Loading...

गौतम अडानी फिर एशिया के सबसे अमीर, मुकेश अंबानी और सॉफ्टबैंक के CEO को पीछे छोड़ा, जानें एक दिन में कितनी संपत्ति बढ़ी

Follow us

Share

Gautam Adani Asias Richest Person : नई दिल्ली। अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। अडानी ग्रुप की कंपनियों के स्टॉक्स में आई तेजी से उनकी नेटवर्थ में बड़ा उछाल आया है, जिसके बाद उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और सॉफ्टबैंक के CEO मासायोशी सोन को पीछे छोड़ दिया। फोर्ब्स के अनुसार, अडानी की कुल नेटवर्थ बढ़कर 89.2 बिलियन डॉलर पहुंच गई है, जबकि मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 88 बिलियन डॉलर और मासायोशी सोन की 87 बिलियन डॉलर है। बता दें कि अप्रैल तक गौतम अडाणी एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन थे, लेकिन उनके शेयरों में गिरावट आने के कारण वह मई में पिछड़कर तीसरे नंबर पर आ गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक गौतम अडाणी के बाद दूसरे नंबर पर मुकेश अंबानी (8.43 लाख करोड़ रुपए) और तीसरे पर मसायोशी सन (87 अरब डॉलर) हैं।

अडानी ग्रुप के शेयरों में दिखी मजबूती

हाल के दिनों में अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में मजबूत तेजी देखने को मिली है। शुक्रवार को अडानी ग्रीन एनर्जी का शेयर करीब 7 फीसदी चढ़ गया, जबकि अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर में लगभग 4 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, अडानी एंटरप्राइजेज और अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) के शेयर करीब 2-2 फीसदी मजबूत हुए। इसके अलावा, अडानी पावर का शेयर भी 1 फीसदी से ज्यादा बढ़ा। साल 2026 में अब तक अडानी ग्रुप की अलग-अलग कंपनियों के शेयर 23 से 56 फीसदी तक उछल चुके हैं।

एक महीने में 10 बिलियन डॉलर बढ़ी नेटवर्थ

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से अडानी ग्रुप के खिलाफ धोखाधड़ी से जुड़े आरोपों को खारिज किए जाने के बाद गौतम अडानी की नेटवर्थ में करीब 10 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है। इससे पहले निवेशकों की चिंता उस समय बढ़ गई थी, जब अडानी ग्रुप पर सोलर एनर्जी सप्लाई कॉन्ट्रैक्ट्स से जुड़े 25 करोड़ डॉलर (250 मिलियन डॉलर) के कथित रिश्वतखोरी मामले में शामिल होने के आरोप लगे थे। इन आरोपों के बाद निवेशकों में अनिश्चितता बढ़ी थी।

हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद आई थी बड़ी गिरावट

इससे भी पहले, साल 2023 में अमेरिकी शॉर्ट-सेलर कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी ग्रुप पर शेयरों में हेरफेर और कॉर्पोरेट इतिहास की सबसे बड़ी धोखाधड़ी का आरोप लगाया था, जिससे शेयर औंधे मुंह गिर गए थे। हालांकि, पिछले साल नियामकों ने इन आरोपों को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि ये दावे साबित नहीं हो सके।

Advertisement

दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 23वें नंबर पर गौतम अडाणी

फोर्ब्स की रियल-टाइम बिलेनियर लिस्ट के अनुसार, गौतम अडाणी इस समय दुनिया के 23वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनके ठीक बाद मुकेश अंबानी और मसायोशी सन का नंबर आता है। शुक्रवार को गौतम अडाणी दुनिया में दूसरे सबसे ज्यादा कमाई करने वाले रईस रहे, जिनकी संपत्ति एक ही दिन में 23.74 हजार करोड़ रुपए बढ़ गई। इस लिस्ट में पहले नंबर पर दिग्गज निवेशक वारेन बफेट रहे, जिनकी नेटवर्थ में शुक्रवार को 28.49 हजार करोड़ रुपए का उछाल आया।

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं एलन मस्क

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट में एलन मस्क का दबदबा कायम है। उनकी टोटल नेटवर्थ 800 बिलियन डॉलर से ज्यादा बताई गई है। मस्क की संपत्ति दूसरे नंबर पर मौजूद गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज से दोगुनी से भी ज्यादा है। इस लिस्ट में लैरी पेज के बाद तीसरे स्थान पर ओरेकल के फाउंडर लैरी एलिसन का कब्जा है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।