मुख्यमंत्री का भरतपुर दौरा, जल संरक्षण का दिया संदेश
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गंगा दशहरा व विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भरतपुर पहुंचे। जहां उन्होंने गंगा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं को गंगाजल, तुलसी के पौधे और प्रसाद का वितरण किया। गंगा मंदिर के पश्चात उन्होंने बिहारी जी मंदिर में भी दर्शन किए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सुजान गंगा नहर पर पूर्ण विधि विधान से मंत्रोच्चार के साथ पूजा की एवं दीपदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान नहर के किनारे पर स्थित चौपाटी दीपों की रोशनी से जगमग हो गई। इससे पहले श्री शर्मा ने भरतपुर शहर के यातायात चौराहे पर स्थित महाराजा सूरजमल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। इस दौरान आमजन ने पुष्प वर्षा एवं माल्यार्पण कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने एम एस जे राजकीय कॉलेज परिसर में पौधारोपण भी किया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गंगा दशहरा और विश्व पर्यावरण दिवस के अनूठे संयोग पर प्रदेशभर में ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण-जन
अभियान की शुरूआत की गई है। इस अभियान के अंतर्गत 5 जून से 20 जून तक प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति में निहित पर्यावरण संरक्षण के पुनीत कार्यों का व्यापक रूप से आयोजन किया जाएगा। राजस्थान में इस अभियान के तहत जल संचयन और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक जगत सिंह, बहादुर सिंह कोली, नौक्षम चौधरी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारीगण व बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
