Loading...

जयपुर में युवक की हत्या, बदमाशों ने घर से 1.5 किलोमीटर दूर मारा, नदी किनारे गाड़ गए शव

Follow us

Share

जयपुर। राजधानी जयपुर में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने युवक की हत्या करने के बाद उसके शव को नदी के किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया। हत्यारे लाश को पूरी तरह छुपाने की फिराक में थे। जल्दबाजी के चक्कर में युवक की बॉडी का कुछ हिस्सा मिट्टी से बाहर ही रह गया। रविवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पूरा मामला दिल्ली रोड स्थित चंदवाजी थाना इलाके का है।

युवक को पूरी रात ढूंढते रहे परिजन

जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि मृतक युवक की पहचान हरचन्दपुरा (चंदवाजी) के रहने वाले राकेश कुमार (28) पुत्र सुगलाराम जाट के रूप में हुई है। वह अविवाहित था। राकेश अपने परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था। रोज शाम को वह घर से बाहर जाता था, लेकिन समय से लौट आता था। रोजाना की तरह शनिवार देर शाम भी वह घर से निकला था। रात 8 बजे तक वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। भाई-बहनों और परिवार के लोगों ने रातभर उसे हर संभावित जगह पर ढूंढा, लेकिन राकेश का कहीं कोई सुराग नहीं लगा।

सुबह नदी के रास्ते गुजरते लोगों ने देखा शव

रविवार सुबह करीब 8 बजे स्थानीय ग्रामीण अपने काम के लिए घर से निकले। घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर कवरपुरा स्थित नदी किनारे ताजा मिट्‌टी खुदी जगह दिखी। लोग पास पहुंचे तो बॉडी का ऊपर का हिस्सा दिखाई दे रहा था। वहां जमीन पर काफी खून भी पड़ा हुआ था। मिट्टी में लाश दबी होने की आशंका से मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

शव को आधा हिस्सा दबाकर भाग गए हत्यारे

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, हत्यारों ने शनिवार रात को ही राकेश की नदी में हत्या की थी। सबूत मिटाने के लिए उन्होंने वहीं गड्ढा खोदा और लाश को दफन कर दिया। रात के अंधेरे और पकड़े जाने के डर के चलते वे जल्दबाजी में थे। इसी हड़बड़ाहट में शव का कुछ हिस्सा ठीक से दब नहीं पाया। मिट्टी की ऊपरी सतह पर पैंट नजर आने से पूरा राज खुल गया।

Advertisement

FSL टीम ने जुटाए सबूत, आरोपियों की तलाश जारी

वारदात की गंभीरता को देखते हुए चंदवाजी थाना पुलिस तुरंत टीम के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद दोपहर करीब 11 बजे मिट्टी हटाकर युवक के शव को बाहर निकाला। जयपुर से एफएसएल (FSL) की टीम आई थी। टीम ने बारीकी से सबूत और फिंगरप्रिंट्स लिए। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव निम्स हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस पुरानी रंजिश और आपसी विवाद सहित तमाम एंगल्स से मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।