Loading...

हरियाणा कांग्रेस में खुलकर दिखी गुटबाजी! हुड्डा और सुरजेवाला ने मंच से एक-दूसरे पर कसा तंज

हरियाणा कांग्रेस में खुलकर दिखी गुटबाजी! हुड्डा और सुरजेवाला ने मंच से एक-दूसरे पर कसा तंज

Follow us

Share

चंडीगढ़। पंजाब के साथ-साथ हरियाणा में भी कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के दो बड़े नेताओं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला के बीच हुई बयानबाजी ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। यह पूरा मामला बुधवार को चंडीगढ़ में हुई कांग्रेस की अहम बैठक के दौरान सामने आया। बैठक में हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी संजय दत्त पहली बार प्रदेश के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठन को लेकर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान पार्टी को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विचार होना था, लेकिन बैठक में दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई नोकझोंक चर्चा का विषय बन गई। दोनों ने नए प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के सामने एक-दूसरे पर इशारों-इशारों में तंज कसे।

‘सुरजेवाला साथ दें, फिर देखें धमाका’

बैठक में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुस्कुराते हुए कहा-रणदीप सिंह सुरजेवाला उनका साथ दे दें तो फिर हरियाणा की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा, “रणदीप सुरजेवाला मेरा साथ दे दें, फिर देखें धमाका।” हुड्डा का यह बयान आते ही बैठक में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर चला गया। हालांकि उनका बयान हल्के अंदाज में था, लेकिन राजनीतिक जानकार इसे हरियाणा कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं।

सुरजेवाला ने दिया ये जवाब

भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान के बाद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी बिना देर किए जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मुझे आपका साथ देते हुए 20 साल हो गए हैं, अब आपकी बारी है मेरा साथ देने की।” सुरजेवाला के इस जवाब के बाद बैठक में मौजूद कई नेता मुस्कुराते नजर आए। लेकिन इस बयान को दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से चल रहे मतभेद का संकेत माना जा रहा है।

Advertisement

चंडीगढ़ में पार्टी प्रभारी की बैठक में हुआ ये सब

बता दें कि हरियाणा कांग्रेस में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रणदीप सिंह सुरजेवाला एक-दूसरे के विरोधी माने जाते हैं। चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी संजय दत्त के सामने ही दोनों ने एक-दूसरे पर इशारों ही इशारों में तंज कसे। रणदीप सुरजेवाला ने कहा 56 साल के हरियाणा में कांग्रेस सिर्फ 3 बार अपने दम पर बहुमत ला पाई है। दीपेंद्र हुड्डा को टोकते हुए सुरजेवाला बोले वोट परसेंटेज से फर्क नहीं पड़ता, 46 विधायक आए या नहीं यह बताओ।

कई बड़े नेता रहे मौजूद

जिस बैठक में यह सब कहानी हुई उसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ-साथ बीरेन्द्र सिंह, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, राज्य के कांग्रेस विधायक, सांसद तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे. हरियाणा कांग्रेस के अनुसार बैठकों में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए रणनीति तैयार करने तथा जनहित के मुद्दों पर पार्टी की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने, संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया, लेकिन पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच चल रही तनातनी आखिरकार सामने आ ही गई।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।