Loading...

SMS अस्पताल के डॉक्टरों का कमाल, युवक का प्राइवेट पार्ट जोड़ा, गुस्से में ब्लेड से काटा था प्रेमिका ने

SMS अस्पताल के डॉक्टरों का कमाल, युवक का प्राइवेट पार्ट जोड़ा, गुस्से में ब्लेड से काटा था प्रेमिका ने

Follow us

Share

Jaipur SMS Hospital News In Hindi : जयपुर। राजस्थान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा कर 29 वर्षीय युवक को नई जिंदगी दी है। युवक का प्राइवेट पार्ट एक हमले में कट गया था, लेकिन डॉक्टरों ने समय पर ऑपरेशन कर उसे दोबारा जोड़ दिया। करीब 40 दिन के इलाज के बाद युवक अब पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य रूप से टॉयलेट कर पा रहा है। पुलिस जांच के अनुसार, यह मामला 31 मई का है। युवक का अपनी प्रेमिका से लंबे समय से संबंध था। इस बीच युवक ने बिना बताए दूसरी जगह शादी कर ली। इससे नाराज प्रेमिका ने उस पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे उसका प्राइवेट पार्ट गंभीर रूप से कट गया। घटना के तुरंत बाद युवक को गंभीर हालत में जयपुर के SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लाया गया। घटना के करीब चार घंटे के भीतर मरीज अस्पताल पहुंच गया, जो उसके इलाज के लिए सबसे अहम साबित हुआ।

डॉक्टरों ने स्टेप-बाय-स्टेप जोड़ा

मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए प्लास्टिक और रीकंस्ट्रक्टिव सर्जरी विभाग की टीम ने तुरंत ऑपरेशन का फैसला लिया और उसी रात इमरजेंसी सर्जरी की। यह जटिल ऑपरेशन विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार जैन के मार्गदर्शन में यूनिट हेड डॉ. संगीता ठाकुरानी की टीम ने किया। विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार जैन ने बताया कि सर्जरी के दौरान कटे हुए यूरिन पाइप (मूत्रमार्ग) और क्षतिग्रस्त टिश्यूज (ऊतकों) को बहुत ही बारीकी से, स्टेप-बाय-स्टेप जोड़ा गया। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों की टीम लगातार मरीज की निगरानी करती रही। इसी का नतीजा रहा कि अंग ने दोबारा काम करना शुरू कर दिया। करीब 40 दिनों के इलाज के बाद मरीज अब पूरी तरह ठीक है और सामान्य रूप से पेशाब करने में सक्षम है।

ऐसे अंगों को भी बचाया जा सकता है

विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार जैन ने बताया- ऐसी चोटों में समय सबसे कीमती होता है। अगर मरीज को सही समय पर (शुरुआती कुछ घंटों में) विशेषज्ञ डॉक्टरों के पास पहुँचा दिया जाए, तो कटे हुए अंगों को भी दोबारा जोड़कर बचाया जा सकता है, जिन्हें आमतौर पर लोग बेकार मान लेते हैं। उन्होंने आगे कहा- लोग सोचते हैं कि प्लास्टिक सर्जरी सिर्फ सुंदरता बढ़ाने (कॉस्मेटिक) के लिए होती है, लेकिन ऐसा नहीं है। गंभीर हादसों में अंग कटने, जलने, कैंसर के बाद शरीर के हिस्से को ठीक करने और जन्मजात कमियों को सुधारने में भी प्लास्टिक सर्जरी की बहुत बड़ी भूमिका होती है।

Advertisement

डॉक्टरों की अपील: समय बर्बाद न करें

यूनिट हेड डॉ. संगीता ठाकुरानी ने कहा- मामले में मरीज को सही समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे इलाज सफल रहा। अगर कभी कोई गंभीर हादसा हो, शरीर का कोई अंग कट जाए या गंभीर चोट लगे, तो बिल्कुल भी समय बर्बाद न करें। मरीज को तुरंत ऐसे बड़े अस्पताल ले जाएं जहाँ प्लास्टिक और रीकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की सुविधा उपलब्ध हो। SMS अस्पताल के डॉक्टरों की यह सफलता न केवल चिकित्सा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सही समय पर इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मिल जाए तो बेहद जटिल मामलों में भी मरीज को सामान्य जीवन वापस दिलाया जा सकता है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।