Loading...

राहुल गांधी में स्थिरता की कमी, ‘इंडिया’ ब्लॉक की बैठक से पहले दिल्ली में लगे कांग्रेस विरोधी पोस्टर

Follow us

Share

नई दिल्ली। दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की अहम बैठक से पहले राजनीति एक बार फिर पोस्टर वॉर के कारण गरमा गई है। सोमवार सुबह राजधानी दिल्ली के कई बड़े चौराहों पर राहुल गांधी को निशाने पर लेने वाले पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में विपक्षी दलों के नेताओं के पुराने बयान दिखाकर राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाने की कोशिश की गई। ये पोस्टर किसने लगाए, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बैठक से ठीक पहले सामने आए इन पोस्टरों ने विपक्षी गठबंधन के भीतर एकता और नेतृत्व को लेकर नई बहस छेड़ दी है। दिल्ली की अकबर रोड पर कांग्रेस के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन और आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल के पुराने बयान दिखाए गए थे। इन बयानों के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि विपक्षी दलों के भीतर भी राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

राहुल गांधी में स्थितरता की कमी

पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर और कांग्रेस के खिलाफ बयान हैं। NCP-SCP चीफ शरद पवार की तस्वीर वाले पोस्टर पर लिखा है- राहुल गांधी में कंसिस्टेंसी (स्थितरता) की कमी है। इसी तरह केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित कुछ अन्य नेताओं के राहुल गांधी व कांग्रेस के विरुद्ध दिए गए बयान होर्डिंग पर लगाए गए हैं। अरविंद केजरीवाल के पोस्टर में लिखा है, ‘लोग कहते हैं कि हम कांग्रेस को कमजोर कर रहे हैं। भला मैं कांग्रेस को क्या कमजोर करूंगा? राहुल गांधी खुद ही अकेले इस काम को बहुत अच्छे से कर रहे हैं।’

ममता बनर्जी के बयानों का भी जिक्र

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी का बयान भी इन पोस्टरों में प्रमुखता से छपा है, ‘कांग्रेस अपनी विश्वसनीयता खो रही है। हम कांग्रेस पर निर्भर नहीं रह सकते।’ एक अन्य पोस्टर में ममता का यह बयान है, ‘अगर कांग्रेस गठबंधन (इंडिया ब्लॉक) नहीं चला सकती, तो मैं इसे चला सकती हूं।’ इन सभी पोस्टरों के नीचे एक ही स्लोगन छपा है कि ‘इंडी अलायन्स वाले जो आपस में लड़ रहे हैं, वो साथ क्या लड़ेंगे!’

Advertisement

दरअसल, सोमवार को इंडिया ब्लाक की दिल्ली के कॉन्टिट्यूशन क्लब में बैठक हो रही है। कांग्रेस का रविवार को दावा किया कि इसमें 23 विपक्षी दल शामिल होंगे। बैठक में शामिल होने के लिए एनसी नेता उमर अब्दुला, सपा नेता अखिलेश यादव दिल्ली पहुंच गए हैं। ममता बनर्जी एक दिन पहले ही राजधानी पहुंची थीं।

शिवसेना यूबीटी राहुल गांधी के समर्थन में खुलकर उतर आई?

वहीं इस पूरे मामले को लेकर शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने राहुल गांधी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर सवाल उठाने वाले लोग मूर्ख हैं। राउत ने कहा कि राहुल गांधी देश के सबसे महत्वपूर्ण, लोकप्रिय और संघर्षशील नेताओं में से एक हैं और सरकार उनसे डरी हुई है। उन्होंने यह भी साफ किया कि शिवसेना यूबीटी इंडिया ब्लॉक की बैठक में वर्चुअली शामिल होगी। राउत ने कहा कि बैठक का मुख्य एजेंडा उन लोगों को सत्ता से हटाना है जिन्होंने देश के साथ विश्वासघात किया है।

TVK को अभी तक नहीं मिला निमंत्रण

दिल्ली के संविधान क्लब में होने वाली आज होने वाली इंडिया ब्लॉक की बैठक के लिए तमिलनाडु की नई राजनीतिक पार्टी TVK को अभी तक निमंत्रण नहीं मिला है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी को बैठक में बुलाया जाएगा या नहीं, इस पर अभी कोई स्पष्टता नहीं है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी को आमंत्रित करने पर फैसला आज बाद में लिया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि फिलहाल TVK को बैठक का निमंत्रण नहीं भेजा गया है और उसकी मौजूदगी को लेकर अंतिम निर्णय अभी बाकी है।

कांग्रेस ने पोस्टरों पर दी प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इन पोस्टरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे पोस्टर देखे ही नहीं हैं। हालांकि राजनीतिक गलियारों में इन पोस्टरों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

राहुल, ममता, अखिलेश होंगे शामिल, AAP और DMK बाहर

बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, RJD के तेजस्वी यादव, शिवसेना (UBT) के उद्धव ठाकरे समेत वामपंथी दलों और अन्य छोटे दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। AAP और DMK बैठक में शामिल नहीं हो रही हैं। CPI (M) ने अपना विरोध दर्ज कराया है, लेकिन बैठक में शामिल होगी। JMM पर सस्पेंस है।

23 जून 2023 को हुई थी पहली मीटिंग

पहली मीटिंग 23 जून 2023 को पटना में हुई थी। इसे नीतीश कुमार ने बुलाया था। आखिरी मीटिंग 1 जून 2024 को दिल्ली में हुई थी। इसके बाद 7 अगस्त 2025 को राहुल गांधी ने अपने नई दिल्ली स्थित आवास पर INDIA नेताओं के लिए रणनीतिक रात्रिभोज बुलाया था। इसमें 25 से अधिक विपक्षी दलों के करीब 50 नेता शामिल हुए थे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।