Loading...

एक ई-मेल, तीन निशाने ! खालिस्तान नाम से भेजे गए E-Mail, महाराष्ट्र में मचा हड़कंप

Follow us

Share

मुंबई। महाराष्ट्र में बुधवार को तीन प्रमुख स्थानों को बम धमकी वाले ई-मेल से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि धमकी भरे ईमेल में मुंबई की मेयर, पुणे महापालिका, नागपुर की अहम जगहों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मिली जानकारी के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में आईईडी के इस्तेमाल का जिक्र है और कथित हमलों के लिए कुछ तारीखों और समय का भी जिक्र किया गया है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां छानबीन में जुटी हैं। ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी बताने वाले ग्रुप की ओर से भेजे गए थे। इसके बाद कई इमारतें खाली कराई गईं और सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, नागपुर की मेयर नीता ठाकरे को एक ईमेल मिला। इसमें दावा किया गया था कि महाल स्थित आरएसएस मुख्यालय और रेशीमबाग के डॉ. हेडगेवार स्मृति भवन में विस्फोटक लगाया गया है। सूचना मिलते ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) को मौके पर भेजा गया। पूरे परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों की जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

बीएमसी को मिले कई ईमेल

इसी बीच, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को भी कई ईमेल मिले। इनमें मुंबई के मेयर कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, BSE भवन और नगर निगम दफ्तरों में विस्फोट की धमकी दी गई थी। ये ईमेल निगम की कई आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, ईमेल में खालिस्तान का जिक्र किया गया था। इसमें कई संस्थानों और संगठनों के खिलाफ भड़काऊ व धमकी भरी बातें लिखी गई थीं। सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल की जांच शुरू कर दी है। समान कंटेंट वाले ईमेल में दावा किया गया था कि मुंबई के मेयर कार्यालय में आईईडी से लैस कार से धमाका किया जाएगा। इसके अलावा बीएसई भवन, सीएमओ और बीएमसी कार्यालयों को भी अलग-अलग समय पर निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।

पुणे में नगर निगम की इमारत खाली कराई गई

पुणे में नगर निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन और मेयर कार्यालय को भी बम धमाके की धमकी वाला ईमेल मिला। इसके बाद इमारत खाली कराई गई और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की तलाशी ली। पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, ईमेल में पुणे नगर निगम के मेयर कार्यालय में दोपहर 1.11 बजे, विधान भवन में 3.11 बजे और नागपुर स्थित RSS मुख्यालय में 3.11 बजे आईईडी विस्फोट की धमकी दी गई थी। हालांकि ये धमकी फर्जी निकली।

Advertisement

ईमेल में लिखी बदला लेने जैसी बातें

ईमेल में दावा किया गया कि आरएसएस ने 1984 के ऑपरेशन ब्लूस्टार और ऑपरेशन वुडरोज का समर्थन किया था। इसमें बदला लेने, बीजेपी और आरएसएस का अंत करने जैसी बातें भी लिखी गई थीं। इसके बाद पुणे नगर निगम परिसर में अगले आदेश तक आम लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई। मुंबई और पुणे के नागरिक मुख्यालयों व मेयर कार्यालयों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ईमेल भेजने वाले की पहचान और सोर्स का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताई और कहा कि सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।