Loading...

जयपुर मे अपहरण की वारदात का 12 घंटे में किया पर्दाफाश

Jaipur

Follow us

Share

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। पुलिस थाना विधाधर नगर ने संगीन अपहरण की वारदात का 12 घंटे में खुलासा करते हुए अपहृत व्यक्ति को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त करवाया। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और एक नाबालिग लड़के को भी हिरासत मे लिया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर वाहन भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार थाना विधाधर नगर पर 3 जुलाई 2025 को परिवादी ने रिपोर्ट दी कि उसका भांजा, जो जयपुर में किराए पर रहकर एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करता है, का 2 जुलाई की रात 10.30 बजे के आसपास अपहरण कर लिया गया है। फोन पर अपहृत ने बताया कि आशीष, नितिन गजराज और उनके 5-6 साथियों ने सनमुन टावर के सामने से जबरदस्ती दो गाड़ियों में बैठाकर उसका अपहरण किया है, उसे इधर-उधर घुमाकर मारपीट की जा रही है और रुपयों की मांग की जा रही है। फिरौती के रूप में 2 लाख रुपये की मांग की गई और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस पर प्रकरण दर्ज कर थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। अपहृत के फोन की तकनीकी लोकेशन के आधार पर तलाश की गई, जिसकी लोकेशन जयपुर ग्रामीण के जंगल क्षेत्र में मिली। पुलिस टीम ने वहां जाकर अपहृत की तलाश की तो अपहरणकर्ता बोलेरो कैम्पर में बैठाकर गांवों से भागने लगे। करीब 30 किलोमीटर तक पीछा कर घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने 4-5 किलोमीटर तक दौड़कर पकड़ा। आरोपियों ने पीड़ित से रुपये ऐंठने के उद्देश्य से अपहरण किया। पीड़ित अपने दोस्त के साथ आरोपी पक्ष से बातचीत करने गया था, जहां दोस्त आशंका होने पर भाग गया और आरोपियों ने पीड़ित को जबरदस्ती उठा लिया। फोन पर परिजनों से 8 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई और धमकी दी गई कि रुपये नहीं देने पर जान से मार देंगे। तकनीकी सहायता और पुलिस टीम की सजगता से इस संगीन वारदात का 12 घंटे में खुलासा किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियो में विक्रम यादव पुत्र मालीराम यादव, निवासी जयपुर, सुरेश कुमार पुत्र रामेश्वर, जयपुर, मोनू जांगिड़ पुत्र सत्यनारायण जांगिड़, जयपुर एवं एक नाबालिग को भी हिरासत मे लिया गया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अपहृत की सकुशल दस्तयाबी में थानाधिकारी राकेश ख्यालिया के निर्देशन में अशोक कुमार, मनोज कुमार और महेश कुमार की उत्कृष्ट और विशेष भूमिका रही।

 

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।