Loading...

जयपुर-हिसार पैसेंजर में बवाल: चलती ट्रेन में युवती से छेड़छाड़, यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

जयपुर-हिसार पैसेंजर में बवाल: चलती ट्रेन में युवती से छेड़छाड़, यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

Follow us

Share

Jaipur Hisar Train Harassment Attack : बांदीकुई/संजय रैंसवाल। जयपुर से हिसार जा रही पैसेंजर ट्रेन में मंगलवार रात एक महिला यात्री के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी युवक ने अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। महिला की मदद के लिए आगे आए अन्य यात्रियों ने आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। युवक ने अपने साथियों को बुलाकर ट्रेन में हिंसक हमला करवा दिया, जिसमें कई यात्री घायल हो गए।

युवक ने लोकेशन भेजकर दोस्तों को बुलाया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय शुरू हुई जब एक युवक ने ट्रेन में सफर कर रही युवती के साथ कथित तौर पर अभद्रता की। युवती ने तुरंत विरोध किया और आसपास बैठे यात्रियों को पूरी घटना की जानकारी दी। रोजाना इस रूट पर यात्रा करने वाले कुछ यात्रियों ने युवती का समर्थन करते हुए आरोपी को शांत रहने और ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की सलाह दी। बताया जा रहा है कि आरोपी इससे नाराज हो गया और उसने अपने मोबाइल फोन से कुछ लोगों को अपनी लोकेशन भेज दी। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ती रही, लेकिन जैसे ही वह झर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, आरोपी ने कथित रूप से चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी।

अप-डाउन करने वाले यात्रियों से मारपीट

यात्रियों का आरोप है कि जैसे ही ट्रेन झर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही पहले से वहां मौजूद 10 से 15 युवक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ट्रेन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। कुछ लोग ट्रेन के डिब्बे में भी घुस गए और युवती का समर्थन करने वाले यात्रियों के साथ मारपीट की। अचानक हुए इस हमले से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमले में कृष्णावतार, विजेंद्र और राकेश सहित चार यात्रियों को चोटें आईं। कुछ लोगों के सिर और आंख के पास गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार की जरूरत पड़ी। अन्य यात्रियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और ट्रेन को आगे रवाना किया गया। जब ट्रेन बांदीकुई जंक्शन पहुंची तो पीड़ित यात्रियों और महिला ने जीआरपी थाने में आपबीती सुनाई। युवती ने आरोपी की मोबाइल से ली गई तस्वीर भी पुलिस को सौंपी, जिससे उसकी पहचान में मदद मिल सके। जीआरपी ने शिकायत के आधार पर एक नामजद आरोपी और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चूंकि घटना का स्थान जयपुर जीआरपी के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए पहले बांदीकुई में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज की गई और बाद में पूरी केस डायरी जांच के लिए जयपुर जीआरपी को भेज दी गई।

यात्रियों ने ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

वहीं घटना के बाद यात्रियों ने ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस रूट पर हर दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग और महिलाएं सफर करती हैं, लेकिन अधिकांश समय ट्रेन में न तो जीआरपी के जवान मौजूद रहते हैं और न ही आरपीएफ की नियमित गश्त दिखाई देती है। यात्रियों का आरोप है कि इस रूट पर महिलाओं से छेड़छाड़ और झगड़े जैसी घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। उनका कहना है कि यदि ट्रेन में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात होते तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।

Advertisement

रेल यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों से मांग की है कि जयपुर-हिसार पैसेंजर ट्रेन सहित इस रूट की अन्य ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। उन्होंने महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए नियमित जीआरपी और आरपीएफ की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और संवेदनशील स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाने की मांग भी की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़ितों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।