हेरिटेज निगम में महापौर कुसुम यादव की अध्यक्षता में कार्य समिति की बैठक संपन्न
- बैठक में आए प्रस्ताव पर चर्चा के बाद सभी निगम चेयरमैन ने सर्व सम्मति से मेज थप थपा पर किए पास
- सामुदायिक केंद्रों पर शहरवासी रियायती दर पर कर सकेंगे आयोजन, ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे का नाम होगा संत दुर्बलनाथ महाराज चौराहा
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। नगर निगम हेरिटेज जयपुर मुख्यालय में शुक्रवार को निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक का आयोजन किया गया। हेरिटेज महापौर कुसुम यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आयुक्त अरुण हसीजा, अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव सहित नगर निगम के नव नियुक्त चेयरमैन और निगम अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान बैठक में निगम आयुक्त अरुण हसीजा ने सभी निगम चेयरमैन को राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 के तहत चेयरमैन के दायित्व और कार्य प्रभार की जानकारी दी गई। इसके अलावा बैठक में महापौर कुसुम यादव ने सभी चेयरमैन के साथ एजेंडों पर चर्चा की और सर्व सम्मति से उन्हें पास किया। महापौर कुसुम यादव ने बताया कि हेरिटेज निगम की बोर्ड मीटिंग में कई प्रस्ताव लिए गए थे। शुक्रवार को कार्य समिति की बैठक में उन प्रस्ताव के क्रियान्वय पर चर्चा की गई और समिति के चेयरमैन की सहमति से पास भी किया गया। जिसमें हेरिटेज निगम के सामुदायिक केंद्रों में शहरवासियों को रियायत दर पर आयोजन के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं समिति के सदस्यों और चेयरमैन की ओर से आए हुए प्रस्तावों पर चर्चा कर कुछ स्थानों के नामकरण का प्रस्ताव किया गया। जिसे आगामी बोर्ड मीटिंग में पारित कर आगे की कार्यवाही के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा। महापौर ने बताया कि हेरिटेज निगम में राज्य सरकार के समितियों का निर्माण किया है। इससे अब शहर के विकास में तेजी आएगी। सभी चेयरमैन शहर को साफ सुथरा रखने और विकास करने में अपना योगदान देंगे। निगम की प्रशासकीय टीम और निगम चेयरमैन मिलकर शहर को स्वच्छता और अन्य जनहित के कार्यों में अव्वल बनाएंगे। इस दौरान कुछ चेयरमैन ने शहर के विकास के लिए अपने सुझाव भी बैठक में रखे। जिसे महापौर कुसुम यादव ने आगामी बोर्ड बैठक में चर्चा के लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।
ये प्रस्ताव हुए पास
- मृतक आश्रित अनुकंपा नियुक्ति के कुल 21 मामले थे, जिनमें 20 प्रस्ताव पर चर्चा के बाद पारित किए गए।
- हेरिटेज निगम के ए श्रेणी के सामुदायिक केंद्र में विवाह आयोजन के एक दिन के लिए 10 हजार रुपए, सफाई शुल्क 2500 रुपए, जन्म दिवस और भजन कीर्तन के 3100 रुपए, तीये की बैठक के 1100 रुपए और ध्यान या योगाभ्यास के 500 रुपए प्रति घंटा लिए जाएंगे।
वहीं, बी श्रेणी के सामुदायिक केंद्रों पर विवाह के आयोजन के एक दिन के सात हजार रुपए, जन्म दिवस के 2100 रुपए, तीये की बैठक के 500 रुपए और ध्यान और योग शिविर के 350 रुपए लिए जाएंगे। वहीं, सी श्रेणी के सामुदायिक केंद्रों पर शहरवासी विवाह आयोजन के लिए पांच हजार रुपए, जन्म दिवस आयोजन के लिए 1100 रुपए और तीये की बैठक के 500 रुपए दर पर आयोजन कर सकेंगे।
- ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे का प्रस्तावित नाम संत श्री दुर्बल नाथ महाराज चौराहा
- सामुदायिक केंद्र, मंडी खटीकन का प्रस्तावित नाम संत श्री दुर्बल नाथ महाराज सामुदायिक केंद्र
- केशव विद्यापीठ चौराहा, जामडोली का प्रस्तावित नाम केशव विद्यापीठ सर्किल
- गोल चक्कर का प्रस्तावित नाम संत तेउराम सर्किल
- वानिकी पथ का नाम विधिक सेवा पथ
- लालसांड जी के रास्ते का नाम जयकारा मार्केट नामकरण पर सभी सदस्यों ने आपत्ति जताई, जिसे हटा दिया गया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
