Loading...

जिला कलक्टर ने राजकीय सामान्य चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण

सवाई माधोपुर

Follow us

Share

सवाई माधोपुर,(रॉयल पत्रिका)। जिला कलक्टर काना राम ने शनिवार को राजकीय सामान्य चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर चिकित्सा सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के दवा वितरण केन्द्र, आईसीयू वार्ड, मेडिकल वार्ड, सर्जिकल वार्ड, रामाश्रम वार्ड, एसएनसीयू, शिशु और बाल रोग ओपीडी, जनरल वार्ड सहित अन्य वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों से संवाद कर चिकित्सा सुविधाओं का फीडबैक लिया। साथ ही उन्होंने चिकित्सा स्टाफ की उपस्थिति भी जांची।
निरीक्षण के दौरान कलक्टर ने चिकित्सालय में पेयजल, बिजली, कूलर-पंखों की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए सभी वार्डों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, मरीजों की बेडशीट प्रतिदिन बदलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएमओ डॉ. तेजराम मीणा को सख्त निर्देश दिए कि चिकित्सालय में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो उन्हें गुणवत्तायुक्त चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाएं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर दवाएं और इलाज उपलब्ध कराया जाए तथा उपचार में कोई विलंब न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों की सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने टीबी रोग की प्रभावी रोकथाम के लिए सीबीएनएएटी नॉर्ड टेस्ट एवं चेस्ट एक्स-रे जांचों की संख्या में वृद्धि के निर्देश दिए तथा मरीजों की नियमित स्वास्थ्य मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत जिले को टीबी मुक्त बनाने हेतु युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।

ढांचागत सुधारों पर विशेष बल :- निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सीलन, क्षतिग्रस्त संरचनाओं, शौचालयों में टूटी टाईल्स और ड्रेनेज व्यवस्था की खराब स्थिति को देखते हुए कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता गोविंद सहाय मीणा को निर्देशित किया कि इन समस्याओं के शीघ्र और स्थायी समाधान के लिए तकनीकी कार्ययोजना तैयार कर मरम्मत कार्य प्रारंभ करें। इस पर अधिशाषी अभियंता ने बताया कि अस्पताल की मरम्मत व रखरखाव हेतु आरएमआरएस मद से 1.07 करोड़ रूपये सिविल कार्य एवं 46 लाख विद्युत कार्य सहित कुल 1.53 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है और कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को विस्तार देने की पहल :- कलक्टर ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मॉ) योजना के तहत आईपीडी व ओपीडी काउंटरों का संयुक्त संचालन शुरू करने के निर्देश दिए ताकि अधिकाधिक मरीजों को लाभांवित किया जा सके। हाल ही में स्थापित चार नए दवा वितरण केंद्रों के समक्ष टिन शेड व फाउंडेशन हेतु आवश्यक निर्देश सार्वजनिक निर्माण विभाग को दिए गए। उन्होंने अस्पताल परिसर, शौचालयों व अन्य सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। पीएमओं डॉ. तेजराम मीणा को प्रतिदिन निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान चिकित्सा विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।