Loading...

थूक-थूक कर एक्ट्रेस का चेहरा बिगाड़ा, पोस्टर के वायरल वीडियो ने छेड़ी नई बहस! बोली- शर्मनाक

थूक-थूक कर एक्ट्रेस का चेहरा बिगाड़ा, पोस्टर के वायरल वीडियो ने छेड़ी नई बहस! बोली- शर्मनाक

Follow us

Share

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है। वीडियो में एक टूथपेस्ट ब्रांड के विज्ञापन पोस्टर पर पान की पीक थूकी हुई दिखाई देती है। इस पोस्टर में अभिनेत्री, लेखिका और निर्देशक दिव्या उन्नी का चेहरा नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस हरकत की कड़ी आलोचना की। अब इस पूरे मामले पर खुद दिव्या उन्नी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।

पोस्टर पर पान थूकने का वीडियो वायरल होने के बाद एक्ट्रेस दिव्या उन्नी ने रिएक्ट किया है। दिव्या उन्नी ने इस घटना को केवल अपने व्यक्तिगत अपमान के रूप में नहीं देखा, बल्कि इसे महिलाओं के सम्मान और समाज की सोच से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनके चेहरे का नहीं, बल्कि हर महिला के सम्मान का सवाल है।

‘ये दिव्या उन्नी नहीं, किसी भी औरत का चेहरा हो सकता था’

दिव्या ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए बताया कि कई लोग उन्हें वायरल क्लिप भेज रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस दीवार पर उनका पोस्टर लगा था, उसी पर कई पुरुष नेताओं के पोस्टर भी लगे थे, लेकिन पान की पीक सिर्फ महिला के चेहरे पर थूकी गई। दिव्या ने कहा- वहां पोस्टर पर मैं दिव्या उन्नी नहीं हूं, वो सिर्फ एक औरत का चेहरा है। वो किसी भी महिला का चेहरा हो सकता था। मैं इसे व्यक्तिगत तौर पर नहीं लूंगी कि किसी ने दिव्या उन्नी के चेहरे पर थूका है। दिव्या ने माना कि ये घटना उन्हें परेशान जरूर कर गई, लेकिन उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं के साथ जो हिंसा और अपमान होता है, उसके सामने ये घटना बहुत छोटी है। उन्होंने कहा- ये बिल्कुल शर्मनाक है, लेकिन क्या ये कोई नई बात है? हमारे देश में ज्यादातर पुरुष महिलाओं का सम्मान नहीं करते। वो महिलाओं के नजरिए को समझना ही नहीं चाहते. कई लोग तो महिलाओं को इंसान तक नहीं समझते।

Advertisement

‘महिलाओं के सम्मान के लिए बनाऊंगी फिल्में’

दिव्या ने कहा कि वो इस मानसिकता के खिलाफ अपनी तरह से लड़ाई लड़ेंगी। उन्होंने बताया कि वो महिलाओं पर होने वाले अत्याचार, हिंसा और भेदभाव जैसे मुद्दों पर फिल्में बनाना चाहती हैं ताकि लोगों की सोच बदली जा सके। उन्होंने कहा- मैं कोशिश करूंगी कि इन मुद्दों पर फिल्में बनाऊं, ताकि लोगों का माइंडसेट बदले और महिलाओं को बराबरी का सम्मान मिले। दिव्या का मानना है कि समस्या सिर्फ कुछ लोगों की हरकत नहीं, बल्कि समाज की सोच और परवरिश में छिपी हुई है। उन्होंने कहा- जब तक हमारे देश के पुरुष ये नहीं समझेंगे कि उनकी सोच गलत है और जब तक हम अपने बेटों की परवरिश सही तरीके से नहीं करेंगे, तब तक ये समस्या खत्म नहीं होगी।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Divya Unny (@divyaunnyfilms)

‘ये घटना बड़ी नहीं, लेकिन…’

अपने बयान के आखिर में दिव्या ने सबसे भावुक बात कही। उन्होंने कहा कि पोस्टर के साथ हुई हरकत उनके लिए सबसे बड़ा मुद्दा नहीं है, लेकिन एक महिला होने के नाते उन्होंने खुद को पहले से ज्यादा असुरक्षित महसूस किया है। दिव्या ने कहा- मेरे पोस्टर के साथ जो हुआ, वो सबसे बड़ी बात नहीं है। लेकिन एक महिला के तौर पर मैंने खुद को पहले कभी इतना असुरक्षित महसूस नहीं किया। मैं अपनी तरह से इस सोच को बदलने की कोशिश करती रहूंगी।

सोशल मीडिया पर लोगों का मिला समर्थन

दिव्या उन्नी का बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग उनके समर्थन में उतर आए हैं। कई यूजर्स ने उनकी परिपक्व सोच की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को केवल अपने अपमान तक सीमित नहीं रखा, बल्कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जोड़कर देखा। वहीं कई लोगों ने पोस्टर पर इस तरह की हरकत करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के पोस्टर या तस्वीरों के साथ इस तरह का व्यवहार समाज में गलत संदेश देता है और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई जरूरी है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।