Loading...

सड़कों पर सैलाब, लैंडस्लाइड और बाढ़…बारिश की मार झेल रहे देश के कई राज्य

सड़कों पर सैलाब, लैंडस्लाइड और बाढ़…बारिश की मार झेल रहे देश के कई राज्य

Follow us

Share

नई दिल्ली/जयपुर। मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। देश के कई हिस्सों में मानसूनी बारिश का कहर लगातार जारी है। नई सैटेलाइट इमेज में हिंद महासागर से उठे नमी से भरे बादल भारत होते हुए चीन और जापान तक फैल गए हैं। इसके असर से पूरे देश में भारी बारिश हो रही है। इसी वजह से मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, यूपी, पंजाब, बिहार और छत्तीसगढ़ में लगातार 60 घंटे से बारिश हो रही है।

असम में बाढ़ से 47 मौतें, लाखों लोग प्रभावित

मौसम विभाग के अनुसार, देश में पिछले 2 दिनों में नॉर्मल से 170-180 फीसदी बारिश हुई है। बारिश के चलते सबसे गंभीर स्थिति असम की है, यहां बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 6 और लोगों की जान गई है। वहीं, बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर 7.21 लाख से अधिक हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, राज्य के 11 जिलों के 37 राजस्व सर्किलों और 883 गांवों में बाढ़ का असर है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई प्रमुख नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और हालात और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।

गुजरात में एक दिन में दिल्ली की सालभर जितनी बारिश

इधर, दक्षिण गुजरात में भी भारी बारिश से कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। गुजरात में एक दिन में दिल्ली की सालभर जितनी बारिश हुई। उमरगाम तालुका में 16 घंटों में 43 इंच बारिश हुई, जिससे निचले इलाके डूब गए हैं। शुक्रवार को राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में पिछले 10 दिनों से हो रही बारिश के चलते गंगा, यमुना समेत 10 नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 54 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD ने बिहार और राजस्थान में ज्यादातर जिलों में भारी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सारण, वैशाली और सिवान समेत 19 जिलों भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, राजस्थान के बांसवाड़ा और डूंगरपुर समेत 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

Advertisement

जम्मू-कश्मीर में बारिश से हालात गंभीर

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के कारण तवी, चिनाब और झेलम समेत कई नदियां उफान पर हैं। भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाओं के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा। बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है। खराब मौसम के कारण अमरनाथ, वैष्णो देवी और शिवखोड़ी यात्राएं लगातार पांचवें दिन भी स्थगित रहीं। कटड़ा में लगभग 15 हजार श्रद्धालु फंसे हुए हैं। कश्मीर विश्वविद्यालय ने 24 और 25 जुलाई को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

मध्य प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय

मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को रतलाम, आलीराजपुर, श्योपुर, मंदसौर और पन्ना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 50 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इससे पहले गुरुवार को 25 से ज्यादा जिलों में बारिश का दौर रहा। सबसे ज्यादा टीकमगढ़ में डेढ़ इंच बारिश हो गई।

यूपी में बारिश से हालात बिगड़े

यूपी में पिछले 15 दिनों से लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। 4 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं हैं। शुक्रवार सुबह लखनऊ, गोंडा, गाजियाबाद में बारिश हुई। दोपहर को मेरठ और बरेली में बारिश हुई। बाराबंकी, आगरा समेत 30 से अधिक जिलों में बादल छाए हैं। आज प्रदेश के 54 जिलों में बारिश का अलर्ट है। गुरुवार यानी कल प्रदेश के 42 जिलों में औसतन 2.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा 13 मिमी बारिश सोनभद्र में हुई।

राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी

राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह से अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, टोंक, राजसमंद, जालोर में दोपहर तक बारिश हुई। मौसम विभाग ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, 9 जिलों में ऑरेंज और अन्य में यलो अलर्ट है। इससे पहले गुरुवार को भी कई जिलों में भारी बारिश हुई। भीलवाड़ा के रायपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मौसम विज्ञान के अनुसार, राजस्थान में वर्तमान में तीन अलग-अलग सिस्टम एक्टिव हैं, जिसके असर से अगले चार दिन पूरे राजस्थान में बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी राजस्थान पर एक शियर जोन (डायवर्जन) बन गया है, जिसमें पश्चिम से आने वाली और पूर्व (बंगाल की खाड़ी) से आने वाली हवा डायवर्ट हो रही है। इन सभी सिस्टम के असर से राज्य में अगले चार दिन मानसून पूरी तरह एक्टिव रहने की संभावना है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।