Loading...

जैसलमेर में ऊंट से टकराई सेना की गाड़ी…मेजर की मौत; एक महीने पहले हुई थी शादी

जैसलमेर में ऊंट से टकराई सेना की गाड़ी…मेजर की मौत; एक महीने पहले हुई थी शादी

Follow us

Share

SUV Hits Camel In Jaisalmer : जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर में बड़ा हादसा हो गया। सेना की टाटा सफारी अनियंत्रित होकर सड़क पर आए ऊंट से टकरा गई। हादसे में भारतीय सेना के युवा अधिकारी की मौत हो गई। हादसा गुरुवार देर रात 12.30 बजे शहर से करीब 18 किलोमीटर दूर थईयात आर्मी एरिया में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन चार से पांच बार पलटते हुए करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया। इस दुर्घटना में मेजर हमजा आरिफ (26) की जान चली गई, जबकि उनके साथ मौजूद दो लेफ्टिनेंट गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तीनों घायलों को आर्मी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। जहां मेजर हमजा को मृत घोषित कर दिया गया। मध्य प्रदेश के रहने वाले मेजर की एक महीने पहले ही शादी हुई थी।

100 मीटर तक घिसटती हुई गई SUV

सदर थाना के एएसआई जगदीश चारण ने बताया कि मेजर हमजा आरिफ (26) और उनके साथ दो अन्य जवान ड्यूटी पूरी कर आर्मी स्टेशन लौट रहे थे। आर्मी स्टेशन के पास अचानक सामने आया ऊंट के कारण एक्सीडेंट हो गया। ऊंट से टकराने के बाद गाड़ी करीब पांच बार पलटी खाते हुए लगभग 100 मीटर तक घिसटती चली गई।

2 लेफ्टिनेंट गंभीर घायल

हादसे में सेना के 2 लेफ्टिनेंट भी गंभीर घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार घायल लेफ्टिनेंट आयुष्मान और अभिनव राठौड़ का थईयात के आर्मी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। मेजर हमजा आरिफ की बॉडी को राजकीय जवाहिर हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम करवाया गया। हादसे के बाद पुलिस और मिलिट्री पुलिस (आर्मी पुलिस) ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के सभी कारणों की जांच की जा रही है।

Advertisement

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।