Loading...

कहीं बाढ़ के हालात, कहीं लैंडस्लाइड, देशभर में मानसूनी बारिश का कहर, जानें दिल्ली के मौसम का हाल

कहीं बाढ़ के हालात, कहीं लैंडस्लाइड, देशभर में मानसूनी बारिश का कहर, जानें दिल्ली के मौसम का हाल

Follow us

Share

Monsoon Rainfall Update In India : नई दिल्ली/जयपुर। देश के करीब 95 प्रतिशत हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच चुका है। हालांकि, इस बार मानसून का असर हर जगह एक जैसा नहीं दिख रहा है। कई राज्यों में जहां लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है, वहीं कुछ इलाकों में लोग अब भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर बादल फटने की घटना सामने आई है। इसके चलते भारी मात्रा में पानी और मलबा बहकर आया, जिससे कई वाहन दब गए और लोगों में दहशत फैल गई। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

वहीं राजस्थान-गुजरात में देरी से आए मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बारिश के चलते गुजरात में बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। गुजरात के मेंडरडा इलाके में समधियाला गांव के पास बाढ़ के पानी में चार गाड़ियां फंस गईं। जिसमें से 19 लोगों का रेस्क्यू किया गया। इधर, मानसून ने आधे राजस्थान को कवर कर लिया है। गुरुवार को जयपुर में तेज बारिश के बाद सवाई मानसिंह हॉस्पिटल के माइनर ओटी में पानी भर गया। यहां से मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट किया। महाराष्ट्र के भिवंडी में बाजार में करीब 3 फीट तक पानी भर गया और दुकानें बंद हो गईं। मौसम विभाग ने शहर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आज भारी बारिश होने की चेतावनी है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के भोपाल-इंदौर समेत 26 से ज्यादा जिलों में शुक्रवार को तेज बारिश हुई। उज्जैन में पुलिया पार करने की कोशिश में एक युवक बाइक समेत बह गया। यूपी के 20 जिलों में बारिश हुई। कानपुर में GSVM मेडिकल कॉलेज में पानी भर गया। कारें-बाइक आधी डूब गईं। वहीं जम्मू-कश्मीर में शनिवार सुबह लैंडस्लाइड के चलते रामनगर-उधमपुर रोड बंद कर दी गई।

मध्य प्रदेश में बारिश से बिगड़े हालात

मध्य प्रदेश में मानसून जमकर बरसा। पिछले 24 घंटे में 40 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, इंदौर में ढाई इंच से ज्यादा बारिश हुई। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। कई इलाकों में घरों और खेतों में पानी भर गया है, जबकि कई सड़कों और पुलों पर पानी बहने से यातायात प्रभावित हुआ है। हरदा में तेज बारिश के कारण कई गांवों का संपर्क कट गया है। ग्राम मांदला के पास कालीमाचक नदी का पानी पुल से करीब तीन फीट ऊपर बह रहा है, जिससे नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे बंद हो गया है।

Advertisement

यूपी में बारिश का सिलसिला जारी

यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आंधी के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि यूपी में मानसून सक्रिय हो गया है। अब लगातार बारिश की संभावना बनी रहेगी। तापमान में 8 डिग्री तक की गिरावट हुई है। अगले एक हफ्ते तक मौसम ऐसा ही रहेगा। हालांकि, मानसून के दौरान लखनऊ समेत प्रदेश में सामान्य से कम बारिश के आसार हैं।

राजस्थान में मानसून ने पकड़ी रफ्तार

राजस्थान में मानसून की रफ्तार बढ़ने के साथ ही बारिश का दौर भी तेज होने लगा है। लेट आए मानसून ने आधे राजस्थान को कवर कर लिया है। शुक्रवार को जोधपुर, फलोदी, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। अलवर में बारिश के चलते रूपारेल नदी उफान पर है। कई गांवों का रास्ता बंद हो गया है। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश जयपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ जिले में करीब दो इंच रिकॉर्ड हुई। वहीं, मानसून के सक्रिय होने के बाद जयपुर सहित कई शहरों का दिन का तापमान 35 डिग्री से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन पूरे राज्य में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-NCR में बारिश से लोगों को मिली राहत

राजधानी दिल्ली के साथ-साथ नोएडा सहित एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार को तेज बारिश हुई। बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा। दोपहर में हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। दिल्ली एनसीआर में पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से लोग काफी परेशान थे। बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत पहुंचाने का काम किया है। काफी तेज बारिश होने से निवासियों ने राहत की सांस ली है। लोगों कहना है कि कई दिनों से काफी परेशानी हो रही थी या बारिश अमृत का काम करेगी। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से आने वाले एक सप्ताह तक हल्की बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा तेज हवाएं चलने से तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान जताया है।

देश में 3 दिन देरी से आया मानसून

मानसून ने 1 जून की जगह 3 दिन लेट 4 जून को भारत में एंट्री ली थी। इस दौरान कई राज्यों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। बीच-बीच में ‘ब्रेक मानसून’ जैसी स्थिति बनने से यह आशंका जताई जाने लगी थी कि इस बार मानसून पूरे देश को सामान्य समय से देर से कवर करेगा। हालांकि, जुलाई की शुरुआत में बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र और अनुकूल परिस्थितियों के कारण मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।