Loading...

बिहार बंद के दौरान फायरिंग-पथराव: तेज प्रताप यादव हिरासत में; छपरा में पुलिस वैन जलाई, प्रदर्शन में 2 एसपी घायल

बिहार बंद के दौरान फायरिंग-पथराव: तेज प्रताप यादव हिरासत में; छपरा में पुलिस वैन जलाई, प्रदर्शन में 2 एसपी घायल

Follow us

Share

Bihar Band Protest : पटना। नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और पुलिस के लाठीचार्ज के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन देशभर में जारी है। शुक्रवार को बिहार बंद का ऐलान किया गया है। हालांकि, पटना से लेकर जहानाबाद तक पुलिस ने ‘बिहार बंद’ के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए हैं। फिर भी कई जगहों पर छात्रों का प्रदर्शन दिखा। पटना में भारी पुलिस फोर्स की तैनाती के बीच डाकबंगला चौराहे पर एक बार फिर लाठीचार्ज हुआ। वाटर कैनन के साथ पुलिस मुस्तैद दिखी। वहीं समस्तीपुर और सिवान में प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कर दीं। इस दौरान, जुलूस निकाला गया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस बीच भीड़ मे से कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर चला दिए। इससे शहर के दरबार रोड में अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया। दुकानें धड़ाधड़ बंद होने लगी। हालात को देखते हुए अतिरिक्ति पुलिस बल की तैनाती की गई।

बिहार बंद के दौरान हिरासत में लिए गए तेज प्रताप

बिहार बंद के समर्थन में सड़कों पर उतरे ‘जनशक्ति जनता दल’ के नेता तेज प्रताप यादव को पुलिस ने समर्थकों समेत हिरासत में ले लिया है। प्रदर्शन के दौरान तेज प्रताप केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस उन्हें स्थिति नियंत्रित करने के लिए हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए ले गई। हिरासत में लिए जाने के दौरान तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि सरकार छात्र हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि नीट (NEET) पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा दिया है और दोषियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

पुलिस वैन जलाई, सीवान और सीतामढ़ी SP पर हमला

बिहार बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य में कई जगहों पर पुलिस को निशाना बनाया, लेकिन सीतामढ़ी में एसपी अमित रंजन पर ही हमला कर दिया। प्रदर्शनकारियों के हमले में एसपी अमित रंजन को पैर में चोट लगी है। वहीं पटना और सीवान सहित 8 जिलों में छात्रों ने पुलिस पर पथराव किया। पथराव में सीवान में पथराव से SP घायल हो गए। सीवान एसपी पूरन झा के हाथ में चोट लगी है। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और करीब 10 राउंड फायरिंग की। छपरा में छात्रों ने पुलिस वैन में आग लगा दी।

भाजपा नेता की गाड़ी को चकनाचूर किया

वहीं सीतामढ़ी में बिहार बंद के दौरान छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। जिला प्रशासन की शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील के बावजूद छात्रों का आक्रोश मार्च शनिवार को अचानक हिंसक हो गया। उग्र भीड़ ने भाजपा के एक नेता की स्कॉर्पियो गाड़ी को निशाना बनाते हुए उसे पूरी तरह चकनाचूर कर दिया।

Advertisement

मधेपुरा में 17 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए

बिहार बंद का असर मधेपुरा में भी देखने को मिला। विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे और कॉलेज चौक पर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्र टीपी कॉलेज गेट से जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट घेराव के लिए बढ़ रहे थे, लेकिन कॉलेज चौक पर पहले से तैनात पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

छात्र संगठनों ने बुलाया बिहार बंद

बता दें कि बिहार में विभिन्न जिलों में हो रहे उम्र प्रदर्शन के बीच छात्र संगठनों ने बिहार बंद बुलाया है। लेफ्ट संगठनों ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (आरवाईए) ने बिहार बंद का आह्वान किया है। वामपंथी छात्र संगठनों के बिहार बंद का पहले वामदलों और फिर महागठबंधन की सभी पार्टियों ने समर्थन किया है। जिसके बाद प्रदेशभर में छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। वहीं बिहार बंद के आह्वान को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर बढ़ा दिया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब एक लाख पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है। एहतियात के तौर पर पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। वहीं, संभावित प्रदर्शन को देखते हुए पटना, औरंगाबाद समेत कई जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। मुजफ्फरपुर में इंटरनेट बंद है। बाकी जिलों में इंटरनेट और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।