Loading...

मुख्यमंत्री की पहल पर 5 से 20 जून तक चलेगा ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण-जन अभियान

जयपुर

default-image

Follow us

Share

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारणवश राजस्थान के कई क्षेत्रों में जल की कमी की समस्या बनी रहती है। भूजल स्तर के तेजी से घटने के साथ ही जलवायु परिवर्तन ने इस समस्या को और जटिल बना दिया है। इस पानी की कमी को दूर करने के लिए जल संरक्षण अतिआवश्यक है, जिसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशभर में वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान की महत्वपूर्ण पहल की है। विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशहरा (5 जून) के शुभ संयोग पर शुरू होने जा रहे इस अभियान के अंतर्गत 20 जून तक विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेशभर में जल संरक्षण के व्यापक कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इन कार्यों के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण की महत्ता के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिससे यह अभियान जन आंदोलन बन सकेगा। इस अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश के 41 जिलों में मंत्रिगणों को नियोजित किया गया है।

9 जून को होगा अमृत सरोवर का शुभारंभ-

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार 9 जून को 11 साल पूरे कर रही है। इस दिन 9 जून को वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के अंतर्गत राज्य सरकार नवीन अमृत सरोवर का शुभारंभ करेगी। साथ ही, नए जल संग्रहण और जल संरक्षण संरचनाओं के कार्यों के शुभारंभ, गांवों के सभी जल स्रोतों की मैपिंग व साफ-सफाई तथा गांवों के मुख्य मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई आदि पर्यावरण सरंक्षण के कार्य भी किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई परियोजना 2.0 के अंतर्गत होगा नवीन परियोजनाओं का शुभारंभ-

अभियान के तहत 10 से 15 जून के मध्य मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.1 के अंतर्गत पूर्ण कार्यों का अवलोकन, मुख्यमंत्री जन स्वावलंबन अभियान 2.2 के अंतर्गत कार्यों की स्वीकृति और प्रारंभ करना तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई परियोजना 2.0 के अंतर्गत नवीन परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इसी प्रकार 575 जल संरक्षण संरचनाओं का अवलोकन और मनरेगा के तहत विभिन्न कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। साथ ही इन दिवसों में किसान चौपाल, डिग्गियों की साफ-सफाई, जल स्रोतों पर दीप प्रज्ज्वलन, प्लास्टिक कचरे का चिन्हित स्थलों पर निष्पादन और अमृत 2.0 के अंतर्गत कार्यादेश जारी करने के कार्य भी प्रस्तावित हैं।

रात्रि चौपाल में होगी जल संरक्षण पर चर्चा-

16 से 19 जून तक अभियान के अंतर्गत चारागाहों का चिन्हिकरण और पौधरोपण की तैयारी, राजीविका के ग्राम संगठन एवं सीएलएफ कार्यालयों में स्वच्छता अभियान के साथ ही मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के तहत चयनित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर रात्रि चौपाल आयोजित कर जल संग्रहण एवं संरक्षण पर चर्चा की जाएगी। साथ ही स्प्रिंकलर, ड्रिप, फार्म पॉण्ड, पाइपलाइन की स्वीकृति, अमृत 2.0 के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा साफ-सफाई कार्यक्रम एवं शहरी रोजगार योजना के अंतर्गत पौधरोपण की अग्रिम तैयारी आदि कार्य किए जाएंगे। 20 जून को अभियान के समापन पर वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के क्रियान्वयन में सहयोग करने वाले भामाशाह एवं संस्थाओं का सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं।

 

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।