Loading...

बेरोजगारों को हर महीने 3000, कर्मचारियों को 38 फीसदी DA… बंगाल में भाजपा सरकार का पहला बजट

Follow us

Share

Bengal Budget : कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने सोमवार को अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश किया। विधानसभा में बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने कई बड़े ऐलान किए। सोमवार को पेश किए गए बजट में बेरोजगारों के लिए हर महीने 3000 रुपए महीने देने वाली ‘भरोसा स्कीम’ की घोषणा की है। इसके साथ ही सरकार ने सरकारी कर्मियों को महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने की सौगात देते हुए डीए 18 से 38 फीसदी करने की घोषणा की। शिक्षकों के 50 हजार और राज्य पुलिस के 20 हजार पदों को मिलाकर 70 हजार खाली पदों को भरने का ऐलान भी किया गया। बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि एक
सरकार 1 लाख से ज्यादा सरकारी पदों को भरेगी और इसमें महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।

मदरसों को मिलने वाला फंड घटाया

वहीं राज्य के बजट में अल्पसंख्यक कल्याण और मदरसा विभाग के लिए फंड 5,713 करोड़ रुपए से घटाकर 2,165.42 करोड़ रुपए कर दिया गया है। वित्त मंत्री ने बताया कि 4 लाख 30 हजार करोड़ रुपए के बजट में पूर्व सीएम ममता बनर्जी के समय शुरू हुई सभी सामाजिक कल्याण योजनाओं (जैसे- अन्नपूर्णा योजना और महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा) को जारी रखा जाएगा। वहीं, कोलकाता में एक नए एयरपोर्ट बनने की भी घोषणा की गई है।

वित्त मंत्री बोले, 8.15 लाख करोड़ रुपए का कर्ज छोड़ गई पिछली सरकार

वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार को पिछली सरकार से 8.15 लाख करोड़ रुपए का कर्ज का बोझ विरासत में मिला है। वित्तीय अनुशासन को बहाल करना और शासन में जनता का विश्वास जीतना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। उन्होंने आगे कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासनिक ढांचा तैयार करना हमारी सोच का मुख्य आधार है और हमें शासन व्यवस्था में लोगों का भरोसा वापस कायम करना होगा।

Advertisement

प्रदेश के सभी मदरसों में वंदे मातरम गाना अनिवार्य

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा विभाग के तहत आने वाले सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य कर दिया है। 19 मई को जारी आदेश के मुताबिक, यह नियम सरकारी मॉडल मदरसों, सरकारी सहायता प्राप्त और बिना सहायता प्राप्त मदरसों पर तुरंत लागू होगा। इससे पहले मदरसों में सुबह की प्रार्थना के दौरान राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और कवि गुलाम मुस्तफा की ‘अनंत असीम प्रेममय तुमी’ (बांग्ला गीत) गाया जाता था। अब सभी मदरसों को इस आदेश को लागू करने के बाद इसकी रिपोर्ट भी विभाग को सौंपनी होगी।

बंगाल में BJP सरकार के पहले बजट की बड़ी सौगातें

महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की वृद्धि करेगी।
बेरोजगारों के लिए भरोसा स्कीम, हर महीने 3000 रुपए भत्ता।
एक लाख भर्तियों का ऐलान, महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण।
विधायक निधि फंड को 70 लाख बढ़ाकर एक करोड़।
अगले दो साल तक सरकारी नौकरियों के लिए आयु सीमा में 5 साल की छूट।
कोलकाता के कल्याणी में एक और एयरपोर्ट, जमीन की तलाश जारी।
विधवा पेंशन में 500 रुपये का इजाफा, महिला थाने भी होंगे स्थापित।

पत्रकारों के लिए भी बड़ा ऐलान

बीजेपी सरकार ने राज्य परिवहन निगम के बस कंडक्टरों के पारिश्रमिक में वृद्धि का भी ऐलान किया है। वहीं, सेवानिवृत्त पत्रकारों को हर महीने 5,000 रुपये पेंशन देने की घोषणा ने भी ध्यान खींचा है। इन फैसलों से लाखों कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और पत्रकार समुदाय को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर राजकीय अवकाश

इसके साथ ही शराब के ठेके को लेकर भी एक बड़ी घोषणा की गई है। बंगाल में अब शराब के ठेके मंदिर, स्कूल-कॉलेज और अस्पतालों से कम से कम 1 किलोमीटर दूर ही खुलेंगे। साथ ही श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर हर साल 6 जुलाई राजकीय अवकाश रहेगा। 150वीं जयंती को मनाने के लिए 200 करोड़ रुपए का फंड आवंटित किए गए।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।