Loading...

‘भाई ने मेरे पति को मार डाला, परिवार वाले देखते रहे…पति की हत्या को लेकर आकांक्षा ने बयां किया वो खौफनाक मंजर

Follow us

Share

सहारनपुर। मेरा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती का पेपर था। मैं अपने पति के साथ एग्जाम देने के लिए गई थी। एग्जाम सेंटर पर मेरे घर के सारे लोग पहुंचे थे। जब हम गाड़ी से वापस जा रहे थे, तभी रास्ते में मेरे भाई ने मेरे पति को गोली मार दी और मेरा पूरा परिवार देखता रहा। उत्तर प्रदेश में प्रेम विवाह से नाराज बहन के भाई और अन्य परिजनों ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। दिल दहला देने वाली वारदात में एक युवक ने अपने जीजा की हत्या कर दी। पति की मौत के बदहवास हुई पत्नी आकांक्षा ने रोते हुए मीडिया और पुलिस के सामने अपने मायके वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। जानकारी के अनुसार, शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र के निवासी शिव कुमार (24) अपनी पत्नी आकांक्षा को मंगलवार को सहारनपुर के रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने लाए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद जब दोनों स्कॉर्पियो गाड़ी से वापस लौट रहे थे, तभी परीक्षा केंद्र से कुछ ही दूरी पर हाईवे के पास घात लगाए बैठे हमलावरों ने गाड़ी की खिड़की से शिव कुमार के सिर में बिल्कुल सटाकर गोली मार दी। प्रेम विवाह से नाराज आकांक्षा के भाई और अन्य परिजनों ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया, जिससे अस्पताल में डॉक्टरों ने शिव कुमार को मृत घोषित कर दिया।

पत्नी आकांक्षा ने बयां किया खौफनाक मंजर

इस दर्दनाक हादसे के बाद पत्नी आकांक्षा ने रोते हुए अपने ही मायके वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। आकांक्षा ने बताया, “मैंने तीन-चार महीने पहले गांव के ही शिव कुमार से लव मैरिज की थी, तभी से मेरे घरवाले हमारी जान के दुश्मन बने हुए थे और हमें फोन पर प्रताड़ित कर रहे थे।” आकांक्षा ने रोते हुए कहा, ‘गोचर इंटर कॉलेज में मेरा पेपर था और वहां मेरे घर के सारे लोग पहुंचे थे. जब हम गाड़ी से वापस जा रहे थे, तो रास्ते में उन्होंने मेरे आदमी की खिड़की में सटाकर गोली मार दी. गोली मेरे भाई ने मारी, लेकिन वहां मेरी मम्मी बिमला, बहन, जीजा, मौसा और बाइक पर आए मामा करमवीर, धर्मवीर और परमजीत भी मौजूद थे. वे कह रहे थे कि अब ये बचने नहीं चाहिए और वे मुझे भी मारने की कोशिश कर रहे थे.” आकांक्षा ने सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

शादी के महज 4 महीने बाद उजड़ गया सुहाग

मृतक शिव कुमार के भाई शिवम कुमार ने भी आकांक्षा के परिवार पर इस हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि प्रेम विवाह के महज तीन-चार महीने बाद ही इस खौफनाक वारदात से हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह बिखर गया। पुलिस के आला अधिकारियों ने भारी बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी व्योम बिंदल ने घटनास्थल का मुआयना किया और बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।