Loading...

राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन… पीएम मोदी ने देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का उद्घाटन किया, जयपुर मेट्रो के फेज-2 की आधारशिला भी रखी

राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन… पीएम मोदी ने देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का उद्घाटन किया, जयपुर मेट्रो के फेज-2 की आधारशिला भी रखी

Follow us

Share

PM Narendra Modi Rajasthan Visit : बालोतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शनिवार) राजस्थान के दौरे पर हैं। उन्होंने राजस्थान में करीब 1.06 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने बालोतरा के पचपदरा में देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने कंट्रोल रूम को देखा और कंट्रोल रूम में एक्सपट्‌र्स से बात की। इसके अलावा उन्होंने जयपुर मेट्रो के फेज-2 की आधारशिला (वर्चुअल) भी रखी। इससे पहले शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे जोधपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया था। इसके साथ ही उन्होंने नए टर्मिनल को देखा था। ‘उड़ान-2.0’ की शुरुआत भी यहां से की थी। इसका प्रजेंटेशन PM को दिखाया गया था। इस दौरान सीएम भजनलाल शर्मा, गजेंद्र सिंह शेखावत, सिविल एविएशन मंत्री राममोहन नायडू समेत कई अन्य मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे।

कर्मचारियों से मिले पीएम मोदी, परिसर में लगाया पौधा

पीएम नरेंद्र मोदी ने रिफाइनरी में काम करने वाले कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। पीएम मोदी कंट्रोल विंग में पहुंचकर इंजीनियरों से रिफाइन होने वाले तेल को लेकर जानकारी ली। उन्होंने रिफाइनरी के उद्घाटन से पहले रिफाइनरी पर बनी फिल्म भी देखी। इससे पहले उन्होंने बालोतरा के पचपदरा रिफाइनरी परिसर में पौधा लगाया। उनके साथ में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी आदि मौजूद रहे।

सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया आभार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी का आभार जताया। उन्होंने एक्स पर वीडियो साझा किया और लिखा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 480 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित जोधपुर हवाई अड्डे के नए भव्य टर्मिनल भवन का उद्घाटन क्षेत्र के प्रगति पथ पर एक मील का पत्थर है। 23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह आधुनिक टर्मिनल प्रति वर्ष 20 लाख यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने में सक्षम है। राजस्थान की विरासत, झरोखों और मेहराबों से सुसज्जित यह भवन सतत विकास का अनुपम उदाहरण है। इस सौगात से मारवाड़ में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों को अभूतपूर्व विस्तार मिलेगा। माननीय प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार!

Advertisement

पूर्व सीएम बोले- राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि प्रदेश की पहली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी का उद्घाटन आज होने जा रहा है। मुझे संतोष है कि हमारी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई परियोजना आज क्रियाशील होने जा रही है। 2008 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद ही राज्य में रिफाइनरी लगाने के गंभीर प्रयास शुरू किए गए। यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के विशेष सहयोग के कारण राजस्थान को रिफाइनरी मिल सकी। इस दौरान पेट्रोलियम मंत्री रहे मुरली देवड़ा और श्री वीरप्पा मोइली के साथ लगातार संपर्क रखकर एचपीएसीएल को रिफाइनरी के लिए सहमत किया गया।

सोनिया गांधी और पूर्व पेट्रोलियम मंत्री ने किया था रिफाइनरी का शिलान्यास

साल 2013 में कांग्रेस सरकार के दौरान यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी एवं पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली ने रिफाइनरी का शिलान्यास किया। यह दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि राजनीतिक कारणों से पांच साल तक रिफाइनरी का काम बन्द रहा जिससे इसकी लागत बढ़ती गई। 2018 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद रिफाइनरी के काम को प्राथमिकता पर शुरू किया गया एवं कोविड जैसी विपरीत परिस्थिति के बावजूद लगभग 85 प्रतिशत काम कांग्रेस सरकार में पूरा किया गया।

कांग्रेस सरकार का विजन रिफाइनरी के साथ पेट्रो केमिकल जोन बनाने का था जिसमें रिफाइनरी से निकलने वाले बाई प्रोडक्ट्स के प्लास्टिक आधारित उद्योग लगें जिससे लाखों नए रोजगार पैदा होंगे। कांग्रेस सरकार के दौरान इसके लिए जमीन आवंटन भी किया गया परन्तु अभी यह ठंडे बस्ते में है। आज रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ इस पेट्रो केमिकल जोन का काम तेजी से शुरू किया जाए और इसे राजस्थानी लोगों के लिए आरक्षित किया जाए जिससे बाहर के व्यवसायियों की बजाय स्थानीय लोगों को प्लास्टिक आधारित उद्योग लगाने एवं रोजगार में प्राथमिकता मिल सके।

जयपुर मेट्रो के फेज-2 परियोजना की रखेंगे आधारशिला

जयपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना के तहत प्रह्लादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण (नॉर्थ-साउथ) मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इस कॉरिडोर पर 36 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे, जो सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, वीकेआई इंडस्ट्रियल एरिया, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख व्यावसायिक और रिहायशी क्षेत्रों को आपस में जोड़ेंगे। परियोजना पूरी होने के बाद शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को तेज, सुरक्षित व सुविधाजनक सफर की सुविधा मिलेगी।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।