Loading...

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान हंगामा, अभिजीत को थप्पड़ मारे, कई फोन चोरी, पुलिस ने भीड़ हटाई

Follow us

Share

जयपुर। राजधानी जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हो गया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को किसी अनजान व्यक्ति ने थप्पड़ मारे। इसके बाद पार्टी के समर्थकों ने थप्पड़ मारने वाले युवक को पकड़कर पीट दिया। अभिजीत दीपके नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने आए हैं। प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग शहीद स्मारक पर जुटे थे। इससे पहले यहां नारेबाजी करते समय युवक आपस में भिड़ गए। इस पर पुलिस ने एक युवक को कस्टडी में ले लिया। धरनास्थल से कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल चोरी हो गए। इसके बाद मंच से लोगों को अपने मोबाइल सुरक्षित रखने के लिए कहा गया।

इससे पहले प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके ने CJP नाम के पीछे का पूरा राज भी बताया। उन्होंने कहा कि सड़ा सिस्टम कॉकरोच पैदा करता है। उन्होंने बताया कि पार्टी के नाम की शुरुआत उस समय हुई, जब सुप्रीम कोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच’ शब्द चर्चा में आया। दीपके के अनुसार, उस टिप्पणी का आशय युवाओं को अपमानित और हतोत्साहित करना था। उन्होंने कहा कि वे पहले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर सक्रिय थे और उनके 20 हजार से अधिक फॉलोअर थे। इसी दौरान उन्होंने एक पोस्ट लिखी कि देश के जितने भी नाकारा, आलसी और बेकार समझे जाने वाले लोग हैं, वे मेरे साथ आएं, क्योंकि मैं कॉकरोच जनता पार्टी बनाने जा रहा हूं।

प्रदर्शन में अलग-अलग अंदाज में आए युवा

प्रदर्शन में युवा अपने ‘हाथों में मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है’, ‘पेपर लीक बंद करो’ नारे लिखे पोस्टर और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर पहुंचे हैं। कुछ महिलाएं छोटे-छोटे बच्चों को लेकर प्रदर्शन में आई हैं। प्रदर्शन में जुटे युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। इससे पहले पार्टी के वॉलंटियर्स ने शहीद स्मारक के गेट पर कॉकरोच का स्केच बनाया। साथ ही ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ का स्लोगन भी लिखा।

Advertisement

ये एक संगठन नहीं, छात्रों-अभिभावकों की लड़ाई है

सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया- यह केवल किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि देश के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की लड़ाई है। यह शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की लड़ाई है। बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्थाएं, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और युवाओं के साथ हो रहे अन्याय का विरोध है।

सीजेपी को इन शर्तों पर मिली प्रदर्शन की अनुमति

जयपुर पुलिस ने पहले कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। रविवार को जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी साउथ और पार्टी प्रतिनिधियों के बीच करीब 2 घंटे तक बैठक चली। पुलिस प्रशासन ने कुछ शर्तों के साथ प्रदर्शन की अनुमति दी थी। सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर निर्भया स्क्वॉड टीम, आरएसी और जयपुर पुलिस के जवान भी मौजूद हैं।

CJP कहां-कहां कर चुकी हैं प्रदर्शन

कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके और उनके समर्थक देश कई अलग-अलग शहरों में विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। प्रदर्शन की शुरुआत दिल्ली के जंतर-मंतर से हुई थी। इसके बाद पुणे, लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु, हैदराबाद में प्रदर्शन किया गया था।

CJI का बयान बना CJP के बनने की वजह

CJP का जन्म चीफ जस्टिस सूर्यकांत के युवाओं पर दिए एक बयान के बाद हुआ। दरअसल CJI सूर्यकांत ने 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान देश के बेरोजगार युवाओं को कॉकरोच कहा था। उन्होंने कहा- कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच जैसे होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करने लगते हैं। CJI और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने एक वकील की याचिका पर सुनवाई की, जिसमें उसने सीनियर एडवोकेट का दर्जा पाने की मांग की थी। बेंच ने वकील को फटकार लगाते हुए कहा- समाज में पहले से ही पैरासाइट (परजीवी) हैं, जो सिस्टम पर हमला करते हैं।

16 मई को हुई CJP पार्टी की शुरुआत

इसके बाद 16 मई को अमेरिका से अभिजीत दीपके ने कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत की। एक्स-इंस्टाग्राम पर अकाउंट बनाया। शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे के लिए 22 मई को वेबसाइट पर ऑनलाइन पिटीशन लगाई। इस पिटीशन में 8 लाख से ज्यादा लोगों ने साइन किया था।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।