Loading...

PM मोदी ने MCG से खेलों को लेकर दिया खास संदेश, ऑस्ट्रेलियाई टी-20 लीग का ओपनिंग मैच भारत में होगा

PM मोदी ने MCG से खेलों को लेकर दिया खास संदेश, ऑस्ट्रेलियाई टी-20 लीग का ओपनिंग मैच भारत में होगा

Follow us

Share

Australia BBL T20 League : ऑकलैंड। ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित टी20 क्रिकेट लीग बिग बैश लीग (BBL) पहली बार भारत में कदम रखने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने शुक्रवार को इस ऐतिहासिक पहल की घोषणा की। इसके तहत बिग बैश लीग के 16वें सीजन का उद्घाटन मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स आमने-सामने होंगे। यह पहली बार होगा, जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का मैच भारत में होगा। पीएम मोदी इंडोनेशिया और आस्ट्रेलिया दौरे के बाद न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए हैं। वे न्यूजीलैंड सरकार के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके बाद 40 हजार भारतीयों को संबोधित करेंगे।

BBL पहली बार ऑस्ट्रेलिया से बाहर होगा

यह मुकाबला कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। BBL के 15 साल के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब लीग का कोई मैच ऑस्ट्रेलिया के बाहर आयोजित होगा। यह आयोजन दिसंबर में भारत में होने वाले सप्ताहभर के ऑस्ट्रेलियाई सांस्कृतिक महोत्सव का भी प्रमुख आकर्षण रहेगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बाजार भारत में मुकाबला आयोजित करने से लीग की लोकप्रियता और दर्शकों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा।

चेन्नई में होगा सीजन का आगाज

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पुष्टि की है कि मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के 38 हजार दर्शकों की क्षमता वाले एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। मेलबर्न रेनेगेड्स इस मैच में मेजबान टीम होगी। स्थानीय समयानुसार मुकाबला दोपहर 2:40 बजे शुरू होगा (भारतीय समयानुसार सुबह 10-साढ़े 10 के आसपास)। भारत में इसका प्रसारण जियोस्टार पर किया जाएगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया में चैनल सेवन, 7प्लस, कायो स्पोर्ट्स और फॉक्स क्रिकेट पर इसका सीधा प्रसारण होगा।

पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया से न्यूजीलैंड के लिए रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 6 दिवसीय विदेश दौरे के आखिरी फेज में आज ऑस्ट्रेलिया से न्यूजीलैंड के लिए रवाना हुए। पीएम के दौरे की शुरुआत न्यूजीलैंड सरकार के साथ द्विपक्षीय बातचीत से शुरू होगी। इस दौरान दोनों देश फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) समझौते पर आगे की बातचीत करेंगे। इसके बाद पीएम एक बिजनेस इवेंट और स्पोर्टिंग इवेंट में शामिल होंगे। इसके बाद ऑकलैंड में 40 हजार भारतीयों को भी संबोधित करेंगे। पीएम के स्वागत के लिए भारतीय समुदाय ने ‘किया ओरा मोदी’ कार्यक्रम का आयोजन किया है।

Advertisement

पीएम मोदी बोले- 2036 ओलिंपिक पर भी फोकस

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की खेल महत्वाकांक्षाओं को दुनिया के सामने रखा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2036 ओलिंपिक की मेजबानी के लिए भी प्रयास कर रहा है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 2032 में ब्रिस्बेन ओलिंपिक की मेजबानी करेगा। ऐसे में दोनों देश बड़े खेल आयोजनों के लिए खेल बुनियादी ढांचे (स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर) के विकास में सहयोग बढ़ाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) का एक मैच भारत के चेन्नई में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि भारत में किसी भी स्पोर्ट्स लीग का आयोजन उसे करोड़ों दर्शकों तक पहुंच और बड़ी लोकप्रियता दिलाता है।

बीबीएल के लिए चेन्नई को क्यों चुना गया?

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, चेन्नई को बीसीसीआई और ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्य दूतावास की सहमति से चुना गया। शहर में क्रिकेट के प्रति जबरदस्त जुनून और आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के विशाल प्रशंसक आधार को देखते हुए इसे इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए सबसे उपयुक्त स्थान माना गया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि इस पहल से बिग बैश लीग को भारत में नई पहचान मिलेगी और भविष्य में दोनों देशों के बीच खेल सहयोग भी और मजबूत होगा।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।