ। उत्तरप्रदेश के मेरठ में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। महिला ने अपने पति को मारने के लिए ऐसा रास्ता कि मौत के बाद उस पर किसी को शक न हो। महिला ने प्रेमी संग मिलकर पति को सांप से डसवा दिया। वारदात से पहले महिला ने पति को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दी। फिर रात में प्रेमी और सपेरों को बुलाकर बिस्तर पर सांप छोड़ दिया। पुलिस में इस मामले में महिला और उसके प्रेमी सहित दो सपेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब आरोपियों से पूछताछ की तो चौकाने वाले खुलासे हुए, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। यह घटना मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना इलाके के जे ब्लॉक कॉलोनी की है।

जानकारी के अनुसार, अतुल पंवार (35) अपनी पत्नी दामिनी (30) साथ मिलकर एक साधारण जिंदगी जी रहे थे। सात साल पहले दोनों ने लव मैरिज की थी और उनका एक छह साल का बेटा है। पिछले चार महीनों से परिवार जे ब्लॉक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। उन्होंने तीन महीने पहले कस्बे में कृष्णा किड्स प्ले स्कूल शुरू किया था, ताकि गुजारा हो सके।

पति को लेकर पत्नी ने क्या बताया?

शुक्रवार सुबह अतुल मरा हुआ मिला। पुलिस ने बताया कि दामिनी ने पड़ोसियों को बताया कि उसके पति को सोते समय सांप ने काट लिया था। दामिनी ने कहा कि उसे उसका पता तब चला जब वह उसे चाय देने के लिए कमरे में गई और उसके हाथों और पैरों पर काटने के निशान देखे। तब तक आस-पास के लोग घर पर जमा हो गए थे और पुलिस ने बताया कि कई लोगों ने कमरे के अंदर सांप देखने की बात कही। दामिनी ने पुलिस को बताया कि गर्मी की वजह से वह और उनका बेटा कमरे के बाहर सोए थे, जबकि अतुल अंदर अकेला सोया था। अतुल को हस्तिनापुर के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

पिता को ऐसे हुआ शक

पुलिस के मुताबिक, शुरूआत में यह मामला सांप के काटने से हुई दुखद मौत का लग रहा था। अतुल का परिवार उसकी बॉडी को अंतिम संस्कार के लिए मेरठ के भंडोरा गांव ले गया। हालांकि उसके पिता को शक था और दामिनी के मना करने के बावजूद उन्होंने पोस्टमॉर्टम जांच पर जोर दिया। फिर पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दामिनी के फोन रिकॉर्ड खंगाले और परिवार के करीबी लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने पाया कि दामिनी स्कूल में काम करने वाले 35 वर्षीय ड्राइवर तुषार पायला उर्फ निक्की के साथ अक्सर संपर्क में थी। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो दामिनी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के सामने टूट गई दामिनी, कबूला सच

मेरठ एसीपी अभिजीत कुमार ने कहा कि सबूतों के सामने आने पर दामिनी टूट गई और कथित तौर पर अपने पति की हत्या की साजिश अपने कथित प्रेमी तुषार के साथ करने की बात मान ली। इसके बाद
पुलिस ने तुषार को पकड़ा गया तो उसने पूरी साजिश कबूल कर ली। उसने बताया कि अतुल उनके रिश्ते में रोड़ा बन रहा था। अतुल ने 20 लाख रुपए का बीमा भी कराया था। हत्या के बाद बीमा की रकम लेकर दोनों नई जिंदगी शुरू करना चाहते थे। इसलिए दोनों ने 5 लाख रुपए में दो सपेरों को तैयार किया और अतुल को करैत सांप से डसवा दिया। पुलिस ने चार लोगों (दामिनी, तुषार, और दो सांप पकड़ने वाले, सोनू और उदय कुमार) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

वारदात को अंजाम कैसे दिया

दामिनी ने पहले पति अतुल (32) को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दी। फिर रात 2 बजे प्रेमी और सपेरों को बुलाकर बिस्तर पर करैत सांप छोड़ दिया। वारदात के बाद दामिनी ने प्रेमी तुषार पायला को वहां से भगा दिया और खुद दूसरे कमरे में सोने चली गई। दामिनी शुक्रवार सुबह 6 बजे कमरे में पहुंची और चीखने लगी। उसने परिजनों से कहा कि अतुल को सांप ने काट लिया है। कमरे में सांप मौजूद था और अतुल के पैर पर डसने के निशान भी थे। इसे देखकर परिजनों को लगा कि उनकी मौत सांप के डसने से हुई है।

7 साल पहले की थी लव मैरिज

अतुल कुमार मेरठ जिला मुख्यालय से 30 किमी भंडोरा गांव के रहने वाले थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। पिता अजब सिंह (72) खेती-किसानी करते हैं, जबकि मां संतोष देवी (69) गृहिणी हैं। बड़े भाई कुलदीप सेना से रिटायर हैं और पत्नी-बच्चों के साथ बहसूमा में रहते हैं। दूसरे भाई मनदीप ने चार साल पहले फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था। वहीं, दामिनी ने डबल एमए (M.A.) और बीएड (B.Ed.) किया है। उसके पिता की मौत हो चुकी है। मां हस्तिनापुर में ही छोटे बेटे के साथ रहती हैं। 7 साल पहले अतुल ने परिवार के खिलाफ जाकर दामिनी से लव मैरिज की थी। पहले वह एक कंप्यूटर कंपनी में प्राइवेट नौकरी करते थे। चार साल पहले नौकरी छोड़कर उन्होंने कृष्ण किड्स प्ले स्कूल खोला, जिसे वह पत्नी के साथ मिलकर चलाते थे। स्कूल में नर्सरी से कक्षा 5 तक की पढ़ाई होती है और करीब 150 बच्चे पढ़ते हैं। अतुल के पिता अजब सिंह ने बताया कि दामिनी की परिवार से नहीं बनती थी। उसने कहा था कि किसी पुरोहित ने चार साल तक परिवार से अलग रहने की सलाह दी है। इसके बाद अतुल हस्तिनापुर में किराए के मकान में पत्नी दामिनी (30) और 6 साल के बेटे के साथ रहने लगे।

कार से मारने किया था प्लान

पुलिस के मुताबिक, दो साल पहले तुषार ने अतुल के स्कूल में 10 हजार रुपए पर वैन ड्राइवर की नौकरी शुरू की। इसी दौरान उसकी दामिनी से नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया। दोनों शादी करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने अतुल को रास्ते से हटाने और 20 लाख रुपए की बीमा राशि हासिल करने की साजिश रची। योजना थी कि हत्या के बाद तुषार अपनी पत्नी को तलाक देगा और दोनों नई जिंदगी शुरू करेंगे। जांच में पता चला कि दामिनी पिछले एक साल से पति की हत्या की साजिश रच रही थी। कुछ दिन पहले अतुल को एक अर्टिगा कार से टक्कर भी मारी गई थी, लेकिन दामिनी ने उस मामले में मुकदमा दर्ज कराने से मना कर दिया। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से अतुल के खाने में नशीली गोलियां भी मिला रही थी। अतुल को इस बात का शक हो गया था। उन्होंने अपनी मां से भी इसकी शिकायत की थी। इसी वजह से उनकी तबीयत कई बार बिगड़ी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

साजिशें नाकाम हुईं तो सांप से डसवाया

पुलिस के मुताबिक, पहले की कोशिशें नाकाम होने पर दामिनी और तुषार ने सांप से डसवाकर हत्या की साजिश रची। तुषार, दामिनी को अपने सपेरे दोस्त सोनू और उदय के पास ले गया। दोनों सपेरों से 5 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। पुलिस ने दावा किया कि दोनों सांप पकड़ने वालों को पहले ही 15,000 रुपए एडवांस में दिए जा चुके थे। फिर प्लानिंग के तहत गुरुवार को दामिनी और तुषार ने बाजार से नींद की गोलियां खरीदीं और अतुल के खाने में मिला दीं। रात में अतुल के सोने के बाद तुषार ने सोनू और उदय को बुलाया। उन्होंने जहरीले सांप से अतुल को डसवाया और सांप को कमरे में छोड़कर चले गए। दामिनी बेटे के साथ दूसरे कमरे में सो गई।

प्रेमी के मोबाइल में मिली सांप की फोटो

एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि शुरुआत से ही दामिनी सांप के काटने से मौत होने की बात कह रही थी। हालांकि, सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ में उसके और स्कूल के वैन ड्राइवर तुषार के अफेयर का पता चला। तुषार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसके मोबाइल में डिब्बे में बंद सांप की फोटो मिली, जो घटनास्थल पर मिले सांप से मेल खाती थी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने दो सपेरों की मदद से सांप खरीदकर हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।