Loading...

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को सौगात, इस शहर में खुलेगी नि:शुल्क लाइब्रेरी

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को सौगात, इस शहर में खुलेगी नि:शुल्क लाइब्रेरी

Follow us

Share

Dr BR Ambedkar Library In Bandikui : बांदीकुई/संजय रैंसवाल। शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दौसा जिले के बांदीकुई शहर में डॉ. बीआर अंबेडकर लाइब्रेरी की शुरुआत की जा रही है। यह लाइब्रेरी डॉ. बीआर अंबेडकर शिक्षा एवं सेवा समिति बांदीकुई की ओर से नि:शुल्क संचालित की जाएगी। लाइब्रेरी का उद्घाटन समारोह 2 अगस्त 2026 (रविवार) को सुबह 9:30 बजे राम मंदिर के सामने, गुड़ा रोड, बांदीकुई में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मदन लाल बैरवा (सेवानिवृत्त प्रवक्ता, शिक्षा विभाग दिल्ली) शामिल होंगे। इसके अलावा कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी भी रहेगी। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को आमंत्रित किया गया है। समिति ने क्षेत्र के लोगों और विद्यार्थियों से इस उद्घाटन समारोह में शामिल होने की अपील की है।

लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं

डॉ. बीआर अंबेडकर शिक्षा एवं सेवा समिति के सदस्य डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य खासतौर पर अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को नि:शुल्क अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र भी प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकें। लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां शांत और स्वच्छ वातावरण में पढ़ाई करने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को पुस्तकें, समाचार पत्र और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। लाइब्रेरी में वाई-फाई सुविधा, सीसीटीवी कैमरे, करियर काउंसलिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जरूरी संसाधन भी उपलब्ध रहेंगे।

विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ मार्गदर्शन मिलेगा

डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि लाइब्रेरी की खास बात यह होगी कि यहां विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ मार्गदर्शन भी मिलेगा। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को करियर से जुड़ी जानकारी और सही दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। डॉ. बीआर अंबेडकर शिक्षा एवं सेवा समिति द्वारा शुरू की जा रही यह पहल क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। वर्तमान समय में प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण की जरूरत बढ़ रही है। ऐसे में इस तरह की लाइब्रेरी छात्रों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है।

Advertisement

विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास

समिति का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से समाज में जागरूकता और अवसरों को बढ़ाना है। लाइब्रेरी के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यह लाइब्रेरी उन छात्रों के लिए उम्मीद की नई किरण बन सकती है, जो संसाधनों की कमी के कारण अपनी पढ़ाई को आगे बढ़ाने में परेशानी महसूस करते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की पहल युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।