Loading...

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 4 दिन में 7 राज्यों को किया कवर, केरलम-तमिलनाडु में भारी बारिश

Follow us

Share

नई दिल्ली। चार दिन की देरी से पहुंचने के बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। 4 दिन के अंदर इसने 7 राज्यों को कवर कर लिया है। शनिवार को मानसून ने आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मिजोरम और मणिपुर में एंट्री ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि अगले 2 दिन में यह पूरे महाराष्ट्र को कवर कर लेगा। इससे पहले शुक्रवार को कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा में पहुंचा था।

बता दें कि केरलम में मानसून 4 जून को पहुंचा था। मानसून के चलते केरलम, कर्नाटक, गोवा और तमिलनाडु में कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में मानसून पूर्वोत्तर के सभी राज्यों और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। वहीं आगामी 10 दिनों में इसके बिहार, झारखंड और ओडिशा पहुंचने की संभावना है। वहीं स्काईमेट वेदर के विशेषज्ञ जीपी शर्मा के मुताबिक मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बंगाल में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी रह सकती है, क्योंकि इसे आगे बढ़ाने के लिए बंगाल की खाड़ी में कोई मजबूत मौसम सिस्टम एक्टिव नहीं है।

कई राज्यों में प्री-मानसून आंधी बारिश से राहत

मानसून के आने से पहले कई राज्यों में चल रही प्री-मानसून आंधी बारिश से राहत मिली है। गुजरात को छोड़कर देश के सभी राज्यों में प्री-मानसून बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश समेत नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में शनिवार को तेज बारिश हुई। मध्यप्रदेश में भोपाल समेत 4 जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी चली।

राजस्थान के 12 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने राजस्थान में रविवार को भी 12 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 8 जून को 7 जिलों में बारिश का और 2 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले शनिवार को बीकानेर, टोंक, चूरू, हनुमानगढ़, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, अलवर, टोंक, सवाई माधोपुर के एरिया में शाम तक मौसम में बदलाव हुआ और कई इलाकों में आंधी चलने के साथ बारिश हुई। बीकानेर में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। टोंक में 2 इंच से ज्यादा पानी बरसा। आंधी-बारिश के बाद इन एरिया में लोगों को गर्मी, उमस से राहत मिली।

Advertisement

एमपी में 20 से पहले हो सकती है मानसून की एंट्री

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब मानसून की एंट्री 20 जून से पहले हो सकती है। बता दें कि प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से तेज आंधी और बारिश का दौर चल रहा है। जिसके चलते नर्मदापुरम, सिवनी, सीहोर, खरगोन समेत कई जिलों में बारिश हुई। आंधी की वजह से पेड़ गिरने और टीनशेड भी गिरे। मौसम विभाग ने रविवार को भी करीब 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

यूपी में 4 से 6 दिन देरी से पहुंचेगा मानसून!

आईएमडी के मुताबिक, इस बार यूपी में मानसून 4 से 6 दिन देरी पहुंच सकता है। इसके 24 जून तक प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। आने के बाद 10 दिनों में मानसून पूरे यूपी पर छा जाएगा। मानसून आमतौर पर 18-20 जून के बीच यूपी पहुंचता है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। ऐसे में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। हालांकि, एक-दो जगह स्थानीय मौसमी सिस्टम की वजह से बारिश हो सकती है। ऐसे में 24 घंटे में पारा 5 डिग्री सेल्सियस उछलकर 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। 9 जून से 3 दिन हीटवेव (लू) चलेगी। 11 जून के बाद प्री-मानसून बारिश का सिलसिला शुरू होगा। शनिवार को झांसी 42.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। बांदा में 42.2 डिग्री सेल्सियस, जालौन में 41.4 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 41.4 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी में 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो आजमगढ़ में रात का पारा सबसे कम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।