Loading...

टेस्ट क्रिकेट में इतिहास: 5 शतक के बावजूद भारत हारा

india

Follow us

Share

इंग्लैंड का धमाकेदार रन चेज और सिराज से मैदान पर तकरार

(लीड्स भाषा), टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत पहली ऐसी टीम बनी जिसके प्लेयर्स ने 5 शतक लगाए इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में भारत को 5 विकेट से हरा दिया। लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड ने 371 रन का टारगेट 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मंगलवार को मैच के आखिरी दिन मोहम्मद सिराज की इंग्लिश ओपनर्स बेन डकेट और जैक क्रॉली से बहस हो गई। बेन डकेट ने भारत के खिलाफ चौथी पारी में हाईएस्ट स्कोर बनाया। जसप्रीत बुमराह से क्रॉली का कैच छूटा। हेडिंग्ले मैदान में 41 साल बाद चौथी पारी में किसी टीम की ओपनिंग साझेदारी 100 से ज्यादा की हुई। जैक क्रॉली और बेन डकेट ने मिलकर पहले विकेट के लिए 188 रन जोड़े। इससे पहले 1984 में वेस्टइंडीज के डेसमंड हेन्स और गॉर्डन ग्रीनिज ने 106 रन की साझेदारी की थी। 2010 के बाद पहली बार किसी इंग्लिश ओपनिंग बल्लेबाज ने चौथी इनिंग में सेंचुरी लगाई। बेन डकेट ने 149 रन की पारी खेली। 15 साल पहले एलिस्टेयर कुक ने बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में नाबाद 109 रन बनाए थे। हैरी ब्रूक टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहले ऐसे बल्लेबाज बने जो पहली पारी में 99 रन पर और दूसरी पारी में पहली ही गेंद पर (गोल्डन डक) आउट हुए।

इंग्लैंड ने हेडिंग्ले टेस्ट में अपना दूसरा सबसे बड़ा रन चेज किया। इससे पहले 2022 में भारत के खिलाफ में एजबेस्टन​ में​​​​​ 378 रन का पीछा किया था। यह भारत के खिलाफ इंग्लैंड का दूसरा सबसे बड़ा रन चेज हैं।

टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में इंडिया पहली टीम बनी है, जिसके प्लेयर्स ने एक ही मैच में पांच शतक लगाए लेकिन फिर भी मैच हार गई। इससे पहले ऐसा 1928-29 की एशेज सीरीज में हुआ था, जब ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न टेस्ट में चार शतक लगाए थे। उसी मैच में डॉन ब्रैडमैन ने अपना पहला टेस्ट शतक (112 रन) भी बनाया था, लेकिन फिर भी ऑस्ट्रेलिया को हार मिली थी।

  1. चौथी पारी में जैक क्रॉली और बेन डकेट के बीच 188 रन की ओपनिंग साझेदारी के रिकार्ड्स

सबसे पहले, यह चौथी पारी में भारत के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 1953 में वेस्टइंडीज के जेफ्रे रे और एवरटन स्टोलमेयर के नाम था, जिन्होंने 142 रन जोड़े थे। दूसरा, यह हेडिंग्ले मैदान पर चौथी पारी में किसी भी टीम की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। इस मैदान पर अंतिम पारी में ओपनिंग विकेट के लिए इससे पहले कभी इतने रन नहीं बने थे। तीसरा, यह साझेदारी इंग्लैंड के लिए चौथी पारी में अब तक की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है। इससे पहले केवल एक बार इंग्लैंड के ओपनर्स ने चौथी पारी में इससे ज्यादा रन जोड़े हैं। माइकल आथरटन और ग्राहम गूच ने 1991 एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 203 रन की ओपनिंग साझेदारी की थी।

  1. डकेट का भारत के खिलाफ चौथी पारी में हाईएस्ट स्कोर

भारत के खिलाफ चौथी पारी में रन चेज के दौरान हाईएस्ट इंडीविजुअल स्कोर बनाने का रिकॉर्ड बेन डकेट ने अपने नाम कर लिया। उन्होंने कल 149 रन की पारी खेली। उनसे पहले, जो रूट ने 2022 एजबेस्टन में नाबाद 142 रन बनाए थे। तीसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका के फाफ डु प्लेसिस हैं, जिन्होंने 2013 जोहान्सबर्ग में 134 रन बनाए थे।

  1. काली पट्‌टी बांधकर उतरे भारतीय खिलाड़ी

पूर्व क्रिकेटर दिलीप दोषी को श्रद्धांजलि देने के लिए भारत और इंग्लैंड की टीमें काली पट्टी पहनकर खेलीं। दिलीप दोषी का सोमवार को निधन हो गया था। उनकी याद में आज मैच के पांचवें दिन की शुरुआत से पहले मैदान पर एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

  1. बॉल चेंज पर जडेजा ने अंपायर को जीत का रिएक्शन दिखाया

भारतीय प्लेयर्स की लगातार बॉल चेंज करने की मांग को अंपायर 27वें ओवर में माना। अंपायर क्रिस गैफ्नी ने एक बार फिर गेंद की फिटनेस चेक की और पाया कि गेंद अब बॉल गेज टेस्ट (बॉल चेकर) को पास नहीं कर पा रही थी। इस बार गेंद रिंग में फिट नहीं बैठी यानी गेंद का आकार बिगड़ चुका था। इसके बाद अंपायर ने बॉल बदली। गेंद बदले जाने की मंजूरी पर रवींद्र जडेजा ने खुशी से अंपायर की तरफ जीत का रिएक्शन दिया और अंपायर क्रिस गैफ्नी ने ओर मुस्कुराते हुए इशारा किया। उन्होंने जडेजा की पीठ भी थपथपाई।

  1. बुमराह से क्रॉली का कैच छूटा

29वें ओवर की पांचवीं बॉल पर जसप्रीत बुमराह ने जैक क्रॉली को जीवनदान दिया। बुमराह की गेंद ऑफ स्टंप पर फुल लेंथ पर थी, क्रॉली ने सीधा ड्राइव खेला। गेंद तेजी से नीचे की ओर की गई। बुमराह बाईं ओर झुके और कैच लपकने की कोशिश की, लेकिन पूरी पकड़ नहीं बना पाए। क्रॉली इस समय 42 रन पर थे।

  1. एक तरफ मोहम्मद है, एक तरफ कृष्णा दोनों भगवान आ गए हैं:

गिल इंग्लैंड की दूसरी पारी में प्रसिद्ध कृष्णा की बॉल ने बेन डकेट को ऑफ स्टंप के बाहर बीट किया। गेंद बहुत करीब से निकली, लेकिन बल्ले का किनारा नहीं लगा। तभी कप्तान शुभमन गिल ने मजाकिया अंदाज में कहा, एक तरफ मोहम्मद है, एक तरफ कृष्णा… भगवान आ गए हैं।

  1. सिराज की इंग्लिश ओपनर्स से बहस हुई

लंच से ठीक पहले 30वें ओवर में मोहम्मद सिराज की इंग्लिश ओपनर्स जैक क्रॉली और बेन डकेट से बहस हो गई। सिराज ओवर की आखिरी बॉल फेंकने के लिए तैयार थे। स्ट्राइक एंड पर जैक क्रॉली को साइट स्क्रीन की वजह से दिक्कत हुई और वो आखिरी पल में बल्लेबाजी से हट गए। यहां सिराज गुस्से में क्रॉली को कुछ कहते हैं, जिसका जवाब बेन डकेट ने दिया। सिराज को लग रहा था कि ओपनर्स जानबूझकर समय बर्बाद कर रहे हैं, ताकि लंच से पहले अगला ओवर न हो सके।

  1. यशस्वी ने डकेट को 97 रन पर जीवनदान दिया

39वें ओवर की आखिरी बॉल पर बेन डकेट को जीवनदान मिला। बेन डकेट ने पुल शॉट खेला, लेकिन गेंद टॉप-एज होकर हवा में गई। मिडविकेट पर खड़े यशस्वी जायसवाल ने दौड़कर गेंद तक पहुंचे, डाइव लगाई, लेकिन कैच नहीं पकड़ सके।

  1. शार्दूल को लगातार दो बॉल पर विकेट, डकेट के बाद ब्रूक आउट

55वां ओवर डाल रहे शार्दूल ठाकुर ने लगातार दो बॉल पर दो विकेट झटके। उन्होंने ओवर की तीसरी बॉल पर बेन डकेट को सब्स्टिट्यूट नीतीश कुमार रेड्‌डी के हाथों कैच कराया। डकेट 149 रन बनाकर आउट हुए। ओवर की चौथी बॉल पर हैरी ब्रूक को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। ब्रूक खाता भी नहीं खोल सके। शार्दूल ने इस ओवर में महज 3 रन खर्च किए। वे हैट्रिक पर थे, लेकिन बेन स्टोक्स ने 3 रन लेकर अपना खाता खोल लिया।

  1. स्टोक्स के रिवर्स शॉट पर पंत से कैच छूटा

66वें ओवर की पहली बॉल पर विकेटकीपर ऋषभ पंत से बेन स्टोक्स का कैच छूट गया। स्टोक्स ने रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर नहीं, ग्लव्स से लगकर हवा में उछल गई। गेंद हवा में घूमती हुई ऋषभ पंत के सिर के ऊपर से निकल गई, लेकिन पंत को बॉल नहीं दिखी। लेग स्लिप पर खड़े केएल राहुल ने भी दौड़कर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वो समय पर नहीं पहुंच पाए। हालांकि, जडेजा ने स्टोक्स को आउट कर दिया। उन्होंने रिवर्स शॉट खेला, लेकिन बॉल को टाइम नहीं कर सके। बॉल शॉर्ट थर्ड मैन पर खड़े कप्तान शुभमन गिल के पास गई और उन्होंने आसान सा कैच कर लिया।

  1. जैमी स्मिथ ने सिक्स लगाकर मैच जिताया

जैमी स्मिथ ने 82वां ओवर डाल रहे रवींद्र जडेजा के एक ओवर से 18 रन बनाए। उन्होंने आखिरी बॉल पर छक्का लगाकर अपनी टीम को 5 विकेट से जीत दिलाई।

 

 

 

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।