Loading...

‘कैप नंबर 278…अब यहीं विराम; अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट को कहा अलविदा, शेयर किया इमोशनल पोस्ट

‘कैप नंबर 278…अब यहीं विराम; अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट को कहा अलविदा, शेयर किया इमोशनल पोस्ट

Follow us

Share

Ajinkya Rahane Retirement : नई दिल्ली। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रहे अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर फैंस को यह जानकारी दी। 38 साल के रहाणे लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे। 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था। मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले रहाणे ने 2011 में भारत के लिए डेब्यू किया था।

नम आंखों से संन्यास का ऐलान किया

अजिंक्य रहाणे का जन्म महाराष्ट्र के अहिल्यानगर (पूर्व में अहमदनगर) जिले में 6 जून 1988 को हुआ। उन्होंने सोशल मीडिया पर 30 जुलाई की सुबह एक वीडियो अपलोड कर संन्यास का ऐलान किया। रहाणे इस दौरान भावुक नजर आए। उनकी आंखों में पानी साफ देखा जा सकता था। अजिंक्य रहाणे ने इंस्टाग्राम पर शेयर वीडियो के कैप्शन में लिखा- कैप 278 अब विदा ले रहा है। इतने सालों तक मिले प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद। मैं हमेशा आभारी रहूंगा। वीडियो में अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज की शुरुआत होती है और उसका अंत भी। जब सही समय आता है, तो हमें बस उसका सम्मान करते हुए आगे बढ़ना होता है। मैंने अपनी बैटिंग में हमेशा टाइमिंग पर भरोसा किया है और इसके महत्व को समझा है। आज मुझे लगता है कि आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ ही क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा करने का सही समय आ गया है।’

उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों की बात करते हुए कहा- डोंबिवली से प्रैक्टिस के लिए आने-जाने वाले उस छोटे बच्चे के दिनों से लेकर अब तक, मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया है। हर दिन, हर पारी और बैटिंग के हर मौके पर मेरा बस एक ही सपना होता था- इंडिया की कैप पहनना। मैंने हमेशा एक ही नियम माना। अपने देश और अपनी टीम को हमेशा खुद से ऊपर रखना। मैंने पूरी ईमानदारी से यह खेल खेला है और मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि अगर आपकी नीयत साफ हो, तो खेल हमेशा आपका ख्याल रखता है।’

Advertisement

फस्ट क्लास क्रिकेट डेब्यू को याद करते हुए उन्होंने कहा- जब से मैंने फर्स्ट क्लास क्रिकेटर के तौर पर डेब्यू किया, तब से इंडियन क्रिकेट ने बहुत तरक्की की है और पिछले 20 सालों में इसका हिस्सा रहने पर मुझे बहुत गर्व है। भले ही एक इंडियन क्रिकेटर के तौर पर मेरा यह अध्याय खत्म हो रहा है, लेकिन इस खेल के साथ मेरा सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। मैं अगली पीढ़ी की मदद करने, इस खेल से सीखे गए मूल्यों को साझा करने और उस खेल को वापस लौटाने के लिए उत्सुक हूं जिसने मुझे सब कुछ दिया है।

‘कैप नंबर 278, अब यहीं विराम’

मुंबई में एक युवा खिलाड़ी के तौर पर शुरुआत करने से लेकर भारत के लिए खेलने तक का सफर मेरे लिए बहुत सम्मान की बात रही है। इस सफर में कई जीत और हार मिलीं, लेकिन क्रिकेट खेलने, अलग-अलग टीमों का हिस्सा बनने और जिंदगी भर याद रहने वाले पल बनाने की खुशी ही मेरे करियर की सबसे बड़ी संतुष्टि रही है। बीसीसीआई, एमसीए, मेरे साथियों, कोचों, हर आईपीएल फ्रेंचाइजी, राधिका, मेरे पूरे परिवार, दोस्तों और उन सभी लोगों का शुक्रिया जिन्होंने मेरा साथ दिया। उन सभी क्रिकेट फैंस का भी बहुत-बहुत धन्यवाद जिन्होंने उतार-चढ़ाव के हर दौर में मेरा साथ दिया। अजिंक्य का मतलब होता है ‘जिसे हराया न जा सके’, लेकिन क्रिकेट ने मुझे कई बार हार का स्वाद चखाया है। क्रिकेटर के तौर पर, हम सफल होने से ज्यादा बार असफल होते हैं। मेरी टीम मैच हारी है, मैंने भी गलतियां की हैं, लेकिन एक जगह ऐसी है जहां मैं कभी नहीं हारा, और वह है आपके दिल। आपने हमेशा मुझे अपना समझा। आपके प्यार, भरोसे और समर्थन के लिए धन्यवाद। ‘कैप नंबर 278, अब यहीं विराम लेता हूं।

अगली पीढ़ी की मदद करेंगे रहाणे

संन्यास के बाद अपनी भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए रहाणे ने स्पष्ट किया कि खेल के साथ उनका सफर खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, एक भारतीय क्रिकेटर के रूप में मेरा अध्याय भले ही समाप्त हो रहा हो, लेकिन इस खेल के साथ मेरी यात्रा जारी रहेगी। मैं अगली पीढ़ी की मदद करने, इस खेल से सीखे मूल्यों को साझा करने और उस खेल को वापस लौटाने के लिए तत्पर हूं जिसने मुझे सब कुछ दिया है।

जब रहाणे की कप्तानी बनी यादगार

रहाणे के करियर का सबसे सुनहरा अध्याय 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लिखा गया। एक वक्त तीनों फॉर्मेट की भारतीय टीम के मजबूत आधार स्तंभ रहे अजिंक्य रहाणे लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। रहाणे को हमेशा 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया को अपनी कप्तानी में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जिताने के लिए याद रखा जाएगा। जब एडिलेड टेस्ट में भारतीय टीम महज 36 रन पर पूरी सिमट गई थी और विराट कोहली पितृत्व अवकाश लेकर स्वदेश लौट आए थे तब विपरित हालातों में रहाणे ने टीम को 2-1 से जीत दिलाई थी।

6 टेस्ट में कप्तानी और 4 जीते

अजिंक्य रहाणे उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में टीम इंडिया की कप्तानी की। उनकी कप्तानी का रिकॉर्ड भी शानदार रहा। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने छह मैचों में भारत की कमान संभाली, जिसमें टीम ने चार मुकाबले जीते, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे। खास बात यह रही कि उनकी कप्तानी में भारत को टेस्ट क्रिकेट में एक भी मैच में हार का सामना नहीं करना पड़ा। ओडीआई क्रिकेट में रहाणे ने तीन मैचों में कप्तानी की, जिनमें भारत को जीत मिलीं। वहीं टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने दो मुकाबलों में टीम की अगुवाई की, जिसमें भारत ने एक मैच जीता और एक में हार का सामना किया।

अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 ओडीआई और 20 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले। उन्होंने तीनों प्रारूपों को मिलाकर 35.95 की औसत 8414 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 15 शतक और 51 अर्धशतक बनाए। अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 212 आईपीएल मैचों में 30.15 की औसत से 5367 रन बनाए। इसी के साथ उन्होंने आईपीएल में 2 शतक और 35 अर्धशतक बनाए।

ऑस्ट्रेलिया में दिलाई ऐतिहासिक जीत

अजिंक्य रहाणे के करियर का सबसे सुनहरा अध्याय 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर देखने को मिला। एडिलेड टेस्ट में भारत की शर्मनाक हार और विराट कोहली की गैरमौजूदगी में उन्होंने टीम की कप्तानी संभाली। मेलबर्न टेस्ट में शानदार शतक लगाकर उन्होंने भारत को सीरीज में वापसी दिलाई। इसके बाद युवा खिलाड़ियों से सजी टीम ने ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में टेस्ट सीरीज में 2-1 से हरा दिया। यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार उपलब्धियों में गिनी जाती है और रहाणे की कप्तानी को हमेशा याद रखा जाएगा।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।