Loading...

हिमाचल में आसमान से आई मौत! टैक्सी पर चट्टान गिरने से 13 लोग हुए शिकार, जमीन धंसने से टूटा पहाड़

Top News Trending Now देश राज्य

हिमाचल में आसमान से आई मौत! टैक्सी पर चट्टान गिरने से 13 लोग हुए शिकार, जमीन धंसने से टूटा पहाड़

Follow us

Share

लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। जनजातीय जिले लाहौल स्पीति में भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास हुआ। एक टैक्सी मुख्य सड़क पर कढ़ूनाला-राहौली के पास पहाड़ी से अचानक गिरी भारी चट्टान की चपेट में आ गई। जिसके चलते वाहन में सवार 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि पहाड़ी धंसने की वजह से चट्टान का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

सड़क खुलते ही रवाना हुए थे यात्री

जानकारी के अनुसार, उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। इसी वजह से टैक्सी में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई।

जो टैक्सी वाहन (HP-01M-2210) इस हादसे की चपेट में आया उसमें चालक सहित कुल 15 लोग सवार थे। वाहन को बीर सिंह चला रहे थे। कढ़ूनाला क्षेत्र में राहौली के पास पहुंचते ही पहाड़ी से अचानक एक बहुत बड़ी चट्टान नीचे सीधे वाहन के ऊपर आ गिरी। हादसा इतना भीषण था कि अधिकांश यात्रियों की मौत मौके पर ही हो गई। इस दौरान चट्टान गिरने से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दो घायलों को निकाला, बाकी की तलाश जारी

अब तक बचाव दल ने मलबे से दो लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाल लिया है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अन्य यात्रियों की तलाश जारी है और मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन ने फिलहाल घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही यात्रियों की संख्या और हताहतों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।

Advertisement

चंबा जिले के पांगी क्षेत्र के रहने वाले थे सभी

उधर लाहौल स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि वाहन में सवार 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं और उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने कहा कि हादसा चंबा जिले के पांगी और लाहौल स्पीति जिले के सीमावर्ती इलाके में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी मृतक चंबा जिले के पांगी क्षेत्र के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि जिला लाहौल की पुलिस चौकी तिंदी और उदयपुर थाना पुलिस मौके पर मौजूद है और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब प्रदेश में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। संवेदनशील इलाकों में यात्रा से पहले सड़क और मौसम की जानकारी लेने की भी सलाह दी गई है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।