Loading...

39 सेकंड तक पटरी पर दौड़ी मौत, किसान की सूचना पर पहुंची पुलिस…मुरैना ट्रेन हादसे में 4 लोग की गई जान

Follow us

Share

Morena Train Accident : मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां हेतामपुर रेलवे स्टेशन के पास खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने की अफवाह फैल गई। इस अफवाह से मची चीख-पुकार और दहशत के बाद यात्रियों ने ट्रेन की इमरजेंसी चेन खींच दी और अपनी जान बचाने के लिए नीचे उतर गए। इसी दौरान बगल वाले मुख्य ट्रैक पर तेज रफ्तार से आ रही फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 4 यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है। ट्रेन की चपेट में आए मृतकों के शरीर के हिस्से करीब 500 मीटर तक बिखर गए। इनको पोस्टमॉर्टम के लिए पोटली में समेटना पड़ा। हादसे का वीडियो भी सामने आया है।

हादसे पर क्या बोले झांसी DRM

झांसी रेलवे डिवीजन के डीआरएम अनिरुद्ध कुमार हादसे में 4 मौतों की पुष्टि की है। साथ ही उन्होंने हादसे को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि घुमाव की वजह से ट्रैक पर मौजूद लोगों को शायद ट्रेन दिखाई नहीं दी। ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन उन पर चढ़ गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसे में राजस्थान के बीकानेर निवासी बिरमा देवी (60) पत्नी गिरधारी गिरी गोस्वामी, उत्तर प्रदेश के आगरा के रुनकता निवासी शकुंतला सिंह (60), पत्नी भूरी सिंह, आगरा के सुल्तानगंज निवासी आफरीन (35), पत्नी नदीम और असद (4), पुत्र नदीम खान की मौत हुई है। आफरीन और असद मां-बेटे थे।

Advertisement

रेलवे प्रबंधन के अनुसार, हादसा उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर हुआ। गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार करीब 4:15 बजे हेतमपुर और धौलपुर स्टेशन के बीच चेन पुलिंग के कारण बीच सेक्शन में रुक गई थी। मोबाइल ब्लास्ट और आग लगने की अफवाह से घबराए यात्री नीचे उतर गए। इसी दौरान 4 यात्री दूसरी ट्रेन पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।

आग की अफवाह के कारण हुआ खौफनाक हादसा

झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कहा- ट्रेन नंबर 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित रूट पर बढ़ रही थी। तभी अचानक जनरल कोच में किसी यात्री ने ट्रेन में मोबाइल फटने से आग लगने की अफवाह फैलाई, फिर चेन खींच दी। आग की बात सुनते ही पूरे डिब्बे में भगदड़ मच गई। खुद को बचाने के लिए यात्रियों ने अलार्म चेन पुलिंग कर दी, जिससे गाड़ी हेतामपुर के पास अचानक रुक गई। जैसे ही गाड़ी रुकी, घबराए हुए यात्री बिना सोचे-समझे दरवाजे और खिड़कियों के रास्ते नीचे पटरी पर कूद गए। वे सुरक्षित होने के लिए बगल वाले मुख्य ट्रैक पर जाकर खड़े हो गए। इसी बीच, दूसरी दिशा से आ रही ट्रेन संख्या 20424 पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजरी। पटरी पर खड़े यात्री जब तक संभल पाते, तेज रफ्तार ट्रेन उन्हें रौंदती हुई निकल गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।

39 सेकंड तक पटरी पर दौड़ी मौत

ट्रेन हादसे के 39 सेकेंड के वीडियो में 100 से ज्यादा लोग रेलवे ट्रैक पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। कई लोगों के हाथ और सिर पर सामान और पोटलियां भी नजर आ रही हैं। इसी दौरान दूसरी पटरी पर पातालकोट एक्सप्रेस आती दिखती है। ट्रेन का लोको पायलट लगातार हॉर्न बजाता है, लेकिन ट्रैक पर मौजूद लोग समय रहते नहीं हट पाते। इसके बाद लोको पायलट इमरजेंसी ब्रेक लगाता है। ट्रैक पर खड़े लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हैं। इतनी देर में तेज रफ्तार ट्रेन लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ जाती है, फिर कुछ दूरी पर जाकर रुक जाती है।

किसान की सूचना पर पहुंची पुलिस

वहीं इस हादसे को लेकर जंगल में लकड़ी लेने गए एक किसान ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। उस वक्त सराय छोला और सिविल लाइन थाने की पुलिस पास ही रेत के अवैध डंप पर कार्रवाई कर रही थी, जो तुरंत मौके पर पहुंच गई। टीम ने रेलवे अफसरों को जानकारी दी। राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में 4 लोगों की मौत हुई है। कई घायल यात्रियों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि 6 सदस्यीय कमेटी घटनास्थल का निरीक्षण कर अफसरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करेगी। इसकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतकों के परिजन को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।