Loading...

देश में मानसून की मार; महाराष्ट्र में बाढ़ में हजारों LPG सिलेंडर बहे, दिल्ली-NCR में बारिश से हालात बिगड़े

देश में मानसून की मार; महाराष्ट्र में बाढ़ में हजारों LPG सिलेंडर बहे, दिल्ली-NCR में बारिश से हालात बिगड़े

Follow us

Share

IMD Rainfall Update In India : नई दिल्ली/जयपुर। मानसून बारिश कई राज्यों में आफत बनकर बरस रही है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राजधानी दिल्ली और उत्तर भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, मध्य प्रदेश समेत करीब 23 राज्यों में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज आंधी तूफान के भी आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है। उत्तरी अरब सागर से मानसून के आगे बढ़ने के हालात अनुकूल बने हुए हैं। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब में भी अगले 2-3 दिनों में मानसून एक्टिव होकर भारी बारिश ला सकता है।

दिल्ली में भारी बारिश, कई इलाकों में पानी भरा

दिल्ली एनसीआर में 24 घंटे से ज्यादा हो रही तेज बारिश लगातार जारी है। दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम जैसे शहरों में भारी बारिश हो रही है। घने बादलों ने पूरी तरह डेरा डाल दिया है। बीते करीब 24 घंटे से दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन सड़कों पर जलभराव के कारण जीना दुश्वार हो रहा है। ट्रैफिक में लंबी कतारें दिख रही हैं। वाहन मालिकों को भी जलभराव में संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई रिहायशी इलाकों में घुटनों तक पानी भरे होने के मंजर भी सामने आए हैं।

महाराष्ट्र में बारिश से बिगड़े हालात

महाराष्ट्र में भी बारिश का कहर जारी है। महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए है। रायगढ़ में बारिश के बाद हजारों LPG सिलेंडर पातालगंगा नदी में बह गए। पनवेल के LPG बॉटलिंग प्लांट में बाढ़ का पानी घुसने के बाद सिलेंडर बहे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कहीं सिलेंडर मिले तो उसे न छुएं और न ही घर ले जाएं। वहीं उत्तराखंड के उत्तरकाशी में नालूपानी और यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ। वहीं, टिहरी में बुधवार को NH-707A पर दुकानों के पास लैंडस्लाइड में एक मकान गिर गया। आसपास के दो से तीन मकान कभी भी गिर सकते हैं।

मध्य प्रदेश में 20 जिलों में तेज बारिश

मध्य प्रदेश में मानसून जमकर बरस रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे प्रदेश में वेदर सिस्टम एक्टिव है। जिसकी वजह से कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश हो रही है। बुधवार को प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई। इस वजह से हालात भी बिगड़ गए। कई रास्ते बंद हुए हैं और जनजीवन खासा प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को भिंड में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, राजगढ़, आगर-मालवा और रतलाम में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। नीमच, उज्जैन, शाजापुर, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, दमोह, छतरपुर और पन्ना में भारी बारिश का अनुमान है। यानी, प्रदेश का उत्तरी हिस्सा अगले 24 घंटे के दौरान तरबतर रहेगा।

Advertisement

यूपी में जमकर बरस रहा मानसून

यूपी में मानसून जमकर बरस रहा है। गुरुवार को नोएडा, मथुरा, मेरठ, बुलंदशहर समेत 30 शहरों में जोरदार बारिश हो रही है। बारिश से जुड़े हादसों में पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 4 लोगों की मौत हो गई। प्रयागराज में दो और अलीगढ़ में एक महिला की पानी में करंट उतरने से मौत हो गई। वहीं, हापुड़ में घर ढहने से एक महिला की जान चली गई। वहीं प्रशासन ने बारिश के चलते मथुरा, संभल और हाथरस में 8वीं तक, मेरठ में 9वीं तक और गाजियाबाद में 12वीं तक स्कूल बंद कर दिए गए।

राजस्थान में भी मानसून मेहरबान

राजस्थान में भी मानसून मेहरबान है। मौसम विभाग ने भरतपुर, धौलपुर, बारां, झालावाड़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और जालोर को छोड़कर पूरे राजस्थान में यलो अलर्ट है। बुधवार को पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में तेज बारिश हुई। अजमेर जिले में बुधवार रात बारिश से एक मकान ढह गया। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोग मलबे में दब गए। तीनों का रेस्क्यू कर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं भरतपुर और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में तीन इंच तक पानी बरसा। अलवर, करौली, चित्तौड़गढ़, भरतपुर समेत कई जिलों में सड़कों पर पानी भर गया। मौसम विभाग ने प्रदेश में 10 जुलाई तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी जारी की है। राजस्थान में इस मानसून सीजन अब तक औसतन 84.2 मिमी. बारिश हुई है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।